भीषण गर्मी से मिलेगी राहत! 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, IMD ने बताया कब पहुंचेगा मानसून
भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है. IMD के अनुसार 17 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने वाला है, जबकि मानसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है.
इस समय पूरे देश में भीषण गर्मी पड़ रही है. लोग घर से बाहर निकलने में भी परेशान हो रहे हैं. लेकिन अब अच्छी खबर है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि अगले कुछ घंटों में कई राज्यों में बारिश और आंधी आने वाली है. इससे गर्मी का प्रकोप कम हो जाएगा। मध्य भारत के ज्यादातर इलाकों में लू (हीटवेव) का असर अब कमजोर पड़ गया है. बाकी बचे इलाकों में भी अगले 24 घंटे के अंदर गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है. उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत में 31 मई को तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान हवाएं 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं.
मानसून ने तेज किया रुख
दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी रफ्तार बढ़ा रहा है. 30 मई को यह अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और लक्षद्वीप के कई नए हिस्सों में आगे बढ़ गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 से 5 दिनों में मानसून तमिलनाडु, केरल और आसपास के इलाकों में और फैलने वाला है. इससे इन राज्यों में भी जल्द बारिश शुरू हो सकती है.
किन-किन राज्यों में होगी बारिश?
मौसम विभाग ने कुल 17 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें शामिल राज्य हैं: उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, बिहार, त्रिपुरा, मिजोरम, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, केरल, तमिलनाडु, नागालैंड और मध्य प्रदेश.
दिल्ली में आज का मौसम
राजधानी दिल्ली में आज यानी 31 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है. बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. 1 और 2 जून को भी बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है.
उत्तर प्रदेश में मौसम की स्थिति
उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदलने वाला है. लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा और मेरठ समेत कई बड़े शहरों में 31 मई को गरज-चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, शामली, बुलंदशहर जैसे जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा. हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. यह अलर्ट 31 मई और 1 जून तक लागू रहेगा.
बिहार में बारिश का अलर्ट
बिहार के लोगों को भी बारिश से राहत मिलने वाली है. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा सहित लगभग सभी प्रमुख जिलों में 31 मई और 1 जून को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है.
राजस्थान में धूलभरी आंधी
राजस्थान में शनिवार को धूलभरी आंधी ने कई इलाकों को प्रभावित किया था. मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक गरज-चमक और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की भविष्यवाणी की है. 31 मई को कई जगहों पर धूलभरी आंधी चलने की आशंका है. खासकर पूर्वी राजस्थान में ओले गिरने (ओलावृष्टि) का अलर्ट जारी किया गया है. हवाएं 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हो सकती हैं.
उत्तराखंड में बारिश और ओलावृष्टि
उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम सुहाना हो गया है. देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चमोली, पिथौरागढ़ जैसे जिलों में आज बारिश होने का अलर्ट है. कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं. गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.




