Begin typing your search...

क्या शराब में मिलाया गया था मेथनॉल, 3 दिन में 8 लोगों की मौत, 140 अस्पताल में भर्ती; मणिपुर शराबकांड में अब तक क्या-क्या हुआ?

मणिपुर के चंदेल जिले में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से तीन दिनों के अंदर 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 140 मरीज अस्पताल पहुंच चुके हैं. पुलिस को शराब में मेथनॉल मिलाए जाने का शक है.

Manipur Toxic Liquor
X

Manipur Toxic Liquor

( Image Source:  X/ @PTI_News )

मणिपुर के चंदेल जिले में कथित तौर पर नकली शराब पीने से आठ लोगों की मौत हो गई है. पिछले तीन दिनों में हुई इन मौतों के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस को शक है कि शराब में मेथनॉल मिला हुआ था, जिसके कारण लोगों की तबीयत बिगड़ी. चकपिकरोंग सब-डिवीजन और आसपास के इलाकों में जहरीली शराब पीने के कई मामले सामने आए हैं। वहीं, बड़ी संख्या में लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

शिजा हॉस्पिटल के मुताबिक, मेथनॉल पॉइजनिंग के शक में अब तक 140 मरीज अस्पताल पहुंच चुके हैं. इनमें से एक मरीज की अस्पताल लाने के बाद मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को दो, गुरुवार को एक और 18 नवंबर को पांच लोगों की मौत हुई थी. हालांकि, अभी तक इन मौतों की असली वजह मेडिकल जांच में सामने नहीं आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

पुलिस ने क्या दी जानकारी?

पुलिस के बयान के मुताबिक, चंदेल जिले के चकपिकरोंग सब-डिवीजन और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध जहरीली शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. इसके बाद एक के बाद एक मौतों की खबर सामने आई. तीन दिनों के भीतर कुल आठ लोगों की जान जा चुकी है. पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को दो लोगों की मौत हुई, जबकि गुरुवार को एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया था. इससे पहले 18 नवंबर को पांच लोगों की मौत हुई थी. अधिकारियों को आशंका है कि शराब में मेथनॉल होने की वजह से ये घटनाएं हुई हैं. हालांकि, मौतों की मेडिकल पुष्टि होना अभी बाकी है.

डॉक्टर ने क्या बताया?

मेथनॉल पॉइजनिंग की आशंका के बीच शिजा हॉस्पिटल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. अस्पताल के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. चेतन खुंडोंगबाम ने बताया कि अस्पताल में इस तरह के संदिग्ध मामलों में 140 मरीज पहुंचे हैं. इनमें ज्यादातर मरीज चकपिकरोंग इलाके के रहने वाले हैं. डॉ. खुंडोंगबाम के मुताबिक, एक मरीज की अस्पताल पहुंचने के बाद मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मरीजों की हालत गंभीर है. इनका हीमोडायलिसिस किया जा रहा है. अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण उपलब्ध बेड भी भर चुके हैं.

उन्होंने कहा "हमने जो बेड तैयार किए थे, वे भर गए हैं. हमने राज्य के स्वास्थ्य विभाग, RIMS और JNIMS से मरीजों के इलाज में मदद करने की रिक्वेस्ट की है. हम कुछ मरीजों को दूसरे सेंटर में रेफर करेंगे, जबकि जिन गंभीर मरीजों को लाइफ सपोर्ट या हीमोडायलिसिस की ज़रूरत है, उन्हें यहीं रखेंगे."

कहां से खरीदी गई थी शराब?

चंदेल जिला पुलिस के मुताबिक, जिन लोगों की मौत हुई है, उन्होंने कथित तौर पर जो शराब पी थी, उसे काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदा गया था. चंदेल के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर को पत्र लिखकर जानकारी दी है. पत्र में बताया गया कि पीड़ितों ने सुगनू से खरीदी गई शराब का सेवन किया था. पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने या उसका उत्पादन करने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है. अब जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि शराब कहां तैयार की गई थी और उसमें जहरीला पदार्थ कैसे पहुंचा.

अगला लेख