Weather Update: दिल्ली-यूपी समेत 14 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, जानें आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्से इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं. लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. 22 जून को देश के 14 राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है.
today weather
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्से इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं. लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. हालांकि अब मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर सामने आई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 जून को देश के 14 राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है.
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और राजस्थान समेत कई इलाकों में बादल छाने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं. वहीं पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है.
कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम?
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आज मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने दिनभर आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है. दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश के साथ 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और तूफान आने की संभावना है.
दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हालांकि लोगों को फिलहाल लू से पूरी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक लू की चेतावनी जारी रखी है. इसके अलावा 24 जून तक रात के समय भी गर्म हवाएं चल सकती हैं.
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम दिखाई दे रही है. मौसम विभाग ने 22 से 27 जून तक राज्य के पश्चिमी हिस्सों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है. बांदा और कानपुर जैसे जिलों में भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है.
किन राज्यों में बारिश के आसार?
मौसम विभाग के अनुसार 22 से 27 जून के बीच छत्तीसगढ़, विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है. इस दौरान कई इलाकों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं.




