Cannes 2026 में छाईं पाकिस्तानी एक्ट्रेस Sanam Saeed, मांग टीका, बालों में गजरा और पीकॉक से इंस्पायर्ड रहा लुक
पाकिस्तानी एक्ट्रेस सनम सईद ने 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में शानदार डेब्यू किया. उन्होंने अपने खास लुक और दिवंगत शमीम आरा को ट्रिब्यूट देकर दुनियाभर का ध्यान खींच लिया.
पाकिस्तानी मशहूर एक्ट्रेस सनम सईद (Sanam Saeed) ने शनिवार को फ्रांस के प्रसिद्ध कान्स फिल्म फेस्टिवल में पहली बार अपनी अपीयरेंस दर्ज कराई. वे अपनी नई फिल्म 'शीप इन द बॉक्स' के प्रीमियर के लिए रेड कार्पेट पर चली. इस खास मौके पर सनम ने पारंपरिक और बहुत खूबसूरत पोशाक चुनी. उन्होंने वेस्टर्न गाउन की बजाय मोर से इंस्पायर्ड एक शानदार पारंपरिक आउटफिट पहना, जो देखने में बेहद आकर्षक और राजसी लग रहा था. सनम ने अपने इस लुक को और भी सुंदर बनाने के लिए बालों में गजरा लगाया और मांग में टीका पहना.
यह पूरा आउटफिट पाकिस्तानी डिजाइनर हुसैन रेहर ने विशेष रूप से उनके लिए तैयार किया था. डिजाइनर ने इंस्टाग्राम पर इस लुक को शेयर करते हुए लिखा, 'सनम सईद ने 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में हुसैन रेहर द्वारा खास तौर पर डिजाइन किए गए आउटफिट में अपना डेब्यू किया. यह आउटफिट सफेद मोर से इंस्पायर्ड एक बेहतरीन क्रिएटिविटी है. इसमें मुकेश, जरदोजी और शाइनी मिरर का काम किया गया है, जो पूरे लुक को जगमगाता बना रहा है. इस आउटफिट को तैयार करने में 50 कारीगरों ने कुल 2,354 घंटे का समय लगाया.'
सनम सईद कौन हैं?
सनम सईद पाकिस्तानी टेलीविजन की बहुत पॉपुलर एक्ट्रेस हैं. उन्हें सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है 'जिंदगी गुलजार है' सीरीज में कशफ मुर्तजा के किरदार के लिए. इस शो ने उन्हें घर-घर में मशहूर बना दिया. उनके अन्य लोकप्रिय शो में 'माता-ए-जान है तू' (2013), 'तल्खियां' (2013), 'कदूरत' (2013), 'कहीं चांद ना शर्मा जाए' (2013), 'फिराक' (2014), 'दियार-ए-दिल' (2015) और कुछ और सीरीज शामिल हैं. भारत में सनम सईद की खास लोकप्रियता जिंदगी टीवी चैनल पर पाकिस्तानी शोज के ब्रॉडकास्टिंग की वजह से है. उनके फैंस दोनों देशों में काफी ज्यादा हैं. सनम सईद का यह कान्स डेब्यू न सिर्फ उनके करियर की एक नई अचीवमेंट है, बल्कि पाकिस्तानी सिनेमा और महिलाओं की हिम्मत को भी ग्लोबल मंच पर सम्मान देने का एक सुंदर तरीका है.
दिवंगत शमीम आरा को ट्रिब्यूट
रेड कार्पेट पर चलने से पहले सनम सईद ने एक इमोशनल मैसेज दिया. उन्होंने कहा कि इस साल के कान्स फिल्म फेस्टिवल में वे पाकिस्तानी सिनेमा की दिग्गज हस्ती, दिवंगत एक्ट्रेस, निर्माता और निर्देशक बेगम शमीम आरा को ट्रिब्यूट कर रही हैं. एक वीडियो संदेश में सनम ने कहा, 'पाकिस्तानी सिनेमा में महिलाओं की एक बहुत समृद्ध परंपरा रही है. इसकी शुरुआत बेगम शमीम आरा से होती है. वे सिर्फ एक्ट्रेस नहीं थीं, बल्कि निर्माता और निर्देशक भी थी. उनका जीवन सामान्य एक्टर्स की तरह आगे बढ़ने, पतन और गुमनामी का नहीं था. उनका सफर कुछ अलग और असाधारण था.'
सनम ने आगे बताया, '1960 के दशक में शमीम आरा ने 'सहेली' और 'नायला' जैसी हिट फिल्मों में काम किया. उन्होंने चुपचाप पुरुष प्रधान फिल्म उद्योग में बहुत बड़ी बाधाओं को तोड़ा और महिलाओं के लिए कैमरे के पीछे भी जगह बनाई. उन्होंने साबित किया कि एक महिला कैमरे के सामने एक्टिंग कर सकती है, निर्माता की कुर्सी पर बैठ सकती है और निर्देशक बनकर फिल्म बना सकती है.' उन्होंने कहा, 'दुर्भाग्य से उन्हें कभी कान्स फिल्म फेस्टिवल का इनविटेशन नहीं मिला, लेकिन उनके काम और हिम्मत की वजह से आज मैं यहां खड़ी हूं. यह सम्मान उन सभी महिलाओं के लिए है जो हमसे पहले आईं और उन सभी के लिए भी जो हमारे बाद आएंगी. यह खासतौर पर बेगम शमीम आरा के लिए है.'




