Begin typing your search...

सीता के पति से लेकर नीता के पति तक, सोनम वांगचुक के अनशन में पहुंचे कुणाल कामरा, कौन हैं एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी जो भड़क उठीं?

सोनम वांगचुक के आंदोलन के दौरान दिए गए कुनाल कामरा के 'सीता' वाले बयान के बाद टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कुणाल कामरा को नसीहत दी है कि वह खुद भूख हड़ताल पर बैठ जाएं.

सीता के पति से लेकर नीता के पति तक, सोनम वांगचुक के अनशन में पहुंचे कुणाल कामरा, कौन हैं एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी जो भड़क उठीं?
X

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की जारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के बीच टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने कॉमेडियन कुणाल कामरा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुणाल कामरा इस आंदोलन का इस्तेमाल अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए कर रहे हैं. देवोलीना ने कहा कि अगर उन्हें आंदोलन की इतनी चिंता है, तो पहले सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल खत्म करवाएं और फिर खुद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ जाएं.

देवोलीना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर एक लंबी पोस्ट साझा करते हुए कहा कि कुछ लोग सोनम वांगचुक के आंदोलन का फायदा अपने हितों के लिए उठाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने इसे "बहती गंगा में हाथ धोना" बताया.

देवोलीना ने अपनी पोस्ट में क्या कहा?

देवोलीना भट्टाचार्जी ने लिखा, "बहती गंगा में हाथ धोना इसे ही कहते हैं. चाहे एसडब्ल्यू (Sonam Wangchuk) की जान चली जाए या न जाए... लेकिन हमारा एजेंडा आगे बढ़ता रहना चाहिए. हम सब जानते हैं कि अन्ना हजारे जी से आखिर फायदा किसे हुआ था. अब यह भूख हड़ताल छात्रों के लिए फायदेमंद होगी या नहीं... लेकिन जो लूट चल रही है, उसका फायदा हम जरूर उठाएंगे."

उन्होंने आगे कहा कि अगर कुछ लोग इस आंदोलन का इस्तेमाल राजनीतिक या निजी संदेश देने के लिए कर रहे हैं, तो उन्हें खुद जिम्मेदारी उठानी चाहिए. देवोलीना ने लिखा, "अगर ऐसा ही है तो पहले उनकी भूख हड़ताल खत्म करवाइए, किसी तरह उन्हें खाना खिलाइए और फिर खुद भूख हड़ताल पर बैठ जाइए."

कुणाल कामरा के किस बयान पर उठी प्रतिक्रिया?

हाल ही में कुनाल कामरा सोनम वांगचुक के प्रदर्शन में पहुंचे थे. वहां उन्होंने एक व्यंग्यात्मक भाषण दिया था, जिसमें उन्होंने हिंदू पौराणिक संदर्भों का जिक्र करते हुए एक टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था, "सीता के पति का नाम लेकर, नीता के पति के लिए काम करते हैं." इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके इस बयान को लेकर भी काफी चर्चा हुई.

सोनम वांगचुक का आंदोलन किस बात को लेकर है?

सोनम वांगचुक पिछले 19 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं. वह कथित परीक्षा अनियमितताओं, जिनमें NEET-UG पेपर लीक का मामला भी शामिल है, को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की है. इस आंदोलन के जरिए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग भी की जा रही है. साथ ही मानसून सत्र के दौरान संसद तक शांतिपूर्ण मार्च निकालने की भी योजना बनाई गई है.

कौन हैं देवोलीना भट्टाचार्जी?

देवोलीना भट्टाचार्जी भारतीय टेलीविजन की जानी-मानी अभिनेत्री और प्रशिक्षित भरतनाट्यम डांसर हैं. उनका जन्म 22 अगस्त 1985 को असम के शिवसागर में एक बंगाली परिवार में हुआ था. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा असम के गोधूला ब्राउन मेमोरियल इंग्लिश हाई स्कूल से पूरी की. इसके बाद नई दिल्ली स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) से उच्च शिक्षा प्राप्त की.

एक्टिंग से पहले क्या करती थीं देवोलीना?

देवोलीना एक प्रशिक्षित भरतनाट्यम डांसर हैं. अभिनय की दुनिया में आने से पहले वह मुंबई में गिली इंडिया लिमिटेड में ज्वेलरी डिजाइनर के तौर पर काम करती थीं. उन्हें पहली बार पहचान तब मिली, जब उन्होंने डांस रियलिटी शो 'डांस इंडिया डांस सीजन 2' के लिए ऑडिशन दिया. इसके बाद उन्होंने साल 2011 में एनडीटीवी इमेजिन के टीवी शो 'सांवरे सबके सपने प्रीतो' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की.

कैसे मिली सबसे बड़ी पहचान?

साल 2012 में देवोलीना ने स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिक 'साथ निभाना साथिया' में जिया मानेक की जगह गोपी मोदी का किरदार निभाना शुरू किया. यही किरदार उनके करियर का सबसे बड़ा ब्रेक साबित हुआ और वह घर-घर में 'गोपी बहू' के नाम से मशहूर हो गईं. उन्होंने लगभग पांच साल तक इस किरदार को निभाया. साल 2013 में शो के सेट पर लगी चोट के कारण उनकी रीढ़ की सर्जरी भी हुई थी.

किन-किन रियलिटी शोज में आईं नजर?

देवोलीना 'बिग बॉस 13' में बतौर प्रतियोगी नजर आईं. हालांकि स्वास्थ्य कारणों की वजह से उन्हें शो बीच में छोड़ना पड़ा. इसके बाद वह 'बिग बॉस 14' में एजाज खान की प्रॉक्सी कंटेस्टेंट बनीं और बाद में 'बिग बॉस 15' में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के रूप में भी शामिल हुईं. वह तीन अलग-अलग सीजन में प्रतियोगी के रूप में हिस्सा लेने वाली चुनिंदा प्रतिभागियों में शामिल हैं.

इसके अलावा वह 'साथ निभाना साथिया 2', फिल्म 'फर्स्ट सेकेंड चांस', टीवी शो 'दिल दियां गल्लां' और 'छठी मैय्या की बिटिया' जैसे प्रोजेक्ट्स में भी नजर आ चुकी हैं. हालांकि वर्ष 2024 में गर्भावस्था के कारण उन्होंने 'छठी मैय्या की बिटिया' शो छोड़ दिया.

देवोलीना भट्टाचार्जी ने 14 दिसंबर 2022 को अपने जिम ट्रेनर शहनवाज शेख से शादी की थी. दिसंबर 2024 में दोनों अपने पहले बेटे के माता-पिता बने. देवोलीना सामाजिक, राजनीतिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी राय खुलकर रखती रही हैं.

अगला लेख