Weather Updates: मार्च में अभी भी बाकी है बारिश, दिल्ली-NCR, यूपी समेत बाकी राज्यों में ऐसे रहेगा मौसम
उत्तर भारत में मार्च में मौसम अभी भी स्थिर नहीं हुआ है. दिल्ली-NCR, यूपी और हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है.
मार्च के महीने मई जैसी गर्मी आने के बाद एक बार फिर मौसम ठंडा हो गया तो वहीं अब दो दिन से हल्की-हल्की धूप नजर आ रही है जिसके बाद लोगों का कहना है कि अब बारिश गई और फिर गर्मी आ गई है लेकिन हाल में खबर सामने आई है कि उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां अभी थमने वाली नहीं हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, कई कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) आने वाले दिनों में क्षेत्र को प्रभावित करेंगे, जिससे आसमान में बादल, हल्की बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी. यानी मार्च के महीने में अभी बारिश और होगी तो अभी ये मत सोचिए की अब बारिश नहीं होने वाली इसी के साथ आइए जानते हैं कि दिल्ली NCR समेत यूपी और किन-किन राज्यों में बारिश को लेकर सावधान रहना होगा.
एक्सपर्ट का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर राजस्थान और चंडीगढ़ में सोमवार, 23 मार्च को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रहेगा. इस दौरान दिनभर बादल छाए रहेंगे और सुबह से देर शाम तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
कौन-कौन से क्षेत्र प्रभावित होंगे?
इस सिस्टम से प्रभावित क्षेत्र मुख्य रूप से दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर राजस्थान और चंडीगढ़ होंगे. हिमालयी क्षेत्रों में कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है. हालांकि, बारिश और बर्फबारी की तीव्रता कम रहेगी और अधिकतर इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा. विशेषज्ञों का कहना है कि लगभग 60–70% भू-भाग सूखा रह सकता है और केवल कुछ बिखरे हुए क्षेत्रों में ही वर्षा होगी.
मौसम में उतार-चढ़ाव से स्वास्थ्य पर क्या असर?
बारिश और तापमान में लगातार बदलाव से स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है. गर्म दिन और ठंडी सुबह–शाम के बीच के अंतर से मौसमी बीमारियाँ जैसे जुकाम और फ्लू के लक्षण बढ़ सकते हैं. मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे सुबह और शाम के समय विशेष रूप से सावधान रहें, क्योंकि उत्तरी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट हो सकती है.
कब मिलेगी राहत और फिर से बदलाव?
23 मार्च के बाद 24 और 25 मार्च को कुछ दिनों के लिए मौसम में शुष्क और साफ स्थिति देखने को मिलेगी. हालांकि, यह राहत अस्थायी होगी. 26 मार्च के आसपास एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा, जिससे बादलों की मात्रा बढ़ेगी और कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो सकती है. इस तरह, उत्तर भारत में मौसम लंबे समय तक अस्थिर और बदलता हुआ रहेगा, हालांकि तेज और व्यापक बारिश की संभावना कम है.




