Begin typing your search...

दिल्ली-UP में बढ़ेगा तापमान, राजस्थान और गुजरात में चल सकती है लू; 8 राज्यों में बारिश की संभावना

मार्च की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में गर्मी तेजी से बढ़ गई है. IMD ने राजस्थान और गुजरात में लू का अलर्ट जारी किया है, वहीं 8 राज्यों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है.

march weather update heatwave alert rajasthan gujarat rain warning india
X
( Image Source:  AI Sora )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Published on: 10 March 2026 8:01 AM

देशभर में मार्च महीने की शुरुआत होते ही गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है. दिन में तो पहले से ही तेज धूप और गर्म हवाएं चल रही हैं, लेकिन अब रातें भी काफी गर्म हो गई हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल रही. लोग घर के अंदर भी पसीना-पसीना हो रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि राजस्थान, विदर्भ (महाराष्ट्र का एक हिस्सा) और गुजरात के कुछ इलाकों में लू (गर्म हवाओं) चलने की चेतावनी जारी की गई है यानी वहां बहुत तेज गर्मी और सूखी गर्म हवाएं चल सकती हैं, जो सेहत के लिए खतरनाक हो सकती हैं. लेकिन अच्छी खबर यह है कि देश के 8 राज्यों में बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है, जिससे कुछ जगहों पर गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.

IMD के अनुसार, अगले तीन दिनों तक जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रह सकता है यानी वहां काफी गर्मी महसूस होगी. उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों, गुजरात और मध्य प्रदेश में भी 11 मार्च तक तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री ज्यादा रहने की उम्मीद है. एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है, जिसके कारण पश्चिमी हिमालयी इलाकों में 15 मार्च तक कभी-कभी बारिश या बर्फबारी हो सकती है. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में 10 से 12 मार्च के बीच छिटपुट बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और ओले गिरने की भी संभावना है. खासकर जम्मू-कश्मीर में 10 और 11 मार्च को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 से 15 मार्च तक हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार है. जम्मू-कश्मीर में 9 से 12 मार्च और हिमाचल में 11, 12, 14 और 15 मार्च को तेज हवाएं (30-50 किमी प्रति घंटे), गरज-बिजली के साथ बारिश हो सकती है. पूर्वी इलाकों की बात करें तो 10 से 13 मार्च तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में, 9-10 मार्च को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश हो सकती है. बिहार और झारखंड में 10-11 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं. उत्तर-पूर्व में अरुणाचल प्रदेश में 9 से 15 मार्च तक और केरल-माहे में 10 मार्च को गरज-बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

दिल्ली का मौसम

राजधानी दिल्ली में गर्मी अब पूरी तरह से हावी हो गई है. दिन में तेज धूप निकलेगी और तापमान काफी ऊपर जाएगा. आज आसमान में हल्के-हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश होने की कोई संभावना नहीं है. अधिकतम तापमान 34 से 37-39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जो सामान्य से काफी ज्यादा है. न्यूनतम तापमान भी 23-24 डिग्री के आसपास रहेगा, यानी रातें भी गर्म रहेंगी। हल्की गर्म हवाएं चल सकती हैं. अगले 4 दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी और तेज महसूस होगी. फिलहाल दिल्ली में कोई बड़ा बारिश का अलर्ट नहीं है, इसलिए लोगों को धूप से बचाव, पानी ज्यादा पीने और बाहर निकलते समय सावधानी बरतनी चाहिए.

उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है. ज्यादातर इलाकों में धूप तेज रहेगी और तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा. दिल्ली की तरह यहां भी अगले कुछ दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है, जिससे रातों में भी उमस और गर्मी महसूस होगी. बारिश का अभी कोई बड़ा अलर्ट नहीं है, लेकिन कुछ पश्चिमी या पूर्वी हिस्सों में हल्की गरज-बारिश के छिटपुट आसार हो सकते हैं. कुल मिलाकर, पूरे उत्तर भारत में इन दिनों गर्मी से सावधान रहना जरूरी है। बाहर जाते समय छाता, पानी की बोतल और हल्के कपड़े साथ रखें.

मौसम
अगला लेख