BJP छोड़ते ही वायरल होने लगा शहजाद पूनावाला का 3 मिनट 15 सेकंड का ये वीडियो, बीजेपी से लेकर मोदी पर क्या-क्या बोला था?
शहजाद पूनावाला के इस्तीफे की खबर ने सियासी हलचल बढ़ा दी है. इसी बीच उनका पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह BJP और RSS की राजनीति पर तीखी टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं.
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के इस्तीफे की खबर ने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है. बताया जा रहा है कि शहजाद पूनावाला ने पार्टी नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंप दिया है. हालांकि, अभी तक भाजपा की ओर से उनके इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. खुद शहजाद पूनावाला की ओर से संकेत दिया गया है कि जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक बयान सामने आ सकता है.
शहजाद पूनावाला पिछले कई वर्षों से भाजपा के मुखर और चर्चित प्रवक्ताओं में शामिल रहे हैं. टीवी डिबेट से लेकर सोशल मीडिया तक वह लगातार पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते नजर आए हैं. ऐसे में उनके अचानक इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में कई तरह के सवाल उठने लगे हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर उन्होंने भाजपा से दूरी बनाने का फैसला क्यों किया?
इस्तीफे की वजह पर अभी सस्पेंस
फिलहाल शहजाद पूनावाला के इस्तीफे की वजह को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है. बताया जा रहा है कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व को दिए इस्तीफे में निजी कारणों का हवाला दिया है. हालांकि, जब तक उनका आधिकारिक बयान सामने नहीं आता, तब तक इस्तीफे के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना मुश्किल है.
शहजाद पूनावाला का राजनीतिक सफर भाजपा से पहले कांग्रेस से जुड़ा रहा है. साल 2017 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था. इसके बाद वह भाजपा के प्रमुख प्रवक्ताओं में शामिल हो गए और पार्टी की नीतियों तथा विपक्ष के खिलाफ अपने तीखे बयानों के लिए लगातार सुर्खियों में रहे.
पुराने वीडियो ने बढ़ाई सियासी चर्चा
इस्तीफे की खबर के बीच सोशल मीडिया पर शहजाद पूनावाला का एक पुराना वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और आरएसएस को लेकर बेहद तीखी टिप्पणी करते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो में शहजाद पूनावाला हिंदुत्व और भाजपा की राजनीति को लेकर सवाल उठाते हैं.
पुराने वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा भी तेज हो गई है कि क्या शहजाद पूनावाला भाजपा छोड़ने के बाद किसी दूसरी राजनीतिक पार्टी का रुख करेंगे? क्या वह अपने पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस में वापसी कर सकते हैं या फिर राजनीति से अलग कोई नया रास्ता चुनेंगे? हालांकि, अभी इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
पुराने बयान में भाजपा-RSS पर साधा था निशाना
शहजाद पूनावाला का पूराना वीडियो में कहते हैं कि 'भाजपा RSS को हिंदू नहीं है वो सिर्फ ड्रामा है मोदी ने कभी चार धामो का यात्रा का तीर्फयात्रा भी नहीं किया है. इससे ज्यादा हिंदू तो आप कहेंगे दिग्विजय सिंह है तो सनातन धर्म को बहुत मानते हैं और सुबह उठकर पूजा पाठ करते हैं. मनोज भैया, कनैया भैया इनसे ज्यादा हिंदू है ये तो अपने बाप के भी नहीं है. ये क्यों करते हैं ड्रामा RSS और भाजपा को पता है कि हमेशा इनके जो एजेडा है वो सत्ता प्राप्ती में ही उसको मिलेगा.
शहजाद आगे कहते हैं, 'ये क्यों करते हैं ये ड्रामा? आरएसएस-बीजेपी को पता है कि उनका जो एजेंडा है वो सत्ता प्राप्ति में ही उन्हें मिलेगा. अब इन्होंने उलझा दिया हमें लव-जिहाद, बीफ, देशद्रोह, देशभक्त, आपको भी पता है जबसे मोदी सरकार सत्ता में आई है 2014 से एनपीए की संख्या, बैंकों के एनपीए की संख्या 3.5 लाख से 6.5 लाख हो गयी है. हालांकि, कई लोग मोदी जी को भी एनपीए मानते हैं पर मैं बैंकों की बात कर रहा हूं.'
शहजाद पूनावाला आगे कहते हैं, 'अब इसको रफा-दफा करना है. विजय माल्या को तो भेज दिया और 1200 करोड़ भी दे दिये पर अब बाकियों को भी देना है और ज्यादा-ज्यादा देना है. अडानी-अंबानी को भी देना है तो इसलिए ये लोग ये ड्रामा रचते हैं. आप जेएनयू में ट्राई करो, ये जो ये लोग लड़वाते हैं हिंदू बनाम मुसलमान ये यहां नहीं चलेगा. सौरभ शर्मा ने कह दिया न कि हिंदू राष्ट्र बनाने में सबसे बड़ी बाधा जेएनयू है.'




