दिल्ली में छाएंगे बादल, यूपी-बिहार समेत 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट; गुजरात में हीटवेव का असर
भारत के कई राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और गुजरात में भीषण लू का अलर्ट जारी है. हालांकि 14 मार्च से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ यूपी-बिहार समेत 12 राज्यों में बारिश और तापमान में गिरावट ला सकता है.
देश भर में इन दिनों मौसम का मिजाज काफी बदल रहा है. ज्यादातर राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों को गर्मी का साफ एहसास हो रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया हुआ है, खासकर जहां भीषण गर्मी पड़ रही है.
IMD के अनुसार, गुजरात में 11 से 13 मार्च तक भीषण उष्ण लहर (severe heat wave) की स्थिति बनी रह सकती है. कई इलाकों में तापमान काफी ऊंचा पहुंच रहा है, और लू का प्रकोप देखा जा रहा है. हालांकि, 14 मार्च के बाद इसमें कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है. इस विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव आ सकता है, जिसमें बारिश और तापमान में गिरावट शामिल है.
पश्चिमी विक्षोभ से 12 राज्यों में बारिश की संभावना
यह नया पश्चिमी विक्षोभ 14 मार्च से सक्रिय हो सकता है. जिसके चलते उत्तर-पश्चिम और आसपास के कई राज्यों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है. यूपी, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय सहित कुल 12 राज्यों में झमाझम बारिश हो सकती है. गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जो गर्मी से राहत दिला सकती है.
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अनुमान
पूर्वोत्तर के राज्यों में भी मौसम काफी सक्रिय रहेगा. अरुणाचल प्रदेश में 12 से 14 मार्च के बीच कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं असम और मेघालय में 13 से 15 मार्च तक कुछ स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की जा सकती है. यह बारिश इन इलाकों में मौजूदा गर्मी और उमस को कम करने में मददगार साबित हो सकती है.
पहाड़ी राज्यों में गरज-चमक
पहाड़ी इलाकों में भी मौसम करवट बदल रहा है. हिमाचल प्रदेश में 11 और 12 मार्च को कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और ओलावृष्टि (hailstorm) हो सकती है. जम्मू-कश्मीर में 11 मार्च को कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं. इन मौसमी गतिविधियों से पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडक बढ़ सकती है.
पिछले 24 घंटों का अपडेट
पिछले एक दिन में सौराष्ट्र और कच्छ के कई हिस्सों में साथ ही गुजरात के कुछ अन्य इलाकों में उष्ण लहर से लेकर भीषण उष्ण लहर की स्थिति बनी रही. विदर्भ के कुछ क्षेत्रों में भी लू का असर काफी तेज रहा, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई.
दिल्ली में आज का मौसम
राजधानी दिल्ली में आज और कल मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा. आसमान में बादल नहीं छाएंगे, और धूप खिली रहेगी. IMD के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से काफी ज्यादा है. शाम के समय 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जो थोड़ी राहत दे सकती हैं. 14 मार्च से बादल छाने शुरू हो सकते हैं, और उसके बाद मौसम में बदलाव की संभावना बढ़ जाएगी.
उत्तर प्रदेश में आज का मौसम
उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रभाव साफ नजर आ रहा है. राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो गई थी. तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है, और दिन में तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 15-16 मार्च के आसपास कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे गर्मी में कमी आएगी.
बिहार में आज का मौसम
बिहार में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे गर्मी ने लोगों को खासी परेशान किया हुआ है. दिन का पारा काफी ऊंचा जा रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के बाद तापमान में गिरावट आ सकती है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 से 16 मार्च के बीच राज्य में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जो लोगों को गर्मी से राहत प्रदान करेगी.




