शरीर में थकान को न करें नजरअंदाज, ये हो सकते हैं खतरे
शरीर में दर्द होने को अक्सर थकान या तवान का कारण मानकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। हालांकि, इसे लेकर लापरवाही आपको भारी पड़ सकती है।

शरीर में दर्द होने को अक्सर थकान या तवान का कारण मानकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। हालांकि, इसे लेकर लापरवाही आपको भारी पड़ सकती है। अगर आपको अपनी हाथ, पैरों में दर्द होता रहता है, तो हो सकता है कि आपकी मांसपेशियों को पर्याप्त खून न मिल रहा हो। इस स्थिति को क्लॉडिकेशन कहते हैं। इसके अलावा शरीर में दर्द के और भी कई कारण हो सकते हैं।
हाथ-पैरों या शरीर के किसी भी हिस्से में दर्द की शिकायत होना सामान्य है। कुछ दवाओं और घरेलू तरीकों से इनमें लाभ भी पाया जा सकता है। हालांकि अगर आपको अक्सर दर्द की समस्या बनी रहती है, खासकर हाथ-पैर या दोनों में तो इसे लेकर सावधान हो जाना चाहिए। कुछ स्थितियों में अक्सर बने रहने वाले दर्द को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत भी माना जा सकता है।
ब्लड फ्लो में दिक्कत
यदि आपके शरीर में खून के संचार से संबंधित समस्याएं हैं तो इसके कारण भी आपको अपने हाथों-पैरों में अक्सर दर्द हो सकता है। मांसपेशियों को पर्याप्त खून न मिलने से उनकी क्षमता और लचीलेपन में कमी आने लगती है। मांसपेशियों में रक्त ले जाने वाली नसों में रुकावट की स्थिति कई और भी समस्याओं का कारण बन सकती है, इसलिए समय रहते इसपर ध्यान देना जरूरी है।
क्लॉडिकेशन
क्लॉडिकेशन की समस्या आपकी जांघ, पिंडली या नितंबों में होने वाला दर्द का कारण बन सकती है। कई बार तो इसके कारण होने वाला दर्द इतना खतरनाक हो सकता है कि आपके लिए चलना फिरना मुश्किल हो जाता है। क्लॉडिकेशन को उन स्वास्थ्य स्थितियों से संबंधित माना जाता है जो दिल के दौरे या स्ट्रोक के जोखिम को भी बढ़ा देती हैं।
थॉयरॉयड की समस्या
थायरॉयड ग्रंथि की समस्या खासकर, हाइपोथायरायडिज्म के शिकार लोगों को भी अक्सर दर्द होते रहने की समस्या बनी रहती है। हाइपोथायरायडिज्म की स्थिति में आपकी थायरॉयड ग्रंथि कुछ प्रमुख हार्मोन्स पर्याप्त मात्रा में नहीं बना पाती है। इससे मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द के साथ सूजन की दिक्कत बढ़ सकती है। कुछ लोगों में ये याददाश्त की समस्याओं, बालों के पतले होने, त्वचा के रूखेपन, हाई कोलेस्ट्रॉल, हृदय गति में कमी जैसे लक्षण भी पैदा कर सकती है।