Begin typing your search...

भागते-गिरते लोग-बहती गाड़ियां, ट्रक भी नहीं सह पाया स्पीड, केरल के वायनाड में आई ऐसी भयावह लैंडस्लाइड, देखें VIDEO

केरल के वायनाड में आई भीषण लैंडस्लाइड का वीडियो रोंगटे खड़े कर देने वाला है. कुछ ही सेकेंड में शांत दिखने वाला इलाका मलबे के सैलाब में बदल जाता है, जहां लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आते हैं और ट्रक तक बह जाता है.

भागते-गिरते लोग-बहती गाड़ियां, ट्रक भी नहीं सह पाया स्पीड, केरल के वायनाड में आई ऐसी भयावह लैंडस्लाइड, देखें VIDEO
X

लैंडस्लाइड में बहती गाड़ियां और ट्रक वीडियो वायरल

हेमा पंत
Edited By: हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 7 July 2026 4:22 PM IST

केरल के वायनाड से सामने आया लैंडस्लाइड का एक खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो की शुरुआत में सबकुछ सामान्य दिखाई देता है, लेकिन कुछ ही सेकेंड बाद पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा नीचे आ गिरता है. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगते हैं और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच जाती है.

इस भयावह लैंडस्लाइड की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क किनारे खड़ा ट्रक भी मलबे के साथ बह गया, जबकि कई वाहन इसकी चपेट में आ गए. वीडियो में एक शख्स मिट्टी में फंसता भी नजर आता है, जिसे दूसरा व्यक्ति बाहर निकालता है. इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि कुछ के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है.

वयनाड में लैंडस्लाइड का भयावह वीडियो

वीडियो की शुरुआत में दो लोग छाता लेकर सड़क पर चलते नजर आते हैं. पास में बने एक ऑफिस से भी कुछ लोग बाहर निकलते हैं. तभी अचानक एक शख्स तेजी से सड़क पार कर भागने लगता है. उसे भागता देख बाकी लोग भी खतरा भांप जाते हैं और अपनी जान बचाने के लिए दौड़ पड़ते हैं. कुछ ही पल में पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा नीचे आ गिरता है. देखते ही देखते पूरा इलाका धूल और मलबे से भर जाता है. दूर खड़े लोग भी घबराकर भागते नजर आते हैं.

ट्रक भी नहीं रोक पाया मलबे की रफ्तार

वीडियो में साफ दिखाई देता है कि लैंडस्लाइड का बहाव इतना तेज था कि सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा ट्रक भी अपनी जगह पर नहीं टिक पाया और मलबे के साथ दूर तक बह गया. कई वाहन भी इसकी चपेट में आ गए. इस दौरान एक व्यक्ति मिट्टी में फंस जाता है, लेकिन पास मौजूद दूसरा शख्स तुरंत उसकी मदद करता है और उसे बाहर निकाल लेता है.

हादसे में 2 लोगों की मौत, कई लापता

यह हादसा वायनाड के मीनाक्षी ब्रिज के पास हुआ, जहां सुरंग निर्माण का काम चल रहा था. इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. कुछ लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है.

मंत्री ने क्या बताया?

वायनाड में पिछले 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद इलाके में रेड अलर्ट जारी किया गया था. वहीं, केरल के कृषि मंत्री पी. सिद्दीक ने इस घटना को "मानव निर्मित लैंडस्लाइड" बताया. उनका आरोप है कि सुरंग निर्माण के दौरान निकाली गई मिट्टी को वैज्ञानिक तरीके से नहीं हटाया गया, जिसकी वजह से भारी बारिश में पूरा मलबा नीचे आ गया और इतना बड़ा हादसा हो गया. यह वीडियो दिखाता है कि प्राकृतिक आपदा कितनी तेजी से सबकुछ बदल सकती है. कुछ सेकेंड पहले जहां लोग सामान्य तरीके से अपने काम में लगे थे, वहीं अगले ही पल पूरा इलाका मलबे और अफरा-तफरी में बदल गया.

अगला लेख