शपथ के दिन क्यों वायरल हुआ पीएम मोदी का 10 साल पुराना वीडियो, शुवेंदु अधिकारी से क्या है कनेक्शन?
शुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ के बीच पीएम मोदी का 2016 का वीडियो वायरल हो गया है. कांग्रेस ने वीडियो शेयर कर पुराने आरोपों का जिक्र किया है.
West Bengal: पश्चिम बंगाल में आज शुवेंदु अधिकारी का शपथ ग्रहण समारोह था. उनके साथ पांच और नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली. लेकिन इस दौरान पीएम मोदी का एक 10 साल पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि वीडियो में वह शुवेंदु पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं.
इस वीडियो को कांग्रेस के जरिए शेयर किया गया है. पोस्ट में दावा किया गया है कि शुवेदु अधिकारी बेहद भ्रष्ट थे, यहां तक कि पीएम मोदी इसके बारे में बात कर रहे हैं. अब वही शुवेंदु अधिकारी बंगाल के सीएम बन गए हैं.
कांग्रेस ने अपने पोस्ट में क्या लिखा?
यह 2016 का वीडियो बताया जा रहा है, जिसे लेकर कहा जा रहा है कि पीएम मोदी भ्रष्टाचार का जिक्र कर शुवेंदु अधिकारी को निशाना बना रहे हैं. वीडियो शेयर करते हुए कांग्रेस ने पोस्ट में लिखा कि शुभेंदु अधिकारी कितने बड़े वाले भ्रष्ट हैं, ये बात नरेंद्र मोदी बता रहे हैं. ये वीडियो 2016 का है. अब उन्हीं शुभेंदु अधिकारी को मोदी ने पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री बना दिया है. मोदी का फंडा साफ है- खूब खाओ, मुझे भी खिलाओ.. जमकर भ्रष्टाचार फैलाओ.
वीडियो में पीएम मोदी क्या कह रहे हैं?
वीडियो में पीएम मोदी कहते हैं, “टीवी कैमरा के सामने कहते हैं, कितना लाए हो... अच्छा... लाओ... लाओ और ऐसे कुर्ते में रख लेते हैं. टीवी में आपने देखा या नहीं देखा और चेहरा कितना भोला-भाला. ऐसा लग रहा था कि ये तो रोज़ की आदत वाले लगते हैं... और कुछ लोग तो टीवी के सामने कह रहे हैं कि इतना कम क्यों लाए. वो कहता है कि दूसरे थोड़े दिन के बाद दूंगा, तो वह कहते हैं कि थोड़ा जल्दी करना. एक और कहता है कि भाई मुझे तो दिया, थोड़ा उनको भी दे दो. उन्हें भी संभालना पड़ता है.”
ऐसा दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी यहां जिस शख्स की बात कर रहे हैं, वह शुवेंदु अधिकारी हैं, जो अब बंगाल के नए सीएम बने हैं. अधिकारी पर शिवसेना लीडर संजय राउत ने भी हमला किया है.
संजय राउत ने क्या कहा?
शपथ ग्रहण से पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संजय राउत ने कहा, “अब शुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं. कुछ साल पहले तक बीजेपी ने ही उनके खिलाफ बड़ा अभियान चलाया था, जिसमें उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे और कैमरे पर उन्हें रिश्वत लेते हुए दिखाया गया था."
उन्होंने आगे कहा कि सोशल मीडिया पर भी उन्हें लेकर भ्रष्टाचार के आरोपों वाले पोस्ट भरे पड़े थे और ईडी की छापेमारी भी हुई थी. फिर भी आज वही व्यक्ति मुख्यमंत्री बनने जा रहा है.




