Begin typing your search...

प्रदर्शनकारियों को डिटेन कर क्या करती है पुलिस, क्या कहता है कानून, गिरफ्तारी-हिरासत और नजरबंदी का पूरा खेल समझिए

पुलिस प्रदर्शनकारियों को क्यों डिटेन करती है? गिरफ्तारी, हिरासत और नजरबंदी में अंतर, पुलिस के अधिकार, कानूनी प्रक्रिया और 24 घंटे के नियम को आसान भाषा में समझिए.

प्रदर्शनकारियों को डिटेन कर क्या करती है पुलिस, क्या कहता है कानून, गिरफ्तारी-हिरासत और नजरबंदी का पूरा खेल समझिए
X

SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में प्रदर्शन हो या किसी राजनीतिक मुद्दे पर प्रदर्शन, पुलिस की कार्रवाई के दौरान अक्सर तीन शब्द सुनाई देते हैं- डिटेन गिरफ्तारी और नजरबंदी. शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी, वामपंथी दलों और दूसरे राजनीतिक संगठनों के प्रदर्शन में भी इन शब्दों को लेकर सवाल उठते हैं. आखिर पुलिस किसी प्रदर्शनकारी को डिटेन करती है तो क्या उसे गिरफ्तार माना जाएगा? क्या पुलिस किसी को अपनी मर्जी से कुछ घंटे रोककर छोड़ सकती है? क्या इसकी कोई लिखित एंट्री होती है? और 24 घंटे पूरे होने पर क्या पुलिस को उसे अदालत में पेश करना पड़ता है? इन सवालों के जवाब जानना जरूरी है, क्योंकि पुलिस की कार्रवाई की भी कानूनी सीमाएं हैं.

1. डिटेन का क्या मतलब?

डिटेन यानी किसी व्यक्ति को पुलिस द्वारा किसी कानूनी आधार पर कुछ समय के लिए रोकना या हिरासत में लेना. प्रदर्शन के दौरान पुलिस किसी व्यक्ति को उस जगह से हटाकर पुलिस वाहन या थाने ले जा सकती है, लेकिन हर बार ऐसा करना गिरफ्तारी नहीं होता. यदि पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने या किसी संभावित अपराध को रोकने के लिए कार्रवाई करती है, तो उसके लिए संबंधित कानून की शर्तें पूरी करना जरूरी है. केवल डिटेन कह देने से पुलिस को असीमित अधिकार नहीं मिल जाते. कार्रवाई का आधार, परिस्थितियां और हिरासत की वजह भी देखी जाती है.

जब पुलिस कानून के तहत किसी व्यक्ति को आधिकारिक रूप से गिरफ्तार करती है, तो उसे गिरफ्तारी कहते हैं. इसके बाद गिरफ्तारी संबंधी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन जरूरी है.

2. पुलिस किन धाराओं में डिटेन करती है?

किसी व्यक्ति को रोकने के लिए एक ही धारा लागू नहीं होती. भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 168 से 172 कुछ खास परिस्थितियों में जरूरी कानूनी कार्रवाई और निर्देशों से जुड़ी हैं. धारा 170 में गंभीर अपराध को रोकने के लिए गिरफ्तारी की शक्ति है, लेकिन इसके लिए अपराध को अन्य तरीके से रोकना संभव न होने जैसी कानूनी शर्तें लागू होती हैं. वहीं, BNSS की धारा 163 तत्काल रोकथाम या तत्काल कार्रवाई के लिए आदेश जारी करने से संबंधित है. यह अपने आप में हर प्रदर्शनकारी को गिरफ्तार करने की खुली अनुमति नहीं है.

3. डिटेन करने पर रिकॉर्ड बनता है?

पुलिस की कार्रवाई का रिकॉर्ड होना महत्वपूर्ण है. यदि कार्रवाई गिरफ्तारी में बदलती है, तो गिरफ्तारी का कारण, समय और अन्य जरूरी विवरण दर्ज करने तथा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की बाध्यता होती है. बिना गिरफ्तारी के थोड़ी देर रोकने की हर परिस्थिति में एक जैसी औपचारिक प्रक्रिया नहीं होती, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पुलिस बिना कानूनी आधार किसी को मनमाने ढंग से थाने में बैठा सकती है. व्यक्ति को यह पूछने का अधिकार है कि उसे किस कारण रोका गया है, उसे कहां ले जाया जा रहा है और क्या उसे गिरफ्तार किया गया है.

4. डिटेन करने के बाद पुलिस क्या करती है?

पुलिस व्यक्ति को पूछताछ के लिए रोक सकती है, स्थिति के अनुसार उसे प्रदर्शन स्थल से हटा सकती है या कानूनी निर्देश का पालन न करने पर BNSS की धारा 172 के तहत कार्रवाई कर सकती है. इस धारा में हिरासत में लेने या हटाने के बाद मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने का प्रावधान भी है; छोटे मामलों में 24 घंटे के भीतर छोड़ने की व्यवस्था लागू होती है. हर डिटेन किए गए व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना अनिवार्य नहीं है. यदि पुलिस को अपराध का आधार मिलता है, तो वह लागू कानून के अनुसार एफआईआर और गिरफ्तारी की प्रक्रिया अपना सकती है.

5. क्या 24 घंटे बाद छोड़ना जरूरी है?

संविधान के आर्टिकल 22(2) और BNSS की धारा 58 के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति को सामान्यतः गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर निकटतम मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना होता है. यात्रा में लगने वाला जरूरी समय इसमें शामिल नहीं होता. मजिस्ट्रेट की अनुमति के बिना इससे अधिक पुलिस हिरासत में नहीं रखा जा सकता. इसका अर्थ यह नहीं कि हर स्थिति में पुलिस को व्यक्ति को ठीक 24 घंटे तक रोकना ही है. उसे पहले भी छोड़ा जा सकता है. यदि व्यक्ति केवल खतरे की आशंका के तहत रोका गया है, तो उससे जुड़ी कार्रवाई किसी न किसी खास धारा भी होंगे.

6. नजरबंदी क्या है और कब होती है?

नजरबंदी का अर्थ संदर्भ के अनुसार बदल सकता है. आम बोलचाल में किसी व्यक्ति को उसके घर या किसी निर्धारित स्थान तक सीमित रखना भी नजरबंदी कहा जाता है. लेकिन कानूनी अर्थ में निवारक निरोध (Preventive Detention) एक अलग व्यवस्था है, जिसमें किसी व्यक्ति को भविष्य में संभावित गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से विशेष कानून के तहत हिरासत में रखा जाता है. इसका आधार केवल किसी प्रदर्शन में शामिल होना नहीं हो सकता. संबंधित कानून की शर्तें और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है.

7. नजरबंदी में कौन-सा कानून लागू होता है?

निवारक निरोध के लिए संविधान का अनुच्छेद 22(3) से 22(7) और संबंधित विशेष कानून लागू होते हैं. कानून के अनुसार निरोध आदेश, उसके आधार की जानकारी और समीक्षा से जुड़ी प्रक्रियाएं महत्वपूर्ण होती हैं. सामान्य गिरफ्तारी की तरह हर मामले में 24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने का नियम निवारक निरोध पर उसी रूप में लागू नहीं होता. संविधान में इसके लिए अलग सुरक्षा उपाय दिए गए हैं, जिनमें निरोध के आधार बताने और निर्धारित परिस्थितियों में सलाहकार बोर्ड की समीक्षा जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं.

8. क्या नजरबंदी में रिकॉर्ड नहीं बनता?

नजरबंदी भी मनमानी कार्रवाई का लाइसेंस नहीं है. इसके लिए वैध आदेश, लागू कानून और निर्धारित प्रक्रिया जरूरी हैं. संबंधित व्यक्ति या उसके परिजन आदेश की जानकारी और उपलब्ध कानूनी उपायों के बारे में पूछ सकते हैं. आदेश को अदालत में चुनौती भी दी जा सकती है. नजरबंदी की अवधि और समीक्षा की प्रक्रिया संबंधित कानून पर निर्भर करती है. इसलिए यह मानना गलत होगा कि पुलिस किसी को अपनी मर्जी से अनिश्चित समय तक नजरबंद रख सकती है.

9. आज के प्रदर्शन से क्या समझें?

10 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में CJP, आम आदमी पार्टी की छात्र इकाई और वामपंथी छात्र संगठनों के प्रदर्शन का मुद्दा एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग से जुड़ा है. ऐसी स्थिति में पुलिस की कार्रवाई को समझने के लिए यह जानना जरूरी है कि कार्रवाई किस कानूनी आधार पर हुई, क्या व्यक्ति को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया और यदि उसे छोड़ा नहीं गया तो हिरासत जारी रखने का अधिकार किस आदेश या कानून से मिला.

एक्सप्लेनर
अगला लेख