मंदिर ट्रस्ट सस्पेंड, CRPF को सौंपी सुरक्षा, तिरुपरनकुंद्रम दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद क्या-क्या बदला?- 7 पॉइंट्स
तिरुपरनकुंद्रम कार्तिगई दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए मंदिर ट्र्स्ट को सस्पेंड कर दिया है. कोर्ट ने 28 नवंबर को विवादित दीपथून स्तंभ पर दीप जलाने का आदेश दिया है.
Tirupparankundram Deepam Controversy
तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर चल रहा विवाद अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है. मंदिर प्रशासन और तमिलनाडु सरकार की सफाई से संतुष्ट नहीं होने पर सुप्रीम कोर्ट ने 27 नवंबर 2026 को बड़ा फैसला सुनाया. कोर्ट ने मंदिर ट्रस्ट को सस्पेंड कर दिया है और पहाड़ी की सुरक्षा की जिम्मेदारी CRPF को सौंप दी है. इसके अलावा मंदिर का कामकाज संभालने के लिए मद्रास हाई कोर्ट के दो पूर्व न्यायाधीशों को रिसीवर नियुक्त किया गया है.
सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में 28 नवंबर यानी आज को विवादित पत्थर के स्तंभ यानी 'दीपथून' पर कार्तिगई दीपम जलाने का निर्देश दिया है. कोर्ट ने साफ किया कि यह दीप पारंपरिक उचिपिल्लैयार मंडपम में जलाए गए दीप की लौ से प्रज्वलित किया जाएगा. साथ ही श्रद्धालुओं को भी निर्धारित सुरक्षा नियमों के तहत पहाड़ी पर दीप जलाने की अनुमति दी गई है. कोर्ट ने अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं और तमिलनाडु के मुख्य सचिव से जवाब मांगा है.
7 पॉइंट्स में जानें क्या-क्या हुए बदलाव?
1. सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दिए गए अपने पिछले आदेश का पालन नहीं होने पर सख्त रुख अपनाया है. कोर्ट ने अब 28 नवंबर 2026 को तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित विवादित पत्थर के स्तंभ 'दीपथून' पर कार्तिगई दीपम जलाने का स्पष्ट निर्देश दिया है. आदेश के मुताबिक, दीपथून पर जलाया जाने वाला दीप पारंपरिक उचिपिल्लैयार मंडपम में प्रज्वलित दीप की ज्योति से जलाया जाएगा.
2. सुप्रीम कोर्ट ने मद्रास हाई कोर्ट के निष्कर्षों पर लगाई गई अपनी अंतरिम रोक हटा ली है. इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भी पहाड़ी पर दीप जलाने का रास्ता साफ हो गया है. हालांकि, इसके लिए सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करना होगा. दीप जलाने की जगह सिकंदर बादशाह दरगाह से कम से कम 50 मीटर की दूरी पर होनी चाहिए.
3. सुप्रीम कोर्ट ने आदेश की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए अरुलमिगु सुब्रमण्यमस्वामी मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को सस्पेंड कर दिया है. इस फैसले के बाद मंदिर के मैनेजमेंट और प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव होगा.
4. मंदिर के कामकाज को व्यवस्थित तरीके से चलाने और दीप जलाने की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने मद्रास हाई कोर्ट के दो पूर्व जजों को रिसीवर नियुक्त किया है. इनमें जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस एस. पार्थिबन शामिल हैं. दोनों पूर्व जज मंदिर का संचालन देखेंगे. साथ ही पुजारियों यानी स्थानिकरों की सलाह लेकर दीपथून पर दीप जलाने की प्रक्रिया को पूरा कराएंगे.
5. सुप्रीम कोर्ट ने तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की सुरक्षा व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया है. अब मंदिर, पहाड़ी और दरगाह की सुरक्षा की जिम्मेदारी तमिलनाडु पुलिस के बजाय CRPF को सौंपी गई है. इसका उद्देश्य दीप जलाने की प्रक्रिया को बिना किसी बाधा के पूरा कराना और पूरे इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है.
6. सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरे मामले में सरकारी अधिकारियों की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की बेंच ने कहा "जो घटनाएं सामने आई हैं. उनसे पता चलता है कि एग्जीक्यूटिव अधिकारियों ने अपने पॉलिटिकल बॉस के कहने पर काम किया है. इसका पता लगाना होगा ताकि न सिर्फ इस कोर्ट की इज्ज़त बच सके, बल्कि न्याय के एडमिनिस्ट्रेशन में भी पवित्रता बनी रहे."
7. सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में अगली सुनवाई की तारीख 15 दिसंबर 2026 तय की है. कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों और मंदिर के ट्रस्टियों को इस दिन पेश होने का निर्देश दिया है. अधिकारियों को यह स्पष्ट करना होगा कि 24 नवंबर को दिए गए सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन क्यों नहीं किया गया. मुख्य सचिव को भी अधिकारियों के बीच हुए संवाद और कॉल रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी अदालत के सामने रखनी होगी.




