बिना फ्रिज के नहीं फटेगा दूध, बस आजमाएं दादी-नानी का 100 साल पुराना ये 1 देसी तरीका
गर्मियों में दूध जल्दी फट जाना एक आम समस्या है, खासकर जब फ्रिज काम न करे या बिजली चली जाए. ऐसे में आप दूध को बार-बार उबालकर फ्रेश रख सकते हैं. साथ ही, स्टील के बर्तन में रखने से भी फायदा होगा.
100 साल पुराने गर्मी में दूध को फटने से बचाने की ट्रिक
दूध गर्मियों में सबसे जल्दी खराब होने वाली चीजों में से एक है. आज लोग इसे फ्रिज में रखकर बचाते हैं, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब घरों में रेफ्रिजरेटर नहीं होते थे. फिर भी दादी-नानी के जमाने में दूध घंटों तक ताजा बना रहता था. इसके पीछे छिपा था एक बेहद आसान और असरदार देसी तरीका, जिसे लोग रोजाना अपनाते थे.
यह पुराना तरीका सिर्फ घरेलू जुगाड़ नहीं, बल्कि पूरी तरह साइंस पर आधारित था. बार-बार दूध उबालना, सही बर्तन में रखना और कुछ छोटी आदतें दूध को गर्मी में फटने से बचाता था. आज भी बिजली कटने या फ्रिज खराब होने पर यह देसी ट्रिक बेहद काम आती है.
बिना फ्रिज दूध को फटने से कैसे बचाएं?
पुराने समय में घर में दूध आते ही उसे अच्छी तरह उबाला जाता था. इससे दूध में मौजूद बैक्टीरिया काफी हद तक खत्म हो जाते थे. लेकिन असली ट्रिक सिर्फ एक बार उबालना नहीं थी. गर्मी के दिनों में हर 8 से 10 घंटे के बाद दूध को दोबारा उबाला जाता था. कई घरों में तो दिन में तीन बार तक दूध गर्म किया जाता था. ऐसा करने से बैक्टीरिया दोबारा तेजी से नहीं बढ़ पाते थे और दूध ज्यादा समय तक खराब नहीं होता था.
किन बर्तनों में रखें दूध?
पुराने घरों में दूध अक्सर मिट्टी के घड़ों या स्टील के बर्तनों में रखा जाता था. मिट्टी के बर्तन की सतह से हल्का-हल्का पानी बाहर निकलता था, जिससे प्राकृतिक ठंडक पैदा होती थी. यही कारण था कि उसमें रखा दूध आसपास के तापमान से थोड़ा ठंडा बना रहता था. कई लोग बर्तन को पानी से भरी थाली में रख देते थे, ताकि गर्मी का असर कम हो सके.
बार-बार दूध उबालने का फायदा
बार-बार उबालने से दूध पर मोटी मलाई जमती थी. लोग इस मलाई को कई दिनों तक जमा करके उससे मक्खन और देसी घी बनाते थे. आज भी बिजली जाने या फ्रिज खराब होने पर यही पुराना तरीका सबसे ज्यादा काम आता है.




