Begin typing your search...

दिल्ली-NCR में हल्का कोहरा, दिन में धूप से राहत; 9 फरवरी से फिर होगी उत्तराखंड में बर्फबारी

भारत मौसम विभाग ने कई राज्यों में कोहरे, तेज हवाओं और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-UP से लेकर हिमालयी राज्यों तक ठंड का असर और तेज होने वाला है.

imd weather alert fog snowfall delhi up himachal uttarakhand
X
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय

Updated on: 6 Feb 2026 8:27 AM IST

देशभर में अभी मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. ठंड का सितम जारी है, कोहरा परेशान कर रहा है, और पहाड़ों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो रही है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने हाल ही में कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किए हैं. खासकर पश्चिमी हिमालयी इलाकों (जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में 5-6 फरवरी और फिर 9 से 11 फरवरी तक अच्छी खासी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 2-3 दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे ठंड और भी ज्यादा महसूस होगी.

दिल्ली और आसपास के इलाकों में अभी सुबह-शाम काफी ठंड पड़ रही है, लेकिन दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल जाती है. मौसम विभाग के मुताबिक, कल यानी 6 फरवरी को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दिन के समय हवा की रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहेगी. सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा, जिससे दृश्यता थोड़ी कम हो सकती है और गाड़ी चलाने में सावधानी बरतनी पड़ेगी. 7 और 8 फरवरी को भी यही हाल रहेगा आंशिक बादल, हल्का कोहरा और ठंडी हवाएं. कुल मिलाकर दिल्ली में अभी ठंड कम होने के आसार नहीं दिख रहे.

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है. यहां भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है. 6 फरवरी को सुबह के समय पूरे राज्य में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा. कई जिलों में दृश्यता बहुत कम (कभी-कभी 50 मीटर से भी कम) हो सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यात्रा प्रभावित हो सकती है. खासकर पश्चिमी यूपी और आसपास के इलाकों में 20 से 30 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलेंगी. न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है, यानी रात और सुबह काफी ठंड लगेगी. दिन में धूप निकल सकती है, लेकिन कोहरा और हवाएं परेशानी बढ़ाएंगी.

बिहार का मौसम

बिहार में भी 6 फरवरी को घना कोहरा छाने का अलर्ट है. सुबह और रात के समय विजिबिलिटी बहुत कम हो सकती है. इससे सड़कों पर गाड़ियां धीरे चलेंगी, ट्रैफिक जाम लग सकता है और ट्रेनों में भी देरी हो सकती है. आने वाले दिनों में तापमान धीरे-धीरे और गिरेगा, तो ठंड बढ़ने वाली है. अभी बारिश की कोई खास संभावना नहीं है, लेकिन कोहरा मुख्य समस्या बनेगा.

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड

पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश के कुछ ऊंचे इलाकों में 6 फरवरी को बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है. 7 फरवरी की सुबह घना कोहरा छाएगा. तेज हवाएं चलने से ठंड और भी तेज महसूस होगी. पहाड़ी इलाकों में सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं, और यात्रा के दौरान सावधानी जरूरी है. उत्तराखंड में 5 फरवरी को पाला पड़ने का अलर्ट था. अगले 4 दिन यानी 6 से 8 फरवरी तक मौसम ज्यादातर सामान्य रहेगा ज्यादा बारिश या बर्फबारी नहीं होगी. लेकिन 9 फरवरी से मौसम फिर बदल जाएगा. 9 से 11 फरवरी तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ बर्फबारी होने की अच्छी संभावना है. अभी के लिए ठंड और कोहरा रहेगा.

राजस्थान और जम्मू-कश्मीर

राजस्थान में अभी कड़ाके की ठंड है. सीकर जैसे इलाकों में तापमान 4.5 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है. पूर्वी राजस्थान में सुबह हल्का कोहरा छाएगा. तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, यानी थोड़ी राहत मिलेगी. लेकिन कुछ जगहों पर ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे सर्दी महसूस होगी. जम्मू-कश्मीर में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं. 6 फरवरी को बारिश के साथ बर्फबारी होने की बहुत मजबूत संभावना है. फिर 9 से 11 फरवरी को दूसरे विक्षोभ के कारण झमाझम बारिश और भारी बर्फबारी हो सकती है. इससे पहाड़ी रास्ते बंद हो सकते हैं, सड़क यातायात प्रभावित होगा और ठंड बहुत बढ़ जाएगी. यात्रा करने वालों को पहले मौसम की जानकारी जरूर लेनी चाहिए

मौसम
अगला लेख