Begin typing your search...

8th Pay Commission: ₹69,000 बेसिक सेलरी, इंक्रीमेंट और फिटमेंट फैक्टर की मांग से हिला पूरा सिस्टम, क्या सब कुछ बदल जाएगा?

8वें वेतन आयोग में ₹69,000 बेसिक सैलरी, 3.833 फिटमेंट फैक्टर और 6% इंक्रीमेंट की मांग से लाखों कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन ढांचे में बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई है.

8th Pay Commission 8th CPC ₹69000 salary demand
X
( Image Source:  Sora AI )

केंद्र सरकार के कर्मचारियों के वेतन ढांचे को लेकर 8वें वेतन आयोग पर चर्चा तेज हो गई है. NC-JCM की स्टाफ साइड ने आयोग को एक विस्तृत 51 पेज का ज्ञापन सौंपकर न्यूनतम मूल वेतन को ₹18,000 से बढ़ाकर ₹69,000 करने की मांग की है. इसके साथ 3.833 का फिटमेंट फैक्टर और सालाना वेतन वृद्धि को 3% से बढ़ाकर 6% करने का प्रस्ताव भी शामिल है. कर्मचारी संगठनों ने पूरे सर्विस करियर में प्रमोशन भी पांच देने की मांग की है.

कर्मचारी संगठन (NC-JCM) का कहना है कि बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन की लागत को देखते हुए मौजूदा वेतन संरचना पर्याप्त नहीं है. इस प्रस्ताव के लागू होने पर लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के वेतन ढांचे में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. सरकार की ओर से अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन यह मुद्दा प्रशासनिक और आर्थिक दोनों स्तर पर चर्चा का केंद्र बन गया है.

न्यूनतम वेतन और फिटमेंट फैक्टर की मांग क्या?

NC-JCM ने प्रस्ताव दिया है कि न्यूनतम मूल वेतन को मौजूदा ₹18,000 से बढ़ाकर ₹69,000 किया जाए. इसके साथ ही फिटमेंट फैक्टर को 3.833 करने की सिफारिश की गई है, जिससे पूरे वेतन ढांचे में व्यापक बदलाव संभव है. संगठन का तर्क है कि यह संशोधन कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा देगा और आय को महंगाई के अनुरूप बनाएगा.

सालाना इंक्रीमेंट में बदलाव का प्रस्ताव क्या?

प्रस्ताव में यह भी सुझाव दिया गया है कि वार्षिक वेतन वृद्धि दर को 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 6 प्रतिशत किया जाए. कर्मचारी संगठनों का कहना है कि मौजूदा इंक्रीमेंट दर महंगाई की गति के मुकाबले कम है, जिससे कर्मचारियों की वास्तविक आय प्रभावित होती है. बढ़ी हुई दर से दीर्घकालिक आय स्थिरता में सुधार होगा.

वेतन मैट्रिक्स में संभावित बदलाव कितना?

प्रस्ताव में वेतन मैट्रिक्स को सरल बनाने के लिए कई लेवल्स को मर्ज करने की बात कही गई है. संभावित ढांचे के अनुसार लेवल 1 का वेतन ₹69,000 तक पहुंच सकता है, जबकि अन्य स्तरों में भी इसी अनुपात में वृद्धि देखने को मिल सकती है. इसका उद्देश्य वेतन ढांचे में समानता और पारदर्शिता लाना बताया गया है.

HRA और भत्तों में संशोधन की मांग कितनी?

HRA संरचना में भी बदलाव का प्रस्ताव रखा गया है, जिसमें X, Y और Z श्रेणी के शहरों के लिए क्रमशः 40%, 35% और 30% HRA की सिफारिश की गई है. इसके साथ ही HRA को महंगाई भत्ते (DA) से जोड़ने का सुझाव दिया गया है ताकि यह स्वतः महंगाई के अनुसार अपडेट होता रहे.

अन्य प्रमुख सिफारिशें

NC-JCM ने अतिरिक्त वेतन सुरक्षा के लिए कई सुझाव दिए हैं, जिनमें योग्यता से अधिक शिक्षा पर 10% अतिरिक्त वेतन, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान और उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में बेहतर वेतन शामिल हैं. साथ ही न्यूनतम और अधिकतम वेतन के अनुपात को 1:12 तक सीमित करने की सिफारिश की गई है.

पेंशन और प्रमोशन से जुड़ी मांगें?

प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि कर्मचारियों को 30 साल की सेवा में कम से कम 5 प्रमोशन मिलने चाहिए. इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली और हर 5 साल में पेंशन संशोधन की मांग भी शामिल है, ताकि रिटायरमेंट के बाद आय स्थिर बनी रहे.

8वां वेतन आयोग क्या?

8वां वेतन आयोग एक सरकारी निकाय है, जिसे केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के वेतन, भत्ते और पेंशन संरचना की समीक्षा करने के लिए गठित किया जाता है. इसका उद्देश्य आर्थिक परिस्थितियों और महंगाई को ध्यान में रखते हुए एक संतुलित और न्यायसंगत वेतन ढांचा तैयार करना होता है.

अभी ये सभी मांगें अभी प्रस्तावित हैं, लेकिन इनके लागू होने पर करोड़ों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की आय संरचना में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. सरकार का अंतिम फैसला ही तय करेगा कि वेतन ढांचा किस दिशा में आगे बढ़ेगा.

अगला लेख