ये कैसा भारत है? Delimitation Bill को साउथ के लिए क्यों कहा जा रहा Punishment, जनसंख्या से लेकर ग्रोथ-फेडरलिज्म तक की बात
डिलिमिटेशन (Delimitation) को लेकर साउथ में नाराज़गी बढ़ रही है. जनसंख्या के आधार पर सीट बढ़ाने से क्या विकास करने वाले राज्यों को नुकसान होगा? समझें पूरा विवाद.
Delimitation Bill Debate: परिसीमन बिल को लेकर देश की राजनीति में इस समय एक गहरी और बहुआयामी बहस चल रही है. यह मुद्दा अब केवल सीटों के पुनर्निर्धारण तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि यह प्रतिनिधित्व, विकास मॉडल और संघवाद जैसे बड़े सवालों से जुड़ गया है. महिला आरक्षण बिल के साथ जुड़े परिसीमन के मुद्दे ने खासतौर पर दक्षिण भारतीय राज्यों में नई चिंताएं पैदा कर दी हैं. कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों में यह आशंका जताई जा रही है कि अगर भविष्य में लोकसभा सीटों का बंटवारा पूरी तरह जनसंख्या के आधार पर हुआ, तो उनकी राजनीतिक ताकत कमजोर हो सकती है. दक्षिण भारत का भविष्य उत्तर भारत वाले तय करेंगे. ये सजा विकास, स्थिर सरकार, जनसंख्या नियंत्रण, मानव विकास और अन्य मामलों में मॉडल स्टेट बने राज्यों के लोगों को क्यों, आखिर उन्होंने कौन सा अपराध किया है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन उनके लिए सजा से कम नहीं हो सकता.
क्या परिसीमन दक्षिण के लिए “सियासी सजा” बन सकता है?
दरअसल, परिसीमन बिल पर सीनियर जर्नलिस्ट Ravi Prakash की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने इस बहस को और तेज कर दिया है. उन्होंने अपने वीडियो और पोस्ट में यह तर्क दिया कि यह केवल एक संभावित बदलाव नहीं, बल्कि एक “सियासी सजा” हो सकती है. उनके अनुसार, जिन राज्यों ने शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है, उन्हें कम प्रतिनिधित्व मिलना न्यायसंगत नहीं कहा जा सकता. उनका सवाल है कि क्या विकास करना और जनसंख्या को नियंत्रित रखना अब राजनीतिक नुकसान का कारण बनेगा?
क्या जनसंख्या के आधार पर सीटों का बंटवारा सही है?
रवि प्रकाश इस मुद्दे को भावनात्मक और वैचारिक दोनों स्तर पर उठाते हैं. उनका कहना है कि अगर अधिक आबादी वाले राज्यों को ज्यादा सीटें मिलती हैं, तो यह “नाकामी को इनाम” देने जैसा होगा. वहीं बेहतर शासन और सामाजिक प्रगति वाले राज्यों को “सजा” मिल सकती है. यह बहस यहीं से उठती है कि क्या लोकतंत्र में सिर्फ जनसंख्या ही प्रतिनिधित्व का आधार होना चाहिए, या विकास और प्रदर्शन को भी महत्व मिलना चाहिए.
दक्षिण भारत में नाराजगी क्यों बढ़ रही है?
दक्षिण भारत की चिंता केवल संभावित सीटों की संख्या को लेकर नहीं है, बल्कि उनके विकास मॉडल को लेकर भी है. इन राज्यों ने पिछले कुछ दशकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, औद्योगिक विकास और जनसंख्या नियंत्रण में उल्लेखनीय प्रगति की है. उन्हें डर है कि उनका यह संतुलित विकास मॉडल राजनीतिक प्रतिनिधित्व में नुकसान में बदल सकता है, जो उन्हें असमान और अनुचित लगता है.
क्या यह उत्तर बनाम दक्षिण का मामला है?
रवि प्रकाश इसे केवल क्षेत्रीय टकराव नहीं मानते, बल्कि इसे भारत के संघीय ढांचे का सवाल बताते हैं. उनके अनुसार, अगर एक क्षेत्र दूसरे के भविष्य का फैसला करेगा, तो यह संघवाद की मूल भावना के खिलाफ होगा. हालांकि सरकार का कहना है कि यह राष्ट्रीय स्तर पर संतुलन बनाने की प्रक्रिया है, न कि किसी क्षेत्र को कमजोर करने की.
क्या दक्षिण भारत का विकास मॉडल अलग है?
दक्षिण भारत के राज्यों ने अलग-अलग क्षेत्रों में मजबूत उदाहरण पेश किए हैं. Chennai औद्योगिक और मैन्युफैक्चरिंग हब है, Bengaluru आईटी और स्टार्टअप का वैश्विक केंद्र बन चुका है, जबकि Hyderabad तेजी से उभरते टेक और इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल का प्रतीक है. अमरावती नई कहानी गढ़ रहा है. केरल को कौन नहीं जानता. शिक्षा, स्वास्थ्य, मानव विकास, महिला सशक्तिकरण,सामुदायिक विकास के मामले में केरल ने देश को मजबूत मॉडल तैयार कर दिए हैं. केरल की Kudumbashree जैसी पहलें अहम भूमिका निभा रही हैं.
सरकार का पक्ष क्या है, अमित शाह ने क्या कहा?
केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah ने संसद में स्पष्ट किया कि परिसीमन के बाद दक्षिण के राज्यों की सीटों में कमी नहीं आएगी, बल्कि वृद्धि होगी. उन्होंने आंकड़ों के साथ बताया कि कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और केरल, सभी राज्यों की सीटें बढ़ेंगी और उनकी कुल हिस्सेदारी भी लगभग स्थिर बनी रहेगी.
परिसीमन बिल को लेकर उपजे भ्रम और दक्षिण के राज्यों में कैसे बढ़ेंगी सीटें, पर 16 अप्रैल को लोकसभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था, 'कर्नाटक में 28 सीटें हैं, यानी मौजूदा कुल सीटों में 5.15 प्रतिशत, बिल पारित होने के बाद 42 सीटें 5.14 प्रतिशत हो जाएंगी. तेलंगाना में 17 सीटें हैं, यानी 3.13 प्रतिशत, जो कि 26 हो जाएंगी. तमिलनाडु की शक्ति भी कम नहीं होगी. अभी 39 यानी 7.18 प्रतिशत सीटे हैं, जो कि बढ़कर 59 हो यानी 7.23 प्रतिशत हो जाएंगी. इसी तरह आंध्र प्रदेश में मौजूदा सांसद 25, परिसीमन के बाद बढ़कर 38 और केरल में केरल में मौजूदा सांसद 20, परिसीमन के बाद 30 हो जाएगा.
दक्षिण भारत के पांच राज्यों यानी तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र और केरल की संसदीय सीटों में कमी नहीं बल्कि इजाफा होगा. वर्तमान में इन राज्यों से 129 सांसद आते हैं. यानी की भारत के कुल सांसदों का 23.76 प्रतिशत है. बाद में 195 सांसद हो जाएंगे. इनका प्रतिशत 23.97 हो जाएगा. दक्षिण के राज्यों की शक्ति परिसीमन के लोकसभा की कुल 816 सीट होने पर बढ़ेगी.
परिसीमन कब लागू होगा और आगे क्या होगा?
सरकार के अनुसार यह प्रक्रिया तुरंत लागू नहीं होगी. Delimitation Commission of India की सिफारिशों के बाद संसद और राष्ट्रपति की मंजूरी जरूरी होगी. Amit Shah ने साफ किया है कि 2029 से पहले इसके लागू होने की संभावना नहीं है और तब तक चुनाव पुरानी व्यवस्था के तहत ही होंगे.
असली सवाल क्या है: विकास VS जनसंख्या या संतुलन?
पूरी बहस का केंद्र यही है कि क्या भारत का राजनीतिक प्रतिनिधित्व केवल जनसंख्या से तय होगा या उसमें विकास, प्रशासनिक क्षमता और सामाजिक प्रगति को भी जगह मिलेगी. फिलहाल यह मुद्दा भारतीय राजनीति के सबसे बड़े विमर्शों में शामिल हो चुका है, जहां आंकड़ों के साथ-साथ क्षेत्रीय अस्मिता, संतुलन और लोकतांत्रिक मूल्यों की भी परीक्षा हो रही है.




