Begin typing your search...

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट; 1 से 3 फरवरी तक बिगड़ेगा मौसम

देशभर में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में ठंड, बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है. IMD के मुताबिक 1 से 3 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. दिल्ली-NCR में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, तेज हवाएं और घना कोहरा छा सकता है.

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट; 1 से 3 फरवरी तक बिगड़ेगा मौसम
X
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय

Updated on: 1 Feb 2026 4:09 PM IST

देश भर में मौसम ने एक बार फिर से पूरी तरह से पलटी मारी है. लगातार आने वाले पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) के कारण अब उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बदलाव दिखाई दे रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक, 1 फरवरी से 3 फरवरी तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र (जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. साथ ही, उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के कुछ मैदानी हिस्सों में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.

दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों (एनसीआर) में कल से मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों से ठंडी हवाएं आएंगी, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है. IMD के अनुसार, 1 फरवरी को दिल्ली में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है. दिन में बादल छाए रहेंगे शाम और रात को तेज सतही हवाएं, बिजली चमकना और हल्की से बहुत हल्की बारिश के आसार हैं. कुल मिलाकर मौसम ठंडा और नम रहेगा, जो लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास कराएगा.

यूपी और बिहार में घना कोहरा रहेगा

उत्तर प्रदेश और बिहार में अभी ठंड और कोहरे का कहर जारी है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कल सुबह और शाम के समय इन राज्यों के कई इलाकों में बहुत घना कोहरा छाया रहेगा. इससे विजिबिलिटी बहुत कम हो सकती है, जिससे सड़क, हवाई और रेल यातायात पर असर पड़ सकता है. लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. पंजाब, हरियाणा, असम और पश्चिम बंगाल में भी इसी तरह घना कोहरा रहने की संभावना है. उत्तर-पश्चिम भारत में रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन दिन में ठंडक बनी रहेगी या थोड़ी गिरावट आ सकती है. बिहार में अभी पश्चिमी विक्षोभ का ज्यादा असर नहीं दिख रहा है. यहां ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा. IMD के अनुसार, 1 फरवरी को सुबह और रात के समय राज्य में घना कोहरा छाया रहेगा. बारिश की संभावना कम है, लेकिन ठंड काफी तेज महसूस होगी.

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और ठंड

हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद पर्यटकों की भीड़ लगी हुई है, लेकिन कड़ाके की ठंड और जमी हुई बर्फ ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग ने 1 फरवरी को भी मध्यम स्तर की बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी. न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है, जिससे सड़कें बंद होने का खतरा है.

राजस्थान में बारिश और ओले गिरने की आशंका

राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है. यहां ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है. इसके कारण 1 फरवरी को जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में बादल छाए रहेंगे. कुछ जगहों पर आकाश में बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कहीं-कहीं ओलावृष्टि (ओले गिरना) भी संभव है. 2 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिससे 3-4 फरवरी तक पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है. लेकिन पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में मौसम ज्यादातर शुष्क रहेगा.

मौसम
अगला लेख