बच्चे के डायपर में लगाया सोना, पत्नी से भी गोल्ड बरामद, UAE से केरल तक ऐसी होती तस्करी, जांच में सामने आ गईं कई शादियां
UAE से Kerala पहुंचे परिवार से Gold बरामदगी के बाद DRI की जांच तेज है. Baby Diaper और Wife से Gold मिलने के बाद Multiple Marriages और Smuggling Angle की पड़ताल जारी है.
UAE से केरल तक सोने की कथित तस्करी की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने जांच एजेंसियों को भी हैरान कर दिया है. कालीकट एयरपोर्ट पर आठ महीने के बच्चे के डायपर से 500 ग्राम सोना मिलने के बाद जांच आगे बढ़ी तो एक महिला के पास से 1.78 किलो सोना बरामद होने की कड़ी भी जुड़ गई. News18 के मुताबिक सबसे बड़ा सवाल अब बरामद सोने से भी आगे है.
क्या रिश्तों और परिवार को ही तस्करी के नेटवर्क का हिस्सा बनाया गया था? DRI की जांच में 34 वर्षीय फारूक की कथित कई शादियों और उनसे जुड़े परिवारों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है.
चार पत्नी और सोने की तस्करी का नेटवर्क कैसे चला?
केरल में सोने की कथित तस्करी से जुड़ी एक जांच ने अब परिवार और रिश्तों के इस्तेमाल का सवाल खड़ा कर दिया है. सूत्रों के मुताबिक, मलप्पुरम के पोन्नानी इलाके के कोक्कुर निवासी 34 वर्षीय फारूक पर आरोप है कि उसने मिडिल ईस्ट से केरल तक सोना लाने के लिए अपने परिवार से जुड़ी महिलाओं और बच्चों का इस्तेमाल किया. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या उसकी कई शादियां महज निजी रिश्ते थीं या इनके पीछे सोना तस्करी का कोई सुनियोजित नेटवर्क भी काम कर रहा था.
मामला 1 सितंबर की रात उस समय सामने आया, जब डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस यानी DRI की कोझिकोड टीम ने कालीकट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फारूक को रोका. वह UAE के रास अल खैमाह से लौट रहा था और उसके साथ तीन बच्चे भी थे. गुप्त सूचना के आधार पर परिवार की तलाशी ली गई. इस दौरान करीब एक करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद होने का दावा किया गया.
आरोप है कि लगभग 500 ग्राम सोना आठ महीने के बच्चे के डायपर में छिपाया गया था, जबकि कुछ सोना फारूक के शरीर के निजी हिस्सों में छिपाए जाने की बात सामने आई.
क्या पत्नी की गिरफ्तारी ने खोली पूरी कड़ी?
डीआआई की इस कार्रवाई से कुछ दिन पहले, 29 अगस्त को DRI ने कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 28 वर्षीय एक महिला को रोका था. उसके पास से करीब 1.78 किलोग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग दो करोड़ रुपये बताई गई. कथित तौर पर सोने को सैनिटरी नैपकिन के अंदर छिपाया गया था. पूछताछ में महिला ने कथित रूप से अधिकारियों को बताया कि यात्रा से पहले उसके पति ने ही उसके पास सोना छिपाया था.
इसके बाद जांच एजेंसी ने फारूक की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई. जब वह UAE से केरल लौटा तो उसे कालीकट एयरपोर्ट पर रोक लिया गया. अब दोनों घटनाओं के बीच संबंधों की जांच की जा रही है.
क्या कई शादियां तस्करी की रणनीति थीं?
सूत्रों के अनुसार, फारूक ने कथित तौर पर चार शादियां की थीं. हालांकि उसकी पत्नियों और बच्चों की वास्तविक संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जांचकर्ताओं का फोकस अब इस बात पर है कि क्या अलग-अलग महिलाओं और बच्चों की यात्राओं का इस्तेमाल सोना भारत लाने के लिए किया गया.
सबसे गंभीर पहलू बच्चों के कथित इस्तेमाल का है. DRI यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या बच्चे अनजाने में इस पूरे खेल का हिस्सा बने या उन्हें जानबूझकर तस्करी के लिए इस्तेमाल किया गया. फिलहाल जांच जारी है और आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.




