The Vvaan Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला सिद्धार्थ- तमन्ना का जादू, पहले दिन फिल्म ने कमाए 8 करोड़, जानें कहानी
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की ‘द व्वान’ में रोमांस नहीं, बल्कि रहस्यमयी जंगल और डरावनी शक्तियों का तड़का है. फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 8 करोड़ रुपये नेट कमाए हैं.
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की हॉरर फिल्म ‘द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. जंगल के रहस्य और वन देवी से जुड़ी कहानी वाली इस फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन ओपनिंग डे पर कमाई का आंकड़ा बहुत बड़ा नहीं रहा. फिल्म ने पहले दिन भारत में करीब 8 करोड़ रुपये नेट का कलेक्शन किया है.
फिल्म में सिद्धार्थ एक ऐसे शख्स का किरदार निभा रहे हैं, जो गांव की पुरानी मान्यताओं और अंधविश्वास को नहीं मानता है. पत्नी के साथ पुश्तैनी जमीन बेचने गांव पहुंचा ऋषि जब रहस्यमयी जंगल में कदम रखता है, तो उसकी पूरी सोच बदल जाती है. आखिर जंगल में ऐसा क्या है और वन देवी की कहानी से ऋषि का क्या कनेक्शन है, यही फिल्म की कहानी को दिलचस्प बनाता है.
पहले दिन The Vvaan फिल्म ने कितने कमाए?
इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के मुताबिक, ‘द व्वान’ ने ओपनिंग डे पर भारत में करीब 8 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. फिल्म ने पहले दिन 6,746 शोज के जरिए दर्शकों तक पहुंच बनाई. वहीं, इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन करीब 9.60 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. फिल्म को रिलीज के पहले ही दिन नानी की ‘द पैराडाइज’ से भी मुकाबला मिला, जो इससे एक दिन पहले थिएटर पहुंची थी.
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी ऋषि नाम के एक शहरी युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार सिद्धार्थ मल्होत्रा ने निभाया है. ऋषि अपनी पत्नी ममता के साथ बिहार के पुश्तैनी गांव पहुंचता है. ममता का रोल तमन्ना भाटिया ने निभाया है. दोनों वहां विरासत में मिली जमीन बेचने आते हैं. गांव में एक ऐसे जंगल को लेकर पुरानी मान्यता है, जहां सूर्यास्त के बाद किसी को जाने की इजाजत नहीं है. ऋषि इन बातों को अंधविश्वास समझता है. लेकिन जब वह खुद उस जंगल में पहुंचकर सदियों पुरानी मुहर तोड़ देता है, तो हालात बदल जाते हैं. इसके बाद उसका सामना वन देवी से जुड़ी एक रहस्यमयी और अलौकिक ताकत से होता है.
फिल्म में कौन-कौन है?
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया के अलावा फिल्म में सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, श्वेता तिवारी और अनूप सोनी जैसे कई कलाकार हैं. इस फिल्म को दीपक कुमार मिश्रा ने डायरेक्ट किया है, जबकि इसे शोभा कपूर और एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले बनी है.
बिहार के मंदिर से जुड़ता है कनेक्शन
फिल्म की कहानी में बिहार और जंगल से जुड़ी मान्यताओं को खास जगह दी गई है. पटना से करीब 35 किलोमीटर दूर बिहटा के पास मां वन देवी मंदिर भी स्थित है, जिसे करीब 400 साल पुराना बताया जाता है. यहां देवी की पारंपरिक मूर्ति के बजाय पिंड स्वरूप पत्थर को पूजा जाता है.




