Begin typing your search...

BJP छोड़ने के बाद अब क्या करने जा रहे Shehzad Poonawalla? हो गया खुलासा, भाई तहसीन ने कहा- All The Best

बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला अब राजनीति के बाद रियलिटी टीवी में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. वह ‘Rise & Fall’ सीजन 2 में नजर आएंगे, जिसकी मेजबानी पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग करेंगे। शो 26 सितंबर 2026 से स्ट्रीम होगा.

Shehzad Poonawalla Joins Rise & Fall Season 2 After Exiting BJP
X

Shehzad Poonawalla 

( Image Source:  ANI/@PrimeVideoIN )

बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला अब राजनीति के बाद रियलिटी टीवी की दुनिया में नजर आने वाले हैं. पूनावाला ‘Rise & Fall’ सीजन 2 में बतौर कंटेस्टेंट शामिल होंगे. शो के नए सीजन का प्रोमो सामने आने के बाद उनके नाम की पुष्टि हो गई है. इस सीजन में उनके साथ अभिनेत्री स्वरा भास्कर, टीवी एक्ट्रेस प्रियंका चाहर चौधरी और अभिनेता करण पटेल भी नजर आएंगे.

शहजाद पूनावाला की रियलिटी शो में एंट्री ऐसे समय हुई है, जब उन्होंने हाल ही में बीजेपी से अपना नाता खत्म किया है. अगस्त 2026 में उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया था. इससे पहले 30 जुलाई को उन्होंने इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन पार्टी ने उन्हें फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा था. बाद में उन्होंने अपने फैसले पर कायम रहते हुए इस्तीफा स्वीकार करने की अपील की.


पूनावाला ने क्यों दिया इस्तीफा?

अपने इस्तीफे की वजह बताते हुए पूनावाला ने निजी और आर्थिक परिस्थितियों का हवाला दिया था. उन्होंने कहा था कि वह निजी क्षेत्र में जाने का फैसला कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि वह संगठन छोड़ रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के विचारों के प्रति अपना समर्थन जारी रखेंगे. अब राजनीति के बाद उनका अगला पड़ाव रियलिटी टीवी बनने जा रहा है. ‘Rise & Fall’ में अलग-अलग सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स के बीच रणनीति, गठजोड़ और गेम के बदलते समीकरण देखने को मिलेंगे. शो का फॉर्मेट ऐसा है जिसमें कुछ कंटेस्टेंट्स ‘Rulers’ और कुछ ‘Workers’ की भूमिका में रहते हैं और गेम के दौरान उनकी स्थिति बदल भी सकती है.


तहसीन पूनावाला ने दी बधाई

शहजाद पूनावाला के रियलिटी टीवी में कदम रखने पर उनके भाई तहसीन पूनावाला ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दी. उन्होंने शहजाद के इस नए सफर के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह रियलिटी टीवी में भी आगे बढ़ें और खूब सफल हों.


26 सितंबर से शुरू होगा ‘Rise & Fall’ सीजन 2

‘Rise & Fall’ का दूसरा सीजन 26 सितंबर 2026 से स्ट्रीम होगा. इस सीजन की सबसे बड़ी खासियतों में से एक इसका नया होस्ट है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग इस बार शो को होस्ट करेंगे. वह पहले सीजन के होस्ट अशनीर ग्रोवर की जगह नजर आएंगे. यह सहवाग का रियलिटी शो होस्ट के तौर पर नया टीवी अवतार होगा.


शो में शहजाद पूनावाला के अलावा स्वरा भास्कर, प्रियंका चाहर चौधरी और करण पटेल जैसे नामों की भी पुष्टि हो चुकी है. इस सीजन में कुल 15 कंटेस्टेंट्स के शामिल होने की जानकारी सामने आई है. शो का प्रसारण Amazon MX Player पर होगा और Prime Video पर भी इसे लिस्ट किया गया है.

अगला लेख