सुपरस्टार Yash की 'Toxic' की नई रिलीज डेट का हुआ ऐलान: जानिए क्यों बार-बार टली फिल्म और अब कब होगी रिलीज
कन्नड़ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक' अब 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म में यश डबल रोल में नजर आएंगे, जबकि उनके पास 'रामायण' जैसा मेगा प्रोजेक्ट भी है.
कन्नड़ सिनेमा के 'रॉकिंग स्टार' यश (Yash) के फैंस के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है. साल 2026 की सबसे चर्चित और मचअवेटेड फिल्मों में से एक 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स' (Toxic: A Fairytale for Grown-ups) की नई रिलीज डेट आखिरकार तय हो गई है. कई बार आगे बढ़ने के बाद, मेकर्स ने अब इस फिल्म को इसी साल अगस्त के महीने में सिनेमाघरों में उतारने का फैसला किया है. रविवार को खुद एक्टर यश ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का एक धमाकेदार पोस्टर शेयर करते हुए इस बात की जानकारी दी. यश ने कैप्शन में लिखा, 'अपने पिता का सम्मान करो... #Toxic 26-08-2026 से दुनिया भर के सिनेमाघरों में.' इस अनाउंसमेंट के बाद से ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर पहुंच गई है
क्यों बार-बार टलती रही 'टॉक्सिक' की रिलीज?
'टॉक्सिक' को दर्शकों तक पहुंचने के लिए एक लंबा और उतार-चढ़ाव भरा सफर तय करना पड़ा है. शुरुआत में यह फिल्म 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी. इस दिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी सीधी टक्कर एक और बड़ी फिल्म 'धुरंधर 2' से होने वाली थी. लेकिन रिलीज से ठीक कुछ हफ्ते पहले इसे आगे बढ़ा दिया गया. मार्च में फिल्म टलने के बाद यश ने मेकर्स का एक बयान शेयर किया था, जिसमें 4 जून को नई रिलीज डेट बताया गया था. मेकर्स ने फिल्म टलने की वजह बताते हुए कहा था, 'टॉक्सिक को हमने ग्लोबल दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाया है. इसे कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट किया गया है ताकि यह दुनिया भर के लोगों से जुड़ सके. हम इसे मार्च में ही रिलीज करना चाहते थे, लेकिन मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और अनिश्चितता के कारण हमें इसे टालना पड़ा, क्योंकि इससे हमारी फिल्म की पहुंच प्रभावित हो सकती थी.' इसके बाद मई के महीने में फिल्म को एक बार फिर पोस्टपोन कर दिया गया और तब मेकर्स ने कोई नई तारीख नहीं दी थी. उन्होंने बस इतना कहा था कि सही समय आने पर नई तारीख का एलान किया जाएगा. अब आखिरकार 26 अगस्त 2026 की तारीख पर मुहर लग चुकी है.
'टॉक्सिक' फिल्म में क्या है खास?
यह फिल्म कई मायनों में बेहद खास होने वाली है. मशहूर डायरेक्टर गीतु मोहनदास के निर्देशन में बन रही इस फैंटेसी एक्शन ड्रामा फिल्म में यश एक नहीं, बल्कि डबल रोल में नजर आने वाले हैं. फिल्म में यश के साथ-साथ भारतीय सिनेमा के कई बड़े चेहरे दिखाई देंगे. इनमें नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत जैसे सितारे मुख्य भूमिकाओं में हैं. 'केजीएफ 2' (KGF 2) की ऐतिहासिक सफलता के बाद यश पूरे चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं. याद दिला दें कि 'केजीएफ 2' ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रच दिया था.
'रामायण' में भी दिखेगा यश का जलवा
'टॉक्सिक' के अलावा यश के पास सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका नाम है 'रामायण'. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस ग्रैंड फिल्म में भी यश बेहद अहम भूमिका में हैं. इस फिल्म की स्टार कास्ट बेहद दमदार है: रणबीर कपूर - भगवान राम, साई पल्लवी - माता सीता, सनी देओल - भगवान हनुमान, रवि दुबे - लक्ष्मण. यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी. मेकर्स की योजना के मुताबिक, 'रामायण' का पहला भाग दिवाली 2026 को और दूसरा भाग दिवाली 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.




