Begin typing your search...

दिल्ली-यूपी में अगले 10 घंटे भारी, 15 राज्यों में बारिश-आंधी और ओलों की चेतावनी; जानें मौसम अपडेट

देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने अगले 10 घंटों के लिए 15 राज्यों में भारी बारिश, आंधी, वज्रपात और ओलों का अलर्ट जारी किया है.

12 जून का मौसम
X
12 जून का मौसम
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Published on: 12 Jun 2026 7:39 AM

मौसम एक बार फिर से अपना रंग दिखाने वाला है. अगर आप सोच रहे थे कि गर्मी थोड़ी कम हुई तो अब आराम से घूम-फिर लेंगे, तो रुकिए! मौसम विभाग ने अगले 10 घंटों के लिए भारी बारिश, तेज आंधी और ओले की चेतावनी जारी कर दी है. यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 15 राज्य इसकी चपेट में आने वाले हैं. हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, इसलिए बाहर निकलने से पहले जरूर सोचिए. खासकर पहाड़ी इलाकों में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो अभी अपडेट चेक कर लीजिए.

देशभर में क्या है मौसम का मिजाज?

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगा मैदानी इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है. इसी वजह से कई जगहों पर मूसलाधार बारिश, आंधी और वज्रपात की आशंका है. जिससे 15 राज्य प्रभावित है- उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और असम. इन इलाकों में 85-90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. पूर्वी राज्यों में बिजली गिरने का खतरा ज्यादा खतरा है.

दिल्ली में आज का हाल

दिल्ली वालों के लिए आज का दिन चुनौती भरा रहने वाला है. मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज तूफान का अलर्ट जारी किया है. हवा 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है. तापमान अधिकतम 36°C, न्यूनतम 27°C तक रहेगा. घर से निकलते समय छाता, रेनकोट और जरूरी सामान साथ रखें. ट्रैफिक जाम और पानी भराव की समस्या हो सकती है.

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश-ओले का खतरा

यूपी में आज मौसम काफी खराब रहने वाला है. मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, ज्योतिबाफुले नगर, बुलंदशहर, रामपुर, सीतापुर, बहराइच, हमीरपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश, आंधी और बड़े ओले पड़ने की चेतावनी है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम तापमान 28°C रहेगा, यहां भी तेज हवाएं (80 किमी/घंटा तक) चलने के आसार हैं.

बिहार में तूफान और बारिश का डबल अटैक

बिहार के लोग भी आज सतर्क रहें. पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, सिवान, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय में मध्यम से भारी बारिश के साथ तूफान आने की संभावना है. हवा 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. बिजली चमकने से नुकसान हो सकता है, इसलिए खुले में न रहें.

उत्तराखंड और हिमाचल: पहाड़ों पर सावधानी जरूरी

पहाड़ी राज्यों में घूमने वाले पर्यटकों के लिए खास सलाह पहले मौसम चेक कर लें. रूद्रप्रयाग, नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल में तेज तूफान और बारिश का अलर्ट है. देहरादून में तापमान 31°C से 23°C के बीच रहेगा. पहाड़ों पर सफर करते समय भूस्खलन (Landslide) का खतरा बढ़ जाता है. वहीं हिमाचल में कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन, शिमला, सिरमौर, ऊना और हमीरपुर में 55 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी. मनाली में तो ठंड का अहसास होने लगा है, जहां आज अधिकतम तापमान महज 11°C और न्यूनतम तापमान 3°C तक गिरने की संभावना है.

मौसम
अगला लेख