J&K: 20 साल से कर रहा था इंतजार, शादी में मिला मौका और चला दी गोली, Farooq Abdullah पर हमला करने वाला Kamal Singh Jamwal कौन?
Farooq Abdullah Attack Update: जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर जानलेवा हमला हुआ. एक व्यक्ति ने लाइसेंसी पिस्तौल से उन पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उसे तुरंत काबू कर लिया और बड़ा हादसा टल गया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले 20 साल से फारूक अब्दुल्ला की हत्या की योजना बना रहा था.
Farooq Abdullah Attack Update: नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला बुधवार रात जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान हुए जानलेवा हमले से चमत्कारिक रूप से बच गए. उस समय जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी उनके साथ मौजूद थे.
यह घटना उस समय हुई जब फारूक अब्दुल्ला जम्मू के ग्रेटर कैलाश स्थित रॉयल पार्क में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी. पुलिस ने आरोपी कमल सिंह को हिरासत में ले लिया है.
पुलिस की पूछताछ में कमल ने क्या बताया?
पुलिस पूछताछ के दौरान कमल सिंह ने दावा किया कि वह पिछले दो दशकों से फारूक अब्दुल्ला की हत्या करने की योजना बना रहा था. सूत्रों के अनुसार, उसने बताया कि वह लंबे समय से मौका तलाश रहा था. 63 वर्षीय जम्मू निवासी कमल सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख पर हमला किया. उसने पुलिस से कहा, “मैं पिछले 20 साल से फारूक अब्दुल्ला को मारना चाहता था. यह मेरा निजी एजेंडा था. यह हथियार मेरा अपना है और मुझे जारी किया गया है.”
सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि उसे उस दिन हमला करने का मौका मिला, लेकिन फारूक अब्दुल्ला की किस्मत अच्छी रही और वे बच गए. उसने कहा, “आज मुझे मौका मिला, लेकिन वह भाग्यशाली रहे कि बच गए.”
कैसे बचे फारूक अब्दुल्लाह?
बताया जा रहा है कि हमले के समय आरोपी नशे में था. जैसे ही उसने गोली चलाने की कोशिश की, सुरक्षा गार्डों ने उसे पकड़ लिया और काबू में कर लिया. इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया.
घटना के समय जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी फारूक अब्दुल्ला के साथ मौजूद थे. अधिकारियों के अनुसार फारूक अब्दुल्ला और सुरिंदर चौधरी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता बीएस चौहान की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए वहां पहुंचे थे. दोनों नेता एक घंटे से अधिक समय तक समारोह स्थल पर मौजूद रहे थे.
क्या बोले बेटे उमर अब्दुल्लाह?
इस घटना पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला के बेटे उमर अब्दुल्ला ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इस घटना पर चिंता जताई और अल्लाह का शुक्रिया अदा किया कि उनके पिता की जान बच गई.
उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अल्लाह मेहरबान है और उनके पिता बाल-बाल बच गए. उन्होंने कहा कि अभी इस घटना के बारे में पूरी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इतना पता चला है कि एक व्यक्ति लोडेड पिस्तौल लेकर उनके पिता के बेहद करीब तक पहुंच गया और गोली चला दी.
उमर अब्दुल्लाह ने क्या सवाल उठाया?
उन्होंने यह भी कहा कि केवल नजदीकी सुरक्षा टीम की वजह से गोली का रुख बदल गया और हत्या की कोशिश नाकाम हो गई. उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं. इनमें सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक ऐसा व्यक्ति, जिसके पास लोडेड पिस्तौल थी, वह ज़ेड प्लस और एनएसजी सुरक्षा वाले पूर्व मुख्यमंत्री के इतना करीब कैसे पहुंच गया.
कौन है फारूक अब्दुल्लाह पर हमला करने वाला कमल सिंह जमवाल?
कमल सिंह जमवाल की उम्र 61 साल बताई जा रही है. वह जम्मू के पुराने शहर का रहने वाला है. उसका जन्म वर्ष 1963 में हुआ था. जम्मू के ओल्ड सिटी इलाके में उसकी कई दुकानें हैं. इन दुकानों से मिलने वाले किराए से वह अपना जीवन यापन करता है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक लाइसेंसी पिस्तौल बरामद की है. इसी पिस्तौल से उसने फारूक अब्दुल्ला पर हमला किया था.




