BRICS समिट का एक वीडियो वायरल और ट्रोल होने लगे विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता Randhir Jaiswal, कितना जानते हैं इनके बारे में?
BRICS Summit के दौरान MEA प्रवक्ता रणधीर जायसवाल का ड्राई फ्रूट्स खाते हुए वीडियो वायरल हो गया. सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बीच कुछ यूजर्स ने उनका बचाव भी किया. जानिए पूरा विवाद और रणधीर जायसवाल का राजनयिक करियर.
BRICS Summit के दौरान विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल के साथ बैठे नजर आ रहे हैं. इसी दौरान कैमरे के सामने रणधीर जायसवाल ड्राई फ्रूट्स खाते और अपनी उंगलियां चाटते दिखाई देते हैं. यह वीडियो उस समय का बताया जा रहा है, जब कैमरे चल रहे थे और विश्व नेता अपने भाषण दे रहे थे.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ सोशल मीडिया यूजर्स और विपक्ष से जुड़े कुछ हैंडल्स ने उनके व्यवहार और डिप्लोमैटिक एटीकेट को लेकर सवाल उठाए. वहीं, कुछ लोग रणधीर जायसवाल के समर्थन में भी सामने आए और कहा कि सिर्फ काजू-बादाम खाने को लेकर किसी अधिकारी को इस तरह ट्रोल करना उचित नहीं है.
सोशल मीडिया पर क्यों होने लगी ट्रोलिंग?
BRICS Summit के दौरान रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रणधीर जायसवाल को लेकर कई तरह के कमेंट किए गए. वीडियो के क्लोज-अप में वह ड्राई फ्रूट्स खाते नजर आ रहे हैं. कुछ यूजर्स ने हाई-प्रोफाइल अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान उनके इस अंदाज को लेकर तंज कसा और इसे राजनयिक शिष्टाचार से जोड़कर सवाल उठाए.
वीडियो को लेकर ऑनलाइन ट्रोलिंग इतनी बढ़ी कि सोशल मीडिया पर रणधीर जायसवाल के व्यवहार को लेकर बहस शुरू हो गई. कुछ लोगों ने जहां उनकी आलोचना की, वहीं दूसरे यूजर्स ने इसे अनावश्यक विवाद बताया.
हिमायत में भी उतरे लोग
रणधीर जायसवाल की हिमायत में भी कई लोग उतरे शुभम शुक्ला नाम के एक यूजर ने लिखा.."शर्मनाक, शर्मनाक, शर्मनाक…… इससे शर्मनाक क्या होगा?" इसके बाद उन्होंने सवाल उठाया कि विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने काजू-बादाम खाया तो इसे फास्ट फॉरवर्ड में वायरल कर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हर मेहमान और अधिकारी के सामने खाने की सामग्री रखी गई थी और इसका उद्देश्य उसे खाना था, न कि प्रदर्शनी के लिए रखना.
शुभम शुक्ला ने यह भी कहा कि रणधीर जायसवाल कोई नेता या विधायक नहीं हैं, बल्कि एक अधिकारी हैं. उन्होंने सवाल किया कि उन्हें इस तरह ट्रोल करने से किसी राजनीतिक दल को क्या फायदा मिलेगा. उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही इस तरह की ट्रोलिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि सिर्फ ट्रोल करने के लिए ट्रोल करना सही नहीं है.
कौन हैं रणधीर जायसवाल?
रणधीर जायसवाल 1998 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी हैं. वह वर्तमान में भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) के आधिकारिक प्रवक्ता के तौर पर काम कर रहे हैं. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के रूप में उनकी जिम्मेदारी भारत की विदेश नीति से जुड़े मुद्दों पर मीडिया को जानकारी देना और मंत्रालय की ओर से आधिकारिक पक्ष सामने रखना है. रणधीर जायसवाल बिहार के मुजफ्फरपुर से ताल्लुक रखते हैं. उन्होंने रांची के बिशप वेस्टकॉट बॉयज स्कूल से पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में मास्टर डिग्री हासिल की.
विदेशी मिशन्स में किया काम..
IFS अधिकारी के तौर पर रणधीर जायसवाल ने विदेशों में भारत के कई मिशनों में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाली हैं. उनके शुरुआती विदेशी कार्यकाल में पुर्तगाल, क्यूबा और दक्षिण अफ्रीका में तैनाती शामिल रही. इसके अलावा उन्होंने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में भी काम किया.
जुलाई 2020 में रणधीर जायसवाल को न्यूयॉर्क में भारत का काउंसल जनरल नियुक्त किया गया था. इस पद पर रहते हुए उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान भारतीय-अमेरिकियों की भारत वापसी से जुड़े कामों में भूमिका निभाई. उनके कार्यकाल के दौरान भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को मजबूत करने से जुड़े काम भी किए गए.
क्या राष्ट्रपति भवन में भी निभाई जिम्मेदारी?
न्यूयॉर्क में नियुक्ति से पहले रणधीर जायसवाल राष्ट्रपति भवन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. वह तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के संयुक्त सचिव और सोशल सेक्रेटरी के तौर पर काम कर चुके हैं. इस भूमिका में उन्होंने राष्ट्रपति भवन के विदेश मामलों से जुड़े कार्यालय का नेतृत्व किया. साथ ही राष्ट्रपति को भारत की विदेश नीति से जुड़े मामलों में सलाह देने की जिम्मेदारी भी निभाई.
कब बने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता?
जनवरी 2024 में रणधीर जायसवाल ने विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता का पद संभाला. इसके बाद से वह विदेश मंत्रालय की नियमित साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस और विदेश नीति से जुड़े अन्य मीडिया ब्रीफिंग्स और प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन करते हैं.
क्या और भी जिम्मेदारी संभाल रहे रणधीर जयसवाल?
रणधीर जायसवाल ने विदेश मंत्रालय में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं. वह अमेरिका के साथ भारत के संबंधों को देखने वाले डिप्टी सेक्रेटरी के तौर पर काम कर चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने पश्चिमी यूरोपीय देशों के साथ भारत के संबंधों से जुड़े मामलों को देखने वाले संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी भी संभाली है.
जलवायु परिवर्तन से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों में भी वह भारत के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे हैं. साल 2012 में ब्राजील में आयोजित RIO+20 सम्मेलन में उन्होंने G77 देशों के प्रमुख वार्ताकार के तौर पर भी भूमिका निभाई थी.




