'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' को हुए 18 साल, चंपक लाल और जेठालाल के किरदार को लेकर दिलीप जोशी ने अब क्या बताया?
टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के जरिए हम रोज अपने घरों में मुस्कराते हैं. इसके पीछे उन कई कलाकारों की मेहनत है जो हमारे चेहरों पर मुस्कान लेकर आते हैं, शो ने अपने 18 साल पूरे कर लिए हैं.
सब टीवी पर आने वाले कॉमेडी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा को 18 साल पूरे हो गए हैं. इस अवसर पर जेठालाल का कैरेक्टर निभाने वाले एक्टर दिलीप जोशी ने एक राज की बात बेपर्दा की है. उन्होंने बताया कि उन्हें जेठालाल से पहले चंपक लाल गडा यानि बापू जी का रोल ऑफर किया गया था. उस समय दिलीप ने कहा था, 'चंपक लाल तो मैं लगूंगा नहीं. जेठालाल भी नहीं लगूंगा. मैंने बोला कोशिश करूंगा और आज भगवान की कृपा से सफर यहां तक आ गया और लगातार चल रहा है.'
'गडा इलेक्ट्रॉनिक्स' के मालिक जेठालाल के तौर पर दिलीप का निभाया किरदार प्यारा है लेकिन अक्सर मुश्किलों में घिरा रहता है. भारतीय टेलीविजन के सबसे यादगार कॉमिक किरदारों में से एक माना जाता है. इस अवसर पर और भी कई बातें हुई. शो के प्रोड्यूसर असित मोदी ने बताया कि बापू जी का रोल करने वाले अमित भट्ट ने शो के लिए अपने बाल दे दिए. इतना डेडिकेशन था कि 2 साल सलून में जाकर बाल कलर कराए.
18 सालों और 4770 एपिसोड्स से, 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' ने लाखों घरों में मुस्कान, हंसी और अर्थपूर्ण कहानियां पहुंचाई हैं और कई पीढ़ियों के दर्शकों की रोजमर्रा की ज़िंदगी का एक प्यारा हिस्सा बन गया है.
शो के क्रिएटर और प्रोड्यूसर और नीला फिल्म प्रोडक्शंस के फ़ाउंडर, मिस्टर असित कुमार मोदी ने कहा, "18 साल का होना हम सभी के लिए एक बहुत ही खास पल है. 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' सिर्फ़ एक टेलीविजन शो से बढ़कर एक परिवार बन गया है, जिसने लाखों दर्शकों के साथ हंसी-मजाक और अनगिनत यादें साझा की हैं. शो के पहले एपिसोड से ही, हम साफ-सुथरा पारिवारिक मनोरंजन बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहे हैं, जो अश्लीलता या दोहरे अर्थ वाली कॉमेडी का सहारा लिए बिना भारतीय संस्कृति और मूल्यों का जश्न मनाता है.'
'यह कामयाबी हमारे दर्शकों के बेपनाह प्यार की वजह से ही मिल पाई है. शो के 18वें जन्मदिन के मौके पर, हम हर दर्शक, अपनी कास्ट और क्रू के हर सदस्य और अपने पार्टनर सोनी सब (Sony SAB) का शुक्रिया अदा करते हैं कि वे इस खूबसूरत सफर का अहम हिस्सा रहे हैं. हम आप सभी के साथ मिलकर ‘हंसो-हंसाओ दिवस’ का यह खास मौका मनाने और आने वाले कई सालों तक खुशियां बांटते रहने के लिए उत्साहित हैं.'
इस सफर में, शो में कई लोकप्रिय कलाकार शामिल हुए हैं, जिनमें जेठालाल के रूप में दिलीप जोशी, चंपकलाल गड़ा के रूप में अमित भट्ट, आत्माराम भिड़े के रूप में मंदार चंदवाडकर, माधवी भिड़े के रूप में सोनालिका जोशी, बबीता अय्यर के रूप में मुनमुन दत्ता, बाघा के रूप में तन्मय वेकारिया, पोपटलाल के रूप में श्याम पाठक, कृष्णन अय्यर के रूप में तनुज महाशब्दे और वर्तमान में तारक मेहता की भूमिका निभाने वाले सचिन श्रॉफ शामिल हैं.




