क्या था साइमन कमीशन, जिसका किया विरोध तो जमकर पड़ी लाठियां? 18 दिन बाद ली आखिरी सांस, कहानी लाला लाजपत राय की
सात अंग्रेज सदस्यों वाले साइमन कमीशन में किसी भारतीय को जगह नहीं मिली थी. इसके विरोध में लाहौर में प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पंजाब केसरी लाला लाजपत राय पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं. गंभीर रूप से घायल होने के 18 दिन बाद उनका निधन हो गया.
एक ऐसा आयोग, जिसमें भारत के भविष्य का फैसला करने के लिए सात अंग्रेज तो शामिल थे, लेकिन एक भी भारतीय नहीं. इसी साइमन कमीशन के विरोध में लाहौर की सड़कों पर हजारों लोग उतर आए थे. उनके हाथों में काले झंडे थे और जुबान पर एक ही नारा- 'साइमन गो बैक'. इस प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे पंजाब केसरी लाला लाजपत राय.
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठियां बरसाईं. लालाजी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्होंने कहा था कि उनके शरीर पर पड़ी एक-एक लाठी ब्रिटिश साम्राज्य के ताबूत में कील साबित होगी. 18 दिन बाद उनकी मौत हो गई, लेकिन उनके ये शब्द देश के नौजवानों के दिलों में आग बनकर उतर गए. आइए लाला लाजपत राय इस बलिदान पर एक नजर डालते हैं...
क्या था साइमन कमीशन, जिसका पूरे देश में हुआ विरोध?
साल 1927 में ब्रिटिश सरकार ने भारत के संवैधानिक और प्रशासनिक भविष्य की समीक्षा के लिए एक आयोग बनाया. इसे आधिकारिक तौर पर भारतीय सांविधिक आयोग यानी इंडियन स्टैच्यूटरी कमीशन कहा गया. इसकी अध्यक्षता ब्रिटिश राजनेता सर जॉन साइमन कर रहे थे. इसी वजह से इसे साइमन कमीशन के नाम से जाना गया. इस आयोग में कुल सात सदस्य थे और हैरानी की बात यह थी कि सातों अंग्रेज थे. भारत के लोगों के भविष्य और यहां की शासन व्यवस्था पर सलाह देने के लिए बनाए गए इस आयोग में एक भी भारतीय को जगह नहीं दी गई थी.
दरअसल, भारत सरकार अधिनियम 1919 के तहत दस साल बाद संवैधानिक सुधारों की समीक्षा होनी थी. यानी यह प्रक्रिया 1929 में होनी थी, लेकिन ब्रिटिश सरकार ने दो साल पहले ही 1927 में आयोग गठित कर दिया. भारतीयों को सबसे ज्यादा नाराजगी इस बात से थी कि जिस देश के शासन और भविष्य पर फैसला होना था, उसी देश के किसी प्रतिनिधि को आयोग में शामिल नहीं किया गया. भारतीय नेताओं ने इसे अपने अपमान के तौर पर देखा.
क्यों उठी 'साइमन गो बैक' की आवाज?
साइमन कमीशन की घोषणा होते ही भारत में विरोध शुरू हो गया. कांग्रेस सहित कई प्रमुख राजनीतिक दलों ने आयोग का बहिष्कार करने का फैसला किया. मुस्लिम लीग के भी एक बड़े हिस्से ने इसका विरोध किया. भारतीय नेताओं का सवाल था कि जब भारत के लोगों को ही अपने देश के भविष्य पर राय देने का मौका नहीं दिया जा रहा, तो फिर इस आयोग की सिफारिशें कैसे स्वीकार की जा सकती हैं?
3 फरवरी 1928 को साइमन कमीशन मुंबई पहुंचा. उसके स्वागत के लिए नहीं, बल्कि विरोध के लिए हजारों लोग सड़कों पर उतर आए. जगह-जगह हड़तालें हुईं, काले झंडे दिखाए गए और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ नारे लगे. देश के अलग-अलग शहरों में एक ही आवाज गूंज रही थी- 'साइमन गो बैक' यानी साइमन कमीशन वापस जाओ. यह विरोध सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं रहा. कमीशन जहां-जहां गया, वहां उसे विरोध का सामना करना पड़ा. इसी कड़ी में अक्टूबर 1928 में साइमन कमीशन लाहौर पहुंचने वाला था. यहां उसके विरोध की जिम्मेदारी पंजाब केसरी लाला लाजपत राय ने संभाली.
कौन थे लाला लाजपत राय, जिनके नेतृत्व में उतरा पूरा लाहौर?
लाला लाजपत राय का जन्म 28 जनवरी 1865 को पंजाब के धुड़ीके गांव में हुआ था. वह देश के उन स्वतंत्रता सेनानियों में शामिल थे, जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के सामने झुकने के बजाय उसका डटकर मुकाबला किया. लालाजी को लोग 'पंजाब केसरी' के नाम से जानते थे. बाल गंगाधर तिलक और बिपिन चंद्र पाल के साथ उनकी जोड़ी 'लाल-बाल-पाल' के नाम से मशहूर थी. ये तीनों नेता भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के गरम दल के प्रमुख चेहरों में शामिल थे.
लाला लाजपत राय सिर्फ राजनीतिक आंदोलन तक सीमित नहीं थे. उन्होंने शिक्षा, समाज सुधार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में भी काम किया. पंजाब में आर्य समाज के प्रचार-प्रसार में उनकी अहम भूमिका रही. उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक की स्थापना से जुड़े प्रयासों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया और लक्ष्मी इंश्योरेंस कंपनी की स्थापना की. उनके लिए देश की आजादी सिर्फ राजनीतिक मांग नहीं, बल्कि हर भारतीय के सम्मान और अधिकारों का सवाल थी. यही वजह थी कि जब साइमन कमीशन भारत आया और उसमें किसी भारतीय को जगह नहीं मिली, तो लालाजी ने इसके विरोध में आवाज बुलंद की.
30 अक्टूबर 1928: जब लाहौर की सड़कों पर बरसीं पुलिस की लाठियां
30 अक्टूबर 1928 को लाहौर में साइमन कमीशन के विरोध में विशाल प्रदर्शन आयोजित किया गया. इस प्रदर्शन का नेतृत्व लाला लाजपत राय कर रहे थे. प्रदर्शनकारी हाथों में काले झंडे लिए हुए थे. उनके नारों में गुस्सा भी था और अपने देश के सम्मान की मांग भी. पूरा जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहा था. लेकिन अंग्रेजी हुकूमत को यह विरोध मंजूर नहीं था. पुलिस ने प्रदर्शन को रोकने के लिए कार्रवाई की और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज शुरू कर दिया.
लाहौर के पुलिस अधिकारियों के आदेश पर पुलिस ने बेरहमी से लाठियां बरसाईं. इस दौरान लाला लाजपत राय को भी गंभीर चोटें आईं. उनके शरीर पर कई वार किए गए. उम्र के इस पड़ाव पर लगी चोटों ने उनकी सेहत पर गहरा असर डाला. लाठीचार्ज के बाद भी लालाजी का हौसला नहीं टूटा. घायल होने के बावजूद उन्होंने लोगों को संबोधित किया. इसी दौरान उनके नाम से जुड़ा वह ऐतिहासिक कथन सामने आया, जिसने आगे चलकर स्वतंत्रता आंदोलन में नई ऊर्जा भर दी.
'मेरे शरीर पर पड़ी एक-एक लाठी...' लालाजी के वो शब्द, जो इतिहास बन गए
लाठीचार्ज में घायल होने के बाद लाला लाजपत राय ने एक सभा को संबोधित किया. उनके नाम से प्रचलित अंग्रेजी कथन है- 'Every blow aimed at me is a nail in the coffin of British imperialism.' इसका हिंदी अर्थ है- 'मेरे शरीर पर पड़ने वाली हर एक चोट ब्रिटिश साम्राज्यवाद के ताबूत में एक कील साबित होगी.' यह कथन सिर्फ अंग्रेजी हुकूमत को दी गई वार्निग नहीं था. यह उस विश्वास की आवाज थी कि किसी आंदोलन को लाठियों और दमन से दबाया नहीं जा सकता. लालाजी को शायद अंदाजा था कि उनकी चोटें कितनी गंभीर हैं, लेकिन उनका हौसला आखिरी समय तक नहीं टूटा. उन्होंने देशवासियों को यह संदेश दिया कि आजादी की लड़ाई में दिया गया बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा.
18 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझते रहे लाला लाजपत राय
30 अक्टूबर को हुए लाठीचार्ज में गंभीर रूप से घायल होने के बाद लाला लाजपत राय की तबीयत लगातार बिगड़ती गई. उनका इलाज किया गया, लेकिन चोटों और स्वास्थ्य में आई गिरावट से वह उबर नहीं सके. आखिरकार 17 नवंबर 1928 को लाला लाजपत राय ने अंतिम सांस ली. लाठीचार्ज में घायल होने के 18 दिन बाद उनका निधन हो गया. उनकी मौत की खबर ने पूरे देश को झकझोर दिया. जिस नेता ने अंग्रेजी हुकूमत के सामने सिर झुकाने से इनकार किया था, वह अब देशवासियों के बीच नहीं था. लेकिन उनका बलिदान आजादी की लड़ाई का एक बड़ा मोड़ बन गया.
लालाजी की मौत का बदला लेने के लिए भगत सिंह ने क्यों उठाया हथियार?
लाला लाजपत राय की मौत से देश के नौजवानों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया. चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसे क्रांतिकारियों ने इसे अंग्रेजी हुकूमत की बर्बरता के रूप में देखा. इन क्रांतिकारियों ने लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार माने जा रहे पुलिस अधिकारी जेम्स ए. स्कॉट को निशाना बनाने की योजना बनाई. लेकिन 17 दिसंबर 1928 को लाहौर में हुई कार्रवाई के दौरान गलती से सहायक पुलिस अधीक्षक जॉन पी. सांडर्स मारा गया.
इस घटना को आमतौर पर लाला लाजपत राय की मौत का बदला लेने की कार्रवाई के रूप में याद किया जाता है. सांडर्स हत्याकांड में भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को बाद में फांसी की सजा सुनाई गई. इस तरह लाला लाजपत राय की मौत ने क्रांतिकारी आंदोलन को भी एक नई दिशा दी. उनके बलिदान ने देश के युवाओं के भीतर अंग्रेजी शासन के खिलाफ प्रतिरोध की भावना को और मजबूत किया.
साइमन कमीशन का विरोध भारतीय आजादी की लड़ाई में क्यों अहम था?
साइमन कमीशन का विरोध सिर्फ सात अंग्रेज सदस्यों वाले एक आयोग के खिलाफ प्रदर्शन नहीं था. यह भारत के लोगों के राजनीतिक अधिकारों और अपने देश का भविष्य खुद तय करने की मांग का प्रतीक बन गया था. इस विरोध ने देश के अलग-अलग हिस्सों के नेताओं और आम लोगों को एक मुद्दे पर एकजुट किया. लाला लाजपत राय जैसे नेताओं ने इस आंदोलन को जनआंदोलन बनाने में अहम भूमिका निभाई. लालाजी 17 नवंबर 1928 को दुनिया से चले गए, लेकिन उनके शब्द और उनका संघर्ष आज भी याद किया जाता है. जिस लाठीचार्ज से अंग्रेजी हुकूमत प्रदर्शन को दबाना चाहती थी, उसी ने आजादी की लड़ाई में एक नई चिंगारी पैदा कर दी. लाला लाजपत राय का बलिदान देश को यह याद दिलाता है कि आजादी सिर्फ एक तारीख या राजनीतिक फैसला नहीं थी. इसके पीछे उन लोगों का संघर्ष था, जिन्होंने अपने सम्मान, अपने अधिकार और अपने देश के लिए सब कुछ दांव पर लगा दिया.




