PM Kisan 23rd Installment: किसानों का इंतजार खत्म! 20 जून को आपके खाते में आएंगे ₹2000, जानें पूरा Update
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को PM-Kisan योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे. इसके तहत 9.5 करोड़ किसानों के खातों में 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे DBT के माध्यम से भेजी जाएगी.
जैसा की आपको मालूम हो मानसून लगभग देशभर में दस्तक देने जा रहा है कि इससे पहले PM-kisan की किस्त को लेकर बड़ा अपडेट आ गया है. खरीफ की फसल की तैयारी में लग चुके किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. आइए इसी के साथ जानते हैं कि पीएम किसान की 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं किसान के खाते में कब तक पैसा आएगा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार 20 जून को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे. इस बार करीब 9.5 करोड़ किसानों के बैंक खातों में सीधे 18,800 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी जाएगी.
खास बात यह है कि यह रकम सीधे DBT के जरिए किसानों के खातों में पहुंचेगी, जिससे उन्हें खरीफ सीजन की तैयारियों में मदद मिलेगी. इसी के साथ जानते हैं कि इस बार PM-किसान किस्त कहां से जारी होगी और किस समय आपके खाते में पहुंच जाएगा पैसा?
पश्चिम बंगाल से क्यों जारी होगी PM-Kisan की नई किस्त?
इस बार प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से किसानों को यह सौगात देंगे. केंद्र सरकार के लिए यह कार्यक्रम सिर्फ एक आर्थिक सहायता वितरण नहीं, बल्कि किसानों तक योजनाओं की सीधी पहुंच का संदेश भी माना जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान देशभर में 'पीएम किसान उत्सव दिवस' भी मनाया जाएगा.
हर किसान के खाते में कितनी राशि आएगी?
PM-Kisan योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये की सहायता तीन बराबर किस्तों में दी जाती है. 23वीं किस्त के तहत किसानों के खातों में 2,000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे. सरकार के अनुसार योजना की शुरुआत से अब तक किसानों को 4.28 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है.
बंगाल के 44 लाख से ज्यादा किसानों को मिलेगा फायदा
इस बार पश्चिम बंगाल सबसे ज्यादा चर्चा में है. राज्य के करीब 44.42 लाख किसानों के खातों में लगभग 885 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे. केंद्र का कहना है कि पहले कई पात्र किसानों के दस्तावेज और सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण वे योजना का लाभ नहीं ले पा रहे थे. अब आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद बड़ी संख्या में किसानों को पहली बार या नियमित रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है.
मध्य प्रदेश के किसानों के खाते में जाएंगे 1,634 करोड़ रुपये
मध्य प्रदेश के करीब 81.67 लाख किसानों को इस किस्त का लाभ मिलेगा. राज्य के किसानों के खातों में 1,634.88 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे. अब तक मध्य प्रदेश के किसानों को PM-Kisan योजना के तहत 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मिल चुकी है.
खरीफ की खेती से पहले क्यों अहम है यह पैसा?
जून और जुलाई का महीना किसानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय माना जाता है. धान, मक्का, सोयाबीन, दालों और अन्य खरीफ फसलों की बुआई से पहले किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक और मजदूरी के लिए नकदी की जरूरत होती है. ऐसे में 2,000 रुपये की यह किस्त छोटे और सीमांत किसानों के लिए शुरुआती खर्चों को पूरा करने में मददगार साबित हो सकती है.
अल नीनो और कमजोर मानसून पर सरकार की नजर
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सरकार संभावित अल नीनो और मानसून से जुड़ी चुनौतियों को लेकर सतर्क है. देश के 197 संवेदनशील जिलों के लिए विशेष रणनीति तैयार की जा रही है. इसमें कम पानी वाली फसलों को बढ़ावा देने, वैकल्पिक फसल योजना, बीज उपलब्ध कराने और स्थानीय स्तर पर कृषि प्रबंधन को मजबूत करने पर काम किया जा रहा है.
दाल उत्पादकों के लिए भी राहत
सरकार ने उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और गुजरात में मूंग, मसूर और उड़द की MSP पर खरीद को मंजूरी दी है. इससे किसानों को बाजार में कीमत गिरने की स्थिति में भी न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिल सकेगा.
करोड़ों किसानों की नजर आज की किस्त पर
देशभर के करोड़ों किसान आज अपने बैंक खातों पर नजर बनाए हुए हैं. खरीफ सीजन की शुरुआत से ठीक पहले आने वाली PM-Kisan की यह किस्त खेती की तैयारियों को रफ्तार देने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी नई ऊर्जा भर सकती है.




