कौन हैं भारतीय आर्मी अफसर की पत्नी, जिस पर चीन के लिए जासूसी करने का लगा आरोप; ChatGPT से क्या-क्या जानकारी जुटाई?
जम्मू में एक आर्मी अफसर की पत्नी पर चीन के लिए जासूसी करने का आरोप लगा है, जिसका जांच की जा रही है. जानकारी के मुताबिक महिला ने एआई की मदद से कुछ रिसर्च लेटर तैयार किए और चीन को भेजे.
army officer wife spy allegations
जम्मू में सेना के एक अधिकारी की पत्नी के खिलाफ जासूसी और राष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों से जुड़ी जानकारी जुटाने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है. पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों का आरोप है कि महिला ने ChatGPT और Claude जैसे AI टूल्स की मदद से रक्षा, सुरक्षा और भू-राजनीतिक मामलों का रिसर्स लेटर तैयार किया था. जांच एजेंसियों को शक है कि ये दस्तावेज संदिग्ध चीनी खुफिया संपर्कों के लिए तैयार किए गए हो सकते हैं.
तेलंगाना की रहने वाली महिला रिसर्चर के रूप में काम कर चुकी है. अधिकारियों के मुताबिक, उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है और एफआईआर दर्ज होने के बाद उससे पूछताछ की गई है. जांच एजेंसियां उसके मोबाइल फोन से मिले दस्तावेजों, विदेशी नागरिकों के साथ कथित संपर्कों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही हैं.
महिला ने क्या-क्या जानकारी जुटाई?
पीटीआई के हवाले से अधिकारियों ने बताया कि महिला कथित तौर पर राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा और अंतरराष्ट्रीय संबंधों से जुड़े संवेदनशील विषयों पर रिसर्च कर रही थी. इन विषयों में जम्मू-कश्मीर में LoC के आसपास के घटनाक्रम, अरुणाचल प्रदेश में अहम प्रोजेक्ट और ड्रोन की तैनाती जैसे मामले शामिल बताए गए हैं.
जम्मू में कब और कैसे शुरू हुई जांच?
अधिकारियों के मुताबिक, एक सूचना मिलने के बाद केंद्रीय खुफिया एजेंसी और पुलिस के कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने 14 अक्टूबर को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर महिला को रोका था. बताया गया कि वह पठानकोट जाने वाली ट्रेन में सवार होने की तैयारी कर रही थी. इसके बाद उसे पूछताछ के लिए पास के एक सैन्य स्टेशन ले जाया गया. उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. शुक्रवार को जम्मू के गांधी नगर पुलिस स्टेशन में इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई.
किन कानूनों के तहत दर्ज हुआ मामला?
पुलिस ने महिला के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपों में जासूसी और संरक्षित सरकारी सूचनाओं के इस्तेमाल की आशंका शामिल है. इसके अलावा, BNS की आपराधिक साजिश और राष्ट्रीय संप्रभुता के विरुद्ध अपराधों से संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं. जांच एजेंसियां अभी यह पता करने में जुटी हैं कि महिला की गतिविधियां कानून का उल्लंघन करती थीं या नहीं.
विदेशी नागरिकों से संपर्क का क्या मामला?
अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान महिला के विदेशी नागरिकों के साथ कथित संपर्कों की जानकारी भी सामने आई है. दावा किया गया है कि उसने 2023 में संयुक्त राष्ट्र में इंटर्नशिप के दौरान कई विदेशी नागरिकों से बातचीत की थी. इनमें एक चीनी नागरिक भी शामिल बताया गया है, जिसके साथ वह व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क में थी. जांच अधिकारियों ने यह भी दावा किया कि महिला 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से एक मलेशियाई नागरिक के संपर्क में आई थी. यह व्यक्ति कथित तौर पर एक कंसल्टेंसी चलाता था और उसके चीनी खुफिया एजेंसियों के लिए काम करने का शक है.
कौन है सेना अधिकारी की पत्नी?
अधिकारियों के अनुसार, महिला काफी पढ़ी-लिखी है और स्वतंत्र रिसर्चर के रूप में काम कर चुकी है. उसने 2022 में जिनेवा से यूरोपीय और अंतरराष्ट्रीय शासन में मास्टर ऑफ एडवांस्ड स्टडीज की डिग्री हासिल की थी. इससे पहले, साल 2021 में उसने बेंगलुरु के एक विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में पोस्ट ग्रेजुएट की थी. बताया गया है कि महिला ने नई दिल्ली स्थित सेंटर फॉर लैंड वॉरफेयर स्टडीज (CLAWS) के साथ ऑनलाइन इंटर्नशिप भी की थी और कई रिसर्च आर्टिकल लिखे थे. अधिकारियों के मुताबिक, उसने अक्टूबर 2023 में भारतीय सेना के एक अधिकारी से शादी की थी, जो मेजर रैंक पर हैं.




