iPhone यूजर्स अलर्ट! DarkSword हैकिंग टूल से करोड़ों डिवाइस खतरे में, तुरंत करें ये काम
iPhone यूजर्स के लिए बड़ा साइबर खतरा सामने आया है. ‘DarkSword’ नाम का हैकिंग टूल करोड़ों डिवाइस को निशाना बना रहा है, खासकर वे iPhone जो पुराने iOS वर्जन पर चल रहे हैं. यह टूल कई ज़ीरो-डे कमजोरियों का फायदा उठाकर फोन को पूरी तरह हैक कर सकता है. सबसे चिंता की बात यह है कि यह GitHub जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है.
फोन की सुरक्षा के मामले में हमेशा टॉप पर रहने वाला iPhone अब एक बड़े साइबर खतरे के घेरे में आ गया है. जिस डिवाइस को अब तक हैकिंग से सबसे सुरक्षित माना जाता था, उसी को निशाना बनाकर हैकर्स ने नया हमला शुरू कर दिया है. हालिया रिपोर्ट्स ने खुलासा किया है कि 'DarkSword' नाम का खतरनाक टूल iPhone यूजर्स के डेटा और प्राइवेसी को गंभीर खतरे में डाल सकता है, जिससे करोड़ों डिवाइस प्रभावित हो सकते हैं.
सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि यह खतरनाक टूल अब खुले प्लेटफॉर्म GitHub पर उपलब्ध है, जिससे कोई भी इसे आसानी से इस्तेमाल कर सकता है. साइबर एक्सपर्ट्स का साफ कहना है कि आने वाले समय में इस तरह के हमले तेजी से बढ़ सकते हैं और अगर यूजर्स सतर्क नहीं हुए तो यह खतरा और बड़ा रूप ले सकता है.
DarkSword क्या है और कैसे करता है हमला?
Google Threat Intelligence Group के अनुसार, DarkSword एक 'फुल-चेन एक्सप्लॉइट' है, जो कई 'ज़ीरो-डे कमजोरियां' का फायदा उठाकर iPhone को पूरी तरह से हैक कर सकता है. यह टूल iOS 18.4 से iOS 18.7 तक के डिवाइस को टारगेट करता है और इसमें GHOSTBLADE, GHOSTKNIFE और GHOSTSABER जैसे मालवेयर शामिल हैं.
किन देशों में पहले हो चुका है इस्तेमाल?
रिपोर्ट के मुताबिक, इस टूल का इस्तेमाल पहले ही कई देशों में किया जा चुका है, जिनमें Saudi Arabia, Turkey, Malaysia और Ukraine शामिल हैं. इन हमलों के पीछे कुछ सर्विलांस कंपनियों और राज्य-प्रायोजित एजेंसियों के होने की आशंका जताई गई है.
क्या iOS अपडेट से बचाव संभव है?
साइबर एक्सपर्ट्स के अनुसार, DarkSword द्वारा इस्तेमाल किए गए सभी एक्सप्लॉइट्स को iOS 26.3 अपडेट में पैच कर दिया गया है. यानि जो यूजर्स अपने iPhone को लेटेस्ट iOS 26 पर अपडेट कर चुके हैं, वे इस खतरे से सुरक्षित हैं.
किन यूजर्स पर सबसे ज्यादा खतरा है?
सबसे ज्यादा खतरा उन यूजर्स को है, जो पुराने iPhone मॉडल (जैसे iPhone X या उससे पहले के डिवाइस) इस्तेमाल कर रहे हैं और iOS 18 पर ही अटके हुए हैं. ऐसे करोड़ों डिवाइस अब भी इस हैकिंग टूल के निशाने पर हैं.
GitHub पर अपलोड होने से क्यों बढ़ा खतरा?
साइबर सिक्योरिटी स्टार्टअप iVerify के को-फाउंडर Matthias Frielingsdorf ने चेतावनी देते हुए कहा कि 'यह बुरा है. इन्हें दोबारा इस्तेमाल करना बहुत आसान है. मुझे नहीं लगता कि अब इसे नियंत्रित किया जा सकता है. इसलिए हमें उम्मीद करनी चाहिए कि अपराधी और अन्य लोग भी अब इसका इस्तेमाल करना शुरू कर देंगे.' उन्होंने यह भी बताया कि ये एक्सप्लॉइट्स सीधे इस्तेमाल के लिए तैयार हैं. इसके लिए iOS की कोई विशेष तकनीकी जानकारी जरूरी नहीं है.' यानि अब बिना किसी टेक्निकल ज्ञान के भी कोई इस टूल का इस्तेमाल कर सकता है.
कैसे बचें इस साइबर खतरे से?
फिलहाल इस खतरे से बचने का सबसे सुरक्षित तरीका है-
- अपने iPhone को तुरंत लेटेस्ट iOS 26 पर अपडेट करें
- अनजान लिंक या वेबसाइट से दूर रहें
- सिक्योरिटी अपडेट्स को नजरअंदाज न करें




