Begin typing your search...

सोनिया की किताब से फिर छिड़ा सावरकर पर राग, 201 और 443 नंबर पेज पर ऐसा क्या कि शिवसेना हो गई आगबबूला?

सोनिया गांधी की नई किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' को लेकर महाराष्ट्र में विवाद शुरू हो गया है। एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने मुंबई में किताब के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उसके पन्ने फाड़ दिए.

Sonia Gandhi Book Controversy
X

Sonia Gandhi Book Controversy

( Image Source:  ChatGPT )

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की नई किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' रिलीज होने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद शुरू हो गया है. एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने बुधवार को मुंबई में किताब के खिलाफ प्रदर्शन किया. पार्टी नेताओं ने किताब के कुछ हिस्सों पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि इसमें वीर सावरकर के इतिहास को गलत तरीके से पेश किया गया है और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई है. प्रदर्शन के दौरान शिवसेना नेताओं ने किताब के पन्ने भी फाड़े.

इस प्रदर्शन का नेतृत्व शिवसेना की प्रवक्ता शायना एनसी ने किया. उनके साथ संजय निरुपम और आनंद दुबे समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे. शिवसेना ने किताब के प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से पेज नंबर 201 और 443 पर मौजूद अंशों को हटाने की मांग की है. शायना एनसी ने सोनिया गांधी के बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सावरकर के बलिदान और उनके योगदान को दोबारा लिखने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

सावरकर को लेकर क्या बोली शायना एनसी?

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शायना एनसी ने सोनिया गांधी पर वीर सावरकर का अपमान करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सावरकर को हिंदुत्व से अलग करके नहीं देखा जा सकता. इस दौरान उन्होंने शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे के विचारों का भी जिक्र किया. शायना एनसी ने कहा, "सोनिया गांधी सावरकर को बेइज्जत करती हैं. वह उन्हें हिंदुत्व को अलग-थलग करने वाला कहती हैं लेकिन बालासाहेब ठाकरे ने हमेशा कहा कि सावरकर हिंदुत्व की आत्मा हैं."

क्यों सोनिया गांधी की नागरिकता पर उठाए सवाल?

शायना ने कहा "सोनिया जी, आपको भारतीय नागरिकता का प्रोसेस शुरू करने में ही 15 साल से ज़्यादा लग गए. सावरकर ने अपनी ज़िंदगी के 50 से ज़्यादा साल दिए, सिर्फ़ जेल में ही नहीं, बल्कि भारत के लिए भी. आप कौन होती हैं जज करने वाली?" उनका कहना है कि किसी भी व्यक्ति को किताब लिखने और अपने विचार रखने का अधिकार है, लेकिन इतिहास को छिपाने या स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को गलत तरीके से पेश करने का विरोध किया जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने सावरकर के बलिदान का जिक्र करते हुए कहा "आप सावरकर के बलिदान को दोबारा नहीं लिख सकते. महाराष्ट्र आपको कभी माफ नहीं करेगा."

हार्पर कॉलिन्स से क्या की मांग?

शायना एनसी ने किताब के कुछ खास पन्नों पर आपत्ति जताते हुए प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से उन्हें हटाने की मांग की. उन्होंने कहा कि किताब में सावरकर से जुड़े जिन अंशों पर सवाल उठाए जा रहे हैं, उन्हें प्रकाशित नहीं किया जाना चाहिए था. शायना ने कहा "हम हार्पर कॉलिन्स से पेज 201 और 443 हटाने की मांग करते हैं. सावरकर ने भारत की आज़ादी के लिए 11 साल काला पानी में बिताए. बालासाहेब ठाकरे सावरकर की पूजा करते थे."

पेज 201 और 443 पर क्या?

दरअसल सोनिया गांधी की किताब के 201 पेज पर लिखा गया है कि सावरकर लगातार ब्रिटिश सरकार से माफी मांग रहे थे और उनको पत्र लिखते थे. इसके अलावा सावरकर को हिंदुत्व को अलग-थलग करने वाला भी बताया. इसके अलावा पेज 443 पर लिखा कि उनकी नजरें भारत को मुख्य रूप से ऐसे राष्ट्र के रूप में देखती थी जहां हिंदू सर्वोच्च थे और इस सोच को राष्ट्रीय RSS, भाजपा व संघ परिवार से जोड़ा गया है. इसमें यह भी कहा गया है कि यह विचारधारा संविधान में तय नागरिकों के अधिकारों को हिंदू सभ्यता की भावना के विपरीत मानकर खारिज करती है.

अगला लेख