Kriti Sanon ने करवाए एग फ्रीज, क्या है Egg Freezing और क्यों कराती हैं महिलाएं? FAQ से जानें हर सवाल का जवाब
35 साल की बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन ने खुलासा किया है कि उन्होंने कुछ साल पहले अपने एग्स फ्रीज करवाए थे. महिला के शरीर में ऐसे अंडे (एग्स) होते हैं, जिनकी मदद से प्रैग्नेंसी संभव होता है.
Kriti Sanon ने करवाए एग फ्रीज
बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन ने हाल ही में खुलासा किया कि उन्होंने कुछ साल पहले अपने एग्स फ्रीज करवाए थे. एक्ट्रेस ने बताया कि वह शादी या मां बनने का फैसला सिर्फ बढ़ती उम्र के दबाव में नहीं लेना चाहती थीं. कृति का मानना है कि हर महिला को अपनी जिंदगी के बड़े फैसले अपनी इच्छा और सही समय पर लेने का हक है. कृति के इस बयान के बाद एग फ्रीजिंग (Egg Freezing) को लेकर लोगों की दिलचस्पी भी बढ़ गई है.
एग फ्रीजिंग एक ऐसी मेडिकल प्रोसेस है, जिसमें महिला के अंडों को निकालकर भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जाता है. यह उन महिलाओं के लिए एक अच्छा आप्शन हो सकता है, जो किसी मेडिकल वजह, करियर, शादी में देरी या दूसरी निजी वजहों से अभी मां नहीं बनना चाहतीं. हालांकि, इसे कराने से पहले इसकी पूरी प्रक्रिया, फायदे, जोखिम और सीमाओं को समझना जरूरी है.
हर महिला के शरीर में अंडे (एग्स) बनते हैं, जिनकी मदद से वह मां बन सकती है. एग फ्रीजिंग में इन अंडों को निकालकर बहुत ठंडे तापमान में सुरक्षित रख दिया जाता है. बाद में जरूरत पड़ने पर इनका इस्तेमाल बच्चा पैदा करने के लिए किया जा सकता है.
कृति ने कहा कि वह शादी और बच्चे का फैसला अपनी मर्जी से करना चाहती थीं. वह सिर्फ इस डर से जल्दी शादी नहीं करना चाहती थीं कि उम्र निकल जाएगी. इसलिए उन्होंने अपने एग्स पहले ही सुरक्षित रखवा लिए.
यह तरीका उन महिलाओं के लिए मददगार हो सकता है जो अभी शादी नहीं करना चाहती हैं.नौकरी या करियर पर ध्यान देना चाहती हैं.कैंसर जैसी बीमारी का इलाज शुरू होने वाला है.ऐसी बीमारी है, जिससे आगे चलकर मां बनने में परेशानी हो सकती है.
पहले करीब 10 से 12 दिन तक दवाइयां और इंजेक्शन दिए जाते हैं, ताकि ज्यादा एग्स तैयार हो सकें. इसके बाद डॉक्टर हल्की बेहोशी में 15–20 मिनट की छोटी-सी प्रक्रिया करके एग्स निकाल लेते हैं. फिर उन्हें सुरक्षित तरीके से फ्रीज करके रख दिया जाता है.
एग्स निकालते समय महिला को बेहोश किया जाता है, इसलिए उस समय दर्द नहीं होता. लेकिन इंजेक्शन की वजह से कुछ दिनों तक पेट फूलना, भारीपन या हल्की परेशानी हो सकती है
कुछ महिलाओं को पेट फूलना, मूड जल्दी-जल्दी बदलना, थकान महसूस होना, शरीर भारी लगना जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. हालांकि ये परेशानी हर महिला को नहीं होती.
डॉक्टरों का कहना है कि कम उम्र में एग्स ज्यादा अच्छे होते हैं. इसलिए 20 से 30 साल की उम्र के बीच एग फ्रीजिंग कराने पर आगे चलकर अच्छे नतीजे मिलने की संभावना ज्यादा रहती है.
एग फ्रीजिंग सिर्फ भविष्य के लिए एक मौका सुरक्षित रखती है. इससे यह तय नहीं होता कि बाद में जरूर बच्चा होगा.
अगर बाद में महिला बिना किसी इलाज के मां बन जाती है या एग्स का इस्तेमाल नहीं करना चाहती, तो ऐसा करना जरूरी नहीं है.
इसका फैसला जल्दबाजी में नहीं लेना चाहिए. पहले महिला रोग विशेषज्ञ या फर्टिलिटी डॉक्टर से सलाह लें. अपनी सेहत, उम्र, खर्च और जरूरत को समझने के बाद ही फैसला करें.




