Begin typing your search...

चेतन को धक्का देते देखा, फिर गवाह को भी दी धमकी, केतन अग्रवाल मर्डर केस में 2 चश्मदीदों ने क्या बताया?

केतन अग्रवाल की मौत का मामला अब एक अहम गवाह के बयान से नया मोड़ ले रहा है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एक चश्मदीद ने दावा किया है कि उसने लोहगढ़ किले पर चेतन चौधरी को केतन को पहाड़ी से नीचे धक्का देते हुए देखा था.

chetan and siya
X
हेमा पंत
Edited By:हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 28 Sept 2026 11:44 AM IST

पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले में जांच के बीच एक नया अपडेट सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, दो चश्मदीदों के बयान जांच में अहम हो गए हैं. गवाह का आरोप है कि घटना देखने के बाद चेतन ने उसे भी चुप रहने के लिए धमकाया और वैसा ही अंजाम भुगतने की चेतावनी दी.

वहीं, दूसरे गवाह ने भी लोहगढ़ जाते समय चेतन को देखने की बात कही है. उसने चेतन की हुडी को लेकर उससे सवाल किया था. पुलिस अब दोनों गवाहों के बयानों के साथ मोबाइल फोन, चैट और दूसरे डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है.

पहले गवाह ने क्या देखा?

पुलिस के मुताबिक, यह गवाह अपने दोस्त के परिवार के साथ लोहगढ़ घूमने गया था. किले की सीढ़ियां चढ़ते वक्त उसने केतन और उनकी मंगेतर सिया गोयल को साथ जाते देखा. चेतन भी उनके पीछे चल रहा था. गवाह का ध्यान चेतन की हुडी पर गया और उसने गर्मी में हुडी पहनने की वजह भी पूछी थी. किले पर पहुंचने के बाद चेतन कुछ देर मंदिर के पास बैठा रहा. इसके बाद वह केतन और सिया के पीछे आगे चला गया. इसी बीच गवाह पेट में दर्द होने की वजह से थोड़ी देर के लिए वहां से दूसरी तरफ चला गया.

किसने मारी थी केतन को लात?

गवाह ने पुलिस को बताया कि जब वह वापस मौके पर पहुंचा तो उसने सिया को चेतन की ओर इशारा करते देखा. इसके बाद सिया नीचे बैठ गई और आरोप है कि उसने केतन के पैर पर लात मारी. तभी चेतन पीछे से दौड़ता हुआ आया और केतन को धक्का दे दिया. गवाह के मुताबिक, उसने अपनी आंखों के सामने यह पूरा मामला होते देखा.

चेतन ने दी पहाड़ से फेंकने की धमकी

इसके बाद गवाह ने चेतन से इस बारे में पूछ लिया. आरोप है कि इस पर चेतन भड़क गया और उसने गवाह को भी किले से नीचे फेंकने की धमकी दी. डर के कारण गवाह ने उस वक्त यह बात अपने दोस्त को भी नहीं बताई. घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे बुखार व शरीर में दर्द होने लगा. बाद में जब मीडिया के जरिए उसे केतन की मौत से जुड़ी और जानकारी मिली, तो उसने पुलिस से कॉन्टैक्ट किया और अपना बयान दर्ज कराया.

दूसरे गवाह ने क्या बताया?

इस मामले में दूसरे चश्मदीद का बयान भी पुलिस के सामने आया है. उसने बताया कि लोहगढ़ की चढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात चेतन से हुई थी. उसने चेतन से गर्मी में हुडी पहनकर घूमने की वजह भी पूछी थी. पुलिस के अनुसार, चेतन ने उस समय माफी मांगी और आगे बढ़ गया. जांच में दोनों गवाहों के बयानों में चेतन की हुडी का जिक्र होना एक अहम बात मानी जा रही है.

कितने पन्नों की हुई चार्जशीट दाखिल

शुरुआत में केतन की मौत को लोहगढ़ किले से गिरने का हादसा माना गया था. लेकिन जांच आगे बढ़ने के बाद पुलिस ने इसे हत्या की साजिश बताया. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में सिया, चेतन और चेतन के दोस्त रितेश हांगे को आरोपी बनाया गया है. पुणे ग्रामीण पुलिस इस केस में 5,053 पन्नों की चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है. अब तक पुलिस के सामने तीन गवाहों के बयान आने की बात कही गई है.

अगला लेख