Begin typing your search...

Toxic Day 2 Collection: पहले दिन 100 करोड़ के पार, दूसरे दिन कितने... Toxic का बुरा हाल! पुष्पा 2, KGF 2 और RRR जैसी फिल्मों से कितनी पिछड़ी?

पहले दिन 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन करने के बाद यश की फिल्म टॉक्सिक दूसरे दिन बुरी तरह पिट गई. दूसरे दिन फिल्म की कमाई में 60 फीसदी से भी ज्यादा की गिरावट देखने को मिली.

Toxic Day 2 Box Office Collection
X

Toxic Day 2 Box Office Collection 

( Image Source:  X/ @AmitashB )

सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन धमाकेदार शुरुआत करने के बाद दूसरे दिन निराश किया है. गीतु मोहनदास के निर्देशन में बनी इस पैन इंडिया फिल्म ने ओपनिंग डे पर भारत में 101.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन करते हुए 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था. दुनियाभर में फिल्म ने पहले दिन 140.75 करोड़ रुपये की कमाई की, लेकिन गुरुवार को कलेक्शन, शो की संख्या और दर्शकों की ऑक्यूपेंसी में बड़ी गिरावट देखने को मिली.

दूसरे दिन की कमाई के बाद ‘टॉक्सिक’ कई बड़ी अखिल भारतीय फिल्मों से पिछड़ गई है. इसकी तुलना में ‘धुरंधर 2’, ‘पुष्पा 2’, ‘KGF: चैप्टर 2’ और ‘RRR’ जैसी फिल्मों ने अपने दूसरे दिन इससे कहीं अधिक कारोबार किया था. हालांकि, दो दिनों के कुल कारोबार में ‘टॉक्सिक’ ने मजबूत स्थिति बनाए रखी है और दुनियाभर में इसका कलेक्शन 190 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है.

दूसरे दिन कितनी की कमाई?

बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ ने दूसरे दिन भारत में 22,629 शो से 36.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. विदेशों से फिल्म ने दूसरे दिन करीब 10 करोड़ रुपये कमाए, जिसके बाद इसका विदेशी बाजार का कुल कलेक्शन 26.25 करोड़ रुपये हो गया. दो दिनों की कमाई की बात करें तो फिल्म ने भारत में कुल 164.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. वहीं इसका नेट भारतीय कलेक्शन 137.50 करोड़ रुपये पहुंच गया है. दुनियाभर में फिल्म की कुल कमाई 190.75 करोड़ रुपये हो चुकी है.

पहले दिन कितने मिले थे शो?

टॉक्सिक ने रिलीज के पहले दिन ही शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत में 101.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. पहले दिन फिल्म को 24,579 शो मिले थे और इसकी कुल ऑक्यूपेंसी 56.1 प्रतिशत रही थी. पहले दिन के शानदार प्रदर्शन के बाद फिल्म से दूसरे दिन भी मजबूत पकड़ बनाए रखने की उम्मीद थी, लेकिन गुरुवार को शो की संख्या घटने के साथ दर्शकों की संख्या में भी बड़ी कमी आई. नतीजतन दूसरे दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी 26.6 प्रतिशत तक गिर गई.

किस भाषा में सबसे ज्यादा कमाई?

दूसरे दिन टॉक्सिक को सबसे ज्यादा कमाई हिंदी वर्जन से हुई. हिंदी में फिल्म को 16,251 शो मिले और 26 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ इसने करीब 23 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. कन्नड़ वर्जन ने ऑक्यूपेंसी के मामले में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया. फिल्म को 1,678 शो मिले और 51 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ कन्नड़ में करीब 8.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई. तेलुगु वर्जन ने 2,325 शो से 21 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ करीब 3 करोड़ रुपये का कारोबार किया. तमिल वर्जन ने 2,016 शो में 17 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ 1.50 करोड़ रुपये कमाए. वहीं मलयालम वर्जन ने 359 शो से 32 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ करीब 40 लाख रुपये का योगदान दिया.

दूसरे दिन किन-किन फिल्मों से पीछे?

दूसरे दिन के कलेक्शन की तुलना करें तो टॉक्सिक कई बड़ी पैन इंडिया ब्लॉकबस्टर फिल्मों से काफी पीछे रह गई. फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदे थी, लेकिन ज्यादा दर्शकों को फिल्म की कहानी ज्यादा समझ नहीं आई, जिसके चलते कमाई में गिरावट देखने को मिली.

1. धुरंधर 2 ने दूसरे दिन भारत में करीब 80.72 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था.

2. पुष्पा 2 ने दूसरे दिन 93.80 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज किया था.

3. KGF: चैप्टर 2’ ने दूसरे दिन 90.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी.

4. RRR ने दूसरे दिन करीब 86.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था.

अगला लेख