दिल्ली-एनसीआर में गरज के बरसे बादल, 9 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट; ओले गिरने की चेतावनी
अप्रैल की शुरुआत में ही उत्तर और पश्चिम भारत में मौसम ने करवट ले ली है. 7 से 9 अप्रैल के बीच 9 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलों का अलर्ट जारी किया गया है.
अप्रैल का महीना शुरू होते ही उत्तर भारत और पश्चिम भारत के कई इलाकों में अचानक मौसम ने करवट बदल ली है. इस बार अप्रैल में गर्मी की बजाय बारिश और आंधी का मौसम चल रहा है. महीने की शुरुआत से ही लगातार बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का दौर जारी है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले कुछ दिनों में और भी खराब मौसम रहने वाला है.
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली समेत कुल 9 राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन राज्यों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) 7 अप्रैल से सक्रिय हो रहा है, जिसकी वजह से पूरे क्षेत्र का मौसम बदल रहा है. इस विक्षोभ के कारण कई जगहों पर तेज हवाएं चलेंगी, हल्की से मध्यम बारिश होगी और कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं. पहाड़ी इलाकों में तो भारी बारिश की आशंका जताई गई है.
दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली में 6 अप्रैल को मौसम थोड़ा ठीक रहा. तेज हवाएं तो चल रही थीं, लेकिन बारिश नहीं हुई. अब 7 अप्रैल से मौसम फिर बदलने वाला है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को दिल्ली में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हो सकती है. कभी-कभी बिजली भी गिरने की संभावना है. इसलिए बारिश के समय लोग घर से बाहर निकलने से बचें और सुरक्षित जगह पर रहें.
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के लोगों को दोबारा मौसम की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने 7 से 9 अप्रैल तक पूरे प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि (ओले गिरना) की संभावना है. 7 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश शुरू होगी और धीरे-धीरे यह पूर्वी जिलों तक पहुंच जाएगी. कई जिलों में हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. गरज-चमक के साथ ओले गिरने की भी आशंका है. किसानों को खासतौर पर सावधान रहना चाहिए क्योंकि ओले उनकी फसलों को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
पहाड़ी राज्यों का मौसम
पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम खराब रहने वाला है. जम्मू-कश्मीर में 7 और 8 अप्रैल को कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. कुछ जगहों पर भारी बारिश, गरज-चमक, ओले और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके कारण अचानक बाढ़, भूस्खलन और निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा बढ़ गया है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है.
हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश
हरियाणा के यमुनानगर, सोनीपत, गुरुग्राम, करनाल, रेवाड़ी, मेवात, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. पंजाब में चंडीगढ़, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, पटियाला, रूपनगर, अमृतसर और फतेहगढ़ साहिब जैसे इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी यही स्थिति रहने वाली है.
राजस्थान का मौसमरा
जस्थान में भी 7 से 9 अप्रैल तक मौसम मुश्किल भरा रह सकता है. जयपुर, भरतपुर और आसपास के कई इलाकों में ओले गिरने की संभावना है. जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और शेखावटी क्षेत्र में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं. 8 अप्रैल को उत्तरी और पूर्वी राजस्थान में बारिश होने की उम्मीद है.




