Begin typing your search...

जिस महिला की हत्या के आरोप में 2.5 साल जेल में रहा शख्स, वो निकली जिंदा, हैरान करने वाला है पूरा मामला, पुलिस के सामने कबूला था जुर्म

कर्नाटक में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जिस महिला की हत्या के आरोप में एक शख्स ढाई साल जेल में रहा, वह अचानक जिंदा मिल गई. अब महिला के मिलने के बाद पुलिस की पुरानी जांच पर सवाल उठ रहे हैं. आखिर पुलिस ने बिना सच्चाई जाने उसे हत्यारा कैसे बना दिया?

जिस महिला की हत्या के आरोप में 2.5 साल जेल में रहा शख्स, वो निकली जिंदा, हैरान करने वाला है पूरा मामला, पुलिस के सामने कबूला था जुर्म
X

हत्या के आरोप में ढाई साल जेल में रहा शख्स 

( Image Source:  @chatgpt )

कर्नाटक में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस महिला की हत्या के आरोप में एक शख्स करीब ढाई साल जेल में रहा, वह महिला जिंदा मिल गई. पुलिस ने दावा किया था कि उसकी हत्या कर शव नहर में फेंक दिया गया है, लेकिन अब पूरी कहानी ही बदल गई है.

महिला के जिंदा मिलने के बाद पुलिस ने पुराने मामले की दोबारा जांच शुरू कर दी है. सवाल उठ रहे हैं कि आखिर पुलिस ने बिना शव मिले एक व्यक्ति को हत्यारा कैसे मान लिया? क्या उससे मारपीट कर जुर्म कबूल करवाया गया था?

कैसे गुमशुदगी हत्या में बदल गई ?

यह मामला जून 2019 का है. मांड्या जिले के पांडवपुरा इलाके की रहने वाली 38 साल की मंजुला अचानक लापता हो गई थीं. उनके पति ने 3 जुलाई को पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मंजुला ने आखिरी बार राजेश नाम के व्यक्ति के मोबाइल से फोन किया था. राजेश की उम्र 42 साल है और वह रागिमुद्दनहल्ली गांव का रहने वाला है. इसके करीब दो साल बाद अगस्त 2021 में दो लोग पुलिस के पास पहुंचे. उन्होंने दावा किया कि राजेश ने मंजुला की हत्या करने की बात उन्हें बताई है. इसके बाद पुलिस ने राजेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

क्या राजेश ने जुर्म कबूल किया था?

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राजेश ने की बात कबूल की थी. उसने बताया था कि उसने मंजुला की हत्या कर शव विश्वेश्वरैया नहर में फेंक दिया. पुलिस का दावा था कि मंजुला के साथ संबंध होने के कारण वह किसी दूसरी महिला से शादी नहीं कर पा रहा था. हालांकि, राजेश शुरू से ही खुद को निर्दोष बताता रहा. उसका आरोप था कि पुलिस ने उसे पीटा, बिजली के झटके दिए और परिवार को गिरफ्तार करने की धमकी दी. डर के कारण उसने हत्या की बात मान ली थी. वह दिसंबर 2024 में जमानत पर जेल से बाहर आया.

जिंदा मिली मंजुला, अब पुलिस अधिकारी की जांच

11 नवंबर को राजेश ने पुलिस को बताया कि मंजुला जिंदा है और नागमंगला में एक दूसरे व्यक्ति के साथ रह रही है. पुलिस ने महिला को ढूंढ निकाला. मंजुला ने बताया कि वह अपनी मर्जी के खिलाफ तय की गई शादी से बचने के लिए घर छोड़कर चली गई थी. बाद में उसने दूसरी शादी कर ली और वहीं रहने लगी. उसने राजेश को पहचानने से भी इनकार किया. मांड्या की पुलिस अधीक्षक वी. जे. शोभा रानी ने मामले की जांच श्रीरंगपट्टन के डीएसपी को सौंप दी है. जांच रिपोर्ट आने के बाद पुराने मामले के जांच अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई पर फैसला होगा. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर मंजुला जिंदा थी, तो पुलिस ने राजेश को हत्या के आरोप में कैसे गिरफ्तार किया और उससे कबूलनामा कैसे लिया.

अगला लेख