"भगवान आपको माफ नहीं करेगा..." अभिषेक बनर्जी पर हमले के बाद ममता का ऑडियो वायरल! बोलीं- कल नहीं रहेगी BJP; जानें अपडेट
अभिषेक बनर्जी पर हमले के बाद ममता बनर्जी का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. ऑडियो में अस्पताल अधिकारी को कह रही हैं कि भगवान आपको माफ नहीं करेगा.
पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. शनिवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर कथित हमले के बाद सियासी माहौल गरमा गया है.
इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में तपन माइती और आकाश भी शामिल हैं, जिन्हें कथित तौर पर घटना से जुड़े वीडियो में देखा गया था. इसके साथ ही एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ममता अस्पताल के अधिकारी को धमकाती हुई नजर आ रही हैं.
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, अभिषेक बनर्जी शनिवार को सोनारपुर पहुंचे थे. इसी दौरान वहां मौजूद उग्र भीड़ ने उन पर हमला कर दिया. घटना के दौरान अभिषेक बनर्जी पर पथराव और अंडे फेंके गए. हमले में उन्हें चोटें भी आईं. स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उन्हें सुरक्षा घेरे में लिया और हेलमेट पहनाकर भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला. इस घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए कोलकाता के बैले व्यू अस्पताल ले जाया गया.
क्या पुलिस ने लिया कोई एक्शन?
अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें तपन माइती और आकाश का नाम भी शामिल है. पुलिस के मुताबिक, दोनों कथित तौर पर घटना से जुड़े वीडियो फुटेज में दिखाई दिए थे. मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.
ममता का ऑडियो वायरल?
घटना के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने न सिर्फ हमले की निंदा की, बल्कि अस्पताल प्रशासन और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए. इस बीच एक कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें ममता बनर्जी बैले व्यू अस्पताल के एक अधिकारी से नाराजगी जताती हुई सुनाई दे रही हैं.
ऑडियो में वह अंग्रेजी में कहती सुनाई देती हैं, "सॉरी मिस्टर टंडन, आपने गलत किया है. हमने आपकी जो मदद की है, उसे याद रखिए. भगवान आपको माफ नहीं करेगा. आप लोगों को गुमराह कर रहे हैं. आपको शर्म आनी चाहिए. हर कोई आपके अहंकार को याद रखेगा."
ऑडियो के एक अन्य हिस्से में वह यह भी कहती सुनाई देती हैं कि, "आप अस्पताल चला रहे हैं और अभी केंद्र में बीजेपी की सरकार है. कल अगर केंद्र सरकार नहीं रही तो हम इसका ध्यान रखेंगे." हालांकि, ऑडियो का कुछ हिस्सा स्पष्ट नहीं है और इसकी ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है.
अभिषेक को दबाव में डिस्चार्ज करने का आरोप
इससे पहले भी ममता बनर्जी ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा कि यदि अभिषेक बनर्जी की हालत गंभीर नहीं थी तो उन्हें आईटीयू में क्यों रखा गया था. वहीं अगर उनकी स्थिति गंभीर थी तो फिर उन्हें कथित दबाव में अस्पताल से छुट्टी क्यों दी गई.
अभिषेक के शरीर में खून के थक्के?
ममता बनर्जी ने इसे सुरक्षा व्यवस्था और चिकित्सा प्रक्रिया में बड़ी चूक बताया. उन्होंने कहा कि अभिषेक के शरीर में खून के थक्के जमे हुए हैं और यदि उन्होंने हेलमेट नहीं पहना होता तो उनकी मौके पर ही मौत हो सकती थी.
अब कहां होगा अभिषेक का इलाज?
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब अभिषेक बनर्जी का इलाज घर पर ही अस्पताल जैसी व्यवस्था के बीच किया जाएगा. उनके अनुसार घर में ऑक्सीजन सिलेंडर सहित सभी जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे.ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि अगर अभिषेक को आगे किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या होती है तो उसके लिए अस्पताल जिम्मेदार होगा.
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी ने पूरे घटनाक्रम को लोकतंत्र की हत्या करार दिया. उन्होंने कहा कि यह सरकार बदली नहीं है, बल्कि इसे जबरन बदला गया है. साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के कुछ स्थानीय बीजेपी नेताओं पर भी निशाना साधा. ममता ने कहा कि दिल्ली के बीजेपी नेता उतने बुरे नहीं हैं, जितने बंगाल के कुछ नेता हैं. उन्होंने राज्य की जांच एजेंसी सीआईडी को भी डरपोक बताते हुए उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए.




