रसोई से बैलेट तक : क्या है ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना? TMC के लिए क्यों है सत्ता में वापसी की सबसे बड़ी कड़ी?
Lakshmi Bhandar Yojana क्या है, किन महिलाओं को मिलता है लाभ और क्यों यह TMC के लिए 2026 चुनाव में सत्ता वापसी की सबसे बड़ी कड़ी मानी जा रही है. पूरा विश्लेषण पढ़ें.
पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस बार सबसे ज्यादा चर्चा किसी बड़े चेहरे या गठबंधन की नहीं, बल्कि एक सरकारी योजना की है. उस योजना का नाम है 'लक्ष्मी भंडार' योजना. Mamata Banerjee सरकार की ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना ने लाखों नहीं, करोड़ों महिलाओं के जीवन को सीधे प्रभावित किया है. खासकर यह योजना कम आय वाले घर की महिलाओं के लिए काफी मददगार साबित हुई है. यही वजह है कि 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले बंगाल में यह सवाल सबसे अहम बन गया है.
महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री लाड़की बहिण योजना, बिहार में मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और एमपी सरकार की लाड़ली बहन योजना की तरह है. बीजेपी को अपने मुख्यमंत्री वाले कई राज्यों में सत्ता में वापसी का आधार बना है. यही वजह है कि बंगाल में भी यह चर्चा है कि क्या रसोई का बजट ही बैलेट बॉक्स का फैसला करेगा? क्या यह योजना दीदी की सत्ता में वापसी की सबसे मजबूत गारंटी है?
क्या है लक्ष्मी भंडार योजना?
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) सरकार की ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना 2021 के बाद शुरू की गई एक डायरेक्ट कैश ट्रांसफर स्कीम है, जिसका मकसद महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देना है. यह योजना अब सिर्फ सामाजिक कल्याण तक सीमित नहीं रही, बल्कि बंगाल की राजनीति में एक मजबूत चुनावी फैक्टर बन चुकी है. यही वजह है कि 2026 चुनाव से पहले इसे “रसोई से बैलेट तक” जोड़ने वाली सबसे बड़ी कड़ी माना जा रहा है.
इस योजना का किसे मिलता है लाभ?
लक्ष्मी भंडार योजना के तहत 25 से 60 वर्ष की उन महिलाओं को लाभ मिलता है, जो सरकारी नौकरी में नहीं हैं. शुरुआत में सामान्य वर्ग को ₹500 और SC/ST वर्ग को ₹1000 दिए जाते थे, लेकिन अब यह बढ़कर क्रमशः ₹1500 और ₹1700 प्रति माह हो चुका है. यह राशि सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होती है, जिससे महिलाओं के लिए यह एक स्थायी आर्थिक सहारा बन गई है.
इस योजना पर कितना खर्च होता है?
इस योजना का दायरा बेहद व्यापक है और करीब 2.4 करोड़ महिलाएं इससे लाभान्वित हो रही हैं. राज्य सरकार इस पर हर साल लगभग ₹17,000 करोड़ से ज्यादा खर्च करती है. यानी हर महीने हजारों करोड़ रुपये सीधे जनता तक पहुंचते हैं. यह खर्च भले बड़ा हो, लेकिन राजनीतिक रूप से इसे सरकार के लिए निवेश के तौर पर देखा जा रहा है.
‘डायरेक्ट बेनिफिट से डायरेक्ट वोट’ का क्या है कनेक्शन?
लक्ष्मी भंडार की सबसे बड़ी ताकत इसका सीधा आम लोगों की जरूरतों से कनेक्शन होना है. जब पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में आता है, तो सरकार के प्रति भरोसा मजबूत होता है. महिलाएं इस मदद को अपने दैनिक जीवन से जोड़ती हैं, जिससे एक भावनात्मक और आर्थिक रिश्ता बनता है. यही रिश्ता चुनाव के समय वोट में बदलने की क्षमता रखता है, और यही इसे एक मजबूत वोट बैंक में बदल देता है.
महिला वोट फैक्टर कितना निर्णायक है?
पश्चिम बंगाल में महिला मतदाताओं की संख्या लगभग पुरुषों के बराबर है और कई बार उनका मतदान प्रतिशत ज्यादा रहता है. 2021 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के आधार पर पुरुष मतदाताओं की संख्या लगभग 3.73 करोड़ है. जबकि महिला मतदाताओं की संख्या लगभग 3.59 करोड़ है. यानी पुरुष मतदाता महिलाओं से करीब 14 लाख ज्यादा हैं.ऐसे में यह योजना महिलाओं को एक निर्णायक राजनीतिक ताकत में बदल देती है. महिलाएं अब सिर्फ परिवार के प्रभाव में वोट नहीं करतीं, बल्कि अपने हितों और लाभ के आधार पर निर्णय लेने लगी हैं.
क्या विपक्ष इस मॉडल को चुनौती दे पा रहा है?
विपक्ष इस योजना को आर्थिक बोझ और “फ्रीबी पॉलिटिक्स” के रूप में पेश करता है. उनका कहना है कि इससे राज्य की वित्तीय स्थिति पर दबाव पड़ता है और रोजगार, उद्योग जैसे बड़े मुद्दे पीछे छूट जाते हैं. लेकिन जमीनी स्तर पर देखा जाए तो जिन योजनाओं का सीधा फायदा लोगों तक पहुंचता है, उनका असर चुनावी नतीजों पर ज्यादा होता है.
2026 चुनाव में ‘लक्ष्मी भंडार’ बनेगी गेमचेंजर?
बंगाल में चुनाव आमतौर पर कई चरणों में होते हैं और हर चरण में स्थानीय मुद्दों के साथ ऐसी योजनाओं का प्रभाव भी दिखता है. लक्ष्मी भंडार से जुड़ा महिला वोट बैंक 2026 में भी चुनावी समीकरण को निर्णायक रूप से प्रभावित कर सकता है. यही वजह है कि इसे सत्ता में वापसी की सबसे मजबूत कड़ी माना जा रहा है.
क्यों कहा जा रहा ‘रसोई से बैलेट तक’?
लक्ष्मी भंडार ने यह साबित किया है कि जब कोई योजना सीधे लोगों के जीवन को प्रभावित करती है, तो उसका असर चुनाव तक जाता है. बंगाल में यह सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि एक ऐसा राजनीतिक मॉडल बन चुका है, जहां रसोई का बजट सीधे बैलेट बॉक्स को प्रभावित करता है और यही इसे बंगाल की राजनीति का असली गेमचेंजर बनाता है.




