Aaj Ki Taza Khabar: इजरायल की बड़ी एयरस्ट्राइक, हमास और इस्लामिक जिहाद के दो कमांडर ढेर
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. गुरुवार 5 फरवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, साथ ही हर बड़ी खबर को जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.
Live Updates
- 5 Feb 2026 9:00 AM
वॉशिंगटन पोस्ट में छंटनी, ईशान थरूर समेत 300 कर्मचारियों की नौकरी गई
अमेरिकी मीडिया संस्थान द वॉशिंगटन पोस्ट में बड़े पैमाने पर छंटनी की गई है, जिसमें करीब 300 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया. इस छंटनी की जद में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बेटे ईशान थरूर भी आ गए, जो वहां काम कर रहे थे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नौकरी जाने के बाद ईशान थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने अपनी स्थिति और मन की उलझनों के बारे में लिखा. इस छंटनी में दिल्ली ब्यूरो चीफ प्रांशु वर्मा का नाम भी शामिल बताया जा रहा है. यह कदम मीडिया उद्योग में चल रही आर्थिक चुनौतियों और लागत कटौती की प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है.
- 5 Feb 2026 8:39 AM
पन्नू के स्लीपर सेल के दो गुर्गे गिरफ्तार, दिल्ली में खालिस्तान नारे लिखने का आरोप
दिल्ली पुलिस ने सिख फॉर जस्टिस से जुड़े आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के स्लीपर सेल के दो संदिग्ध गुर्गों को गिरफ्तार किया है. दोनों को दिल्ली से ही पकड़ा गया है और उन पर 26 जनवरी से पहले राजधानी में दो अलग-अलग जगहों पर ‘प्रो-खालिस्तान’ लिखकर माहौल खराब करने की कोशिश करने का आरोप है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या साजिश तो नहीं थी. राजधानी में गणतंत्र दिवस से पहले इस तरह की गतिविधियों को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है.
- 5 Feb 2026 8:11 AM
तीन दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरे पर अमित शाह, सुरक्षा हालात की करेंगे समीक्षा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज 5 से 7 फरवरी तक तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर जा रहे हैं. इस दौरान वे क्षेत्र के सुरक्षा हालात की व्यापक समीक्षा करेंगे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अहम बैठकें करेंगे.
जानकारी के मुताबिक, अमित शाह 5 फरवरी को शाम करीब 5 बजे जम्मू पहुंचेंगे और वहां से सीधे लोक भवन जाएंगे. उसी शाम वे राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात भी करेंगे, जिसमें सुरक्षा, विकास और मौजूदा हालात पर चर्चा होने की संभावना है. उनके इस दौरे को जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा रणनीति और राजनीतिक परिदृश्य के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
- 5 Feb 2026 7:41 AM
अल फलाह यूनिवर्सिटी पर शिकंजा, चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद अब दिल्ली पुलिस ने अल फलाह यूनिवर्सिटी के खिलाफ सख्त कदम उठाया है. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई यूजीसी की शिकायत के आधार पर दर्ज दो अलग-अलग एफआईआर के तहत की गई, जिनमें चेयरमैन पर फर्जीवाड़े के गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
क्राइम ब्रांच ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से पुलिस को चार दिन की कस्टडी रिमांड मिली है. अल फलाह यूनिवर्सिटी का नाम पहले भी दिल्ली बम ब्लास्ट के दौरान चर्चा में आया था, जब यहां काम करने वाले दो डॉक्टरों मुजम्मिल अहमद गनई और शाहीन सईद को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. अब चेयरमैन की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच और तेज कर दी गई है.
- 5 Feb 2026 7:26 AM
इजरायल की बड़ी एयरस्ट्राइक, हमास और इस्लामिक जिहाद के दो कमांडर ढेर
इजरायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) और इजरायली सुरक्षा एजेंसी (ISA) ने संयुक्त सैन्य अभियान में हमास कमांडर मोहम्मद अल-हबील और इस्लामिक जिहाद के अली राजियाना को मार गिराने का दावा किया है. इजरायल के अनुसार, अल-हबील पर इजरायली कॉर्पोरल नोआ मार्सियानो की कैद के दौरान हत्या करने का आरोप था, जबकि राजियाना उत्तरी गाजा ब्रिगेड में इस्लामिक जिहाद का मुख्य कमांडर बताया गया.
IDF ने कहा कि यह एयरस्ट्राइक युद्धविराम के उल्लंघन के जवाब में की गई. नोआ मार्सियानो को 7 अक्टूबर के हमले के दौरान नाहल ओज़ पोस्ट से अगवा किया गया था, जहां वह इजरायली सेना में ऑब्जर्वर के रूप में तैनात थीं. कैद के दौरान उनकी हत्या की खबर ने इजरायल में व्यापक आक्रोश पैदा किया था.
इजरायली सेना ने सोशल मीडिया के जरिए इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि इस ऑपरेशन से मार्सियानो के परिवार को न्याय मिला है. इजरायल ने दोहराया कि अपने नागरिकों और सैनिकों के खिलाफ हिंसा करने वालों के खिलाफ वह सख्त कार्रवाई जारी रखेगा.





