तुम्हें मुझसे प्यार करना ही होगा... सोनाक्षी के लिए किस हद तक जाएगी Zaheer Iqbal की सनक, डरा देता है Tu Hai Meri Kiran का ट्रेलर, VIDEO
सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म 'तू है मेरी किरण' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. ट्रेलर में जहीर प्यार में डूबे ऐसे शख्स के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो किरण को अपना बनाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है. प्यार, जुनून, रहस्य और सस्पेंस से भरा ट्रेलर कहानी को लेकर कई सवाल खड़े करता है.
सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म 'तू है मेरी किरण' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. ट्रेलर की शुरुआत जहीर के किरदार के एक इमोशनल डायलॉग से होती है, जहां वह किरण से अपने प्यार का इजहार करते नजर आते हैं. लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, यह प्यार धीरे-धीरे जुनून और रहस्य में बदलता दिखाई देता है. पूरे ट्रेलर में जहीर के किरदार के इरादों को लेकर सस्पेंस बना रहता है.
ट्रेलर में जहीर किरण से कहते हैं कि वह जानते हैं कि उनके जैसे लड़के के साथ प्यार करना उसके लिए आसान नहीं है. दुनिया भी उन्हें यही समझाती रही है, लेकिन किरण के साथ उन्हें पहली बार एक अलग तरह का जुड़ाव महसूस हुआ. दोनों की मुलाकातों और साथ बिताए पलों की झलक के बाद जहीर उससे कहते हैं, 'आई लव यू किरण'. वह यह भी कहते हैं कि अगर उनका प्यार एकतरफा रह गया तो उनका दिल टूट जाएगा और किरण को भी उनसे प्यार करना होगा.
हालांकि, किरण इस रिश्ते से परेशान नजर आती हैं. वह जहीर को साफ कहती हैं कि अब वह उन्हें फोन न करें. लेकिन जहीर इस बात को स्वीकार नहीं कर पाते. उनका मानना है कि दोनों के बीच का कनेक्शन बेहद खास है. इसके बाद कहानी एक अजीब मोड़ लेती है, जब जहीर किरण की कुछ तस्वीरें निकालते हैं और कहते हैं कि यह कहानी इतनी आसानी से खत्म नहीं हो सकती, क्योंकि असली कहानी अब शुरू होने वाली है.
चोट का निशान गायब, जहीर के किरदार पर गहराया रहस्य
इसके बाद ट्रेलर में कई ऐसे सीन आते हैं, जो कहानी को रहस्यमयी बना देते हैं. किरण जहीर से कहती हैं कि उन्हें जो चाहिए वह ले लें और उन्हें अकेला छोड़ दें. लेकिन जहीर का जवाब होता है कि वह किरण को अकेला नहीं छोड़ सकते. तभी किरण अपने शरीर पर लगी चोट का निशान देखकर हैरान रह जाती हैं कि वह आखिर गायब कैसे हो गया.
ट्रेलर के आगे बढ़ने के साथ जहीर का किरदार और भी जुनूनी नजर आता है. वह किरण से कहता है कि वह बुरा इंसान नहीं है, बल्कि उसके प्यार में पागल हो चुका है. दूसरी तरफ किरण उसके व्यवहार से परेशान होकर उसे अब तक का सबसे घटिया इंसान तक कह देती हैं. इसके बावजूद जहीर पीछे हटने को तैयार नहीं है.
आखिरकार उसे उसके पास ही वापस आना होगा
एक जगह वह किरण से कहता है कि वह जितनी भी कोशिश कर ले, आखिरकार उसे उसके पास ही वापस आना होगा. किरण इसका जवाब देते हुए कहती हैं कि वह सिर्फ परिस्थितियों को अपने हिसाब से बदल सकता है, लेकिन उनकी भावनाओं को कंट्रोल नहीं कर सकता. आखिर में 'इस बार कहानी बदलने वाली है' जैसे डायलॉग के साथ ट्रेलर और ज्यादा सस्पेंस पैदा करता है. जहीर का किरदार आखिर किरण से इतना जुनूनी क्यों है और उसके साथ क्या होने वाला है, इसका जवाब फिल्म में ही मिलेगा.
फिल्म को लिखा और डायरेक्ट किया है करण रावल ने जबकि प्रोड्यूस विशाल राणा ने किया है. फिल्म सिनेमाघरों में 23 अक्टूबर को रिलीज होगी.




