कहां है 'हंगामा' की अंजलि उर्फ Rimi Sen? इंडस्ट्री छोड़कर बनी एजेंट, फिल्म लाइन में कभी नहीं आना चाहती वापस
'हंगामा' और ‘धूम’ जैसी हिट फिल्मों से पहचान बनाने वाली रिमी सेन अब बॉलीवुड से दूर हैं. उन्होंने खुद बताया कि इंडस्ट्री में भेदभाव के कारण उन्होंने यह बड़ा फैसला लिया.
फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय तक टिके रहना बहुत मुश्किल काम है. यहां कई बड़े-बड़े कलाकार दशकों तक राज करते हैं, लेकिन कई ऐसे भी हैं जो चमकते-सितारे बनकर अचानक गायब हो जाते हैं. ऐसी ही एक मशहूर एक्ट्रेस हैं रिमी सेन (Rimi Sen). 2000 के शुरुआती सालों में वे बॉलीवुड में काफी चर्चित हुई थीं. उनकी खूबसूरत सूरत और बेहतरीन एक्टिंग ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था. लेकिन आज वे फिल्मों से पूरी तरह दूर हो चुकी हैं. उन्होंने जानबूझकर इस चकाचौंध भरी दुनिया को छोड़ दिया है.
रिमी सेन को असली पहचान मिली थी प्रियदर्शन की मशहूर कॉमेडी फिल्म 'हंगामा' से. यह फिल्म साल 2003 में रिलीज हुई थी. फिल्म में कॉमेडी का पूरा माहौल था और रिमी का कॉमेडी टाइमिंग इतना अच्छा था कि लोग उन्हें याद रख गए. 'हंगामा' के बाद उनकी किस्मत चमक गई. उन्होंने उसके बाद कई बड़ी हिट फिल्मों में काम किया. जैसे:
'धूम' (2004)
'फिर हेरा फेरी' (2006)
'गोलमाल: फन अनलिमिटेड' (2006)
इनके अलावा उन्होंने 'भागबान'और 'क्यों की' जैसी फिल्मों में भी अच्छी भूमिकाएं निभाईं. उस समय वे बॉलीवुड की सबसे व्यस्त और लोकप्रिय एक्ट्रेस में से एक बन चुकी थीं. लोग उनकी हंसी-मजाक वाली स्टाइल और स्क्रीन पर नेचुरल एक्टिंग को बहुत पसंद करते थे.
अब रिमी कहां हैं और क्या करती हैं?
धीरे-धीरे रिमी सेन फिल्मों से दूर होती चली गईं। उन्होंने कोई बड़ा ऐलान नहीं किया, लेकिन धीरे-धीरे उनकी फिल्में कम होती गईं और फिर पूरी तरह बंद हो गईं. उनके कई पुराने फैंस आज भी हैरान हैं कि आखिर इतनी सफलता के बाद उन्होंने ऐसा फैसला क्यों लिया. अब रिमी सेन बॉलीवुड की चकाचौंध से बहुत दूर हैं वे दुबई में रहती हैं. वहां उन्होंने एकदम नया करियर चुन लिया है. वे अब रियल एस्टेट एजेंट के रूप में काम करती हैं यानी वे प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने में लोगों की मदद करती हैं. उन्होंने शांत और प्राइवेट जीवन जीने का फैसला किया है. अब वे पब्लिक अपीयरेंस या मीडिया में कम ही दिखती हैं.
फिल्में छोड़ने की असली वजह
साल 2025 में रिमी सेन ने एक पॉडकास्ट में खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि उन्होंने बॉलीवुड क्यों छोड़ा. उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं के साथ भेदभाव होता है. पुरुष कलाकारों का करियर बहुत लंबा चलता है, लेकिन महिलाओं का करियर छोटा होता है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, 'सलमान खान और शाहरुख खान जैसे हीरो 20-25-30 साल बाद भी लीड रोल की भूमिका निभा रहे हैं. लेकिन जो एक्ट्रेस उनके साथ काम करती थीं, वे अब छोटी-मोटी भूमिकाएं या मां की भूमिका निभा रही हैं.'
कभी इंडस्ट्री में वापस न आने का फैसला
रिमी का कहना था कि यह इंडस्ट्री पुरुष प्रधान है. महिलाओं को यहां ज्यादा मौके नहीं मिलते और उम्र बढ़ने के साथ उनके रोल भी कम होने लगते हैं. इसी वजह से उन्होंने फैसला किया कि वे इस दौड़ से बाहर निकल जाएंगी. उन्होंने कभी वापसी करने की कोशिश नहीं की और अपने फैसले पर पूरी तरह अडिग रहीं. रिमी सेन आज भी अपने फैसले से खुश नजर आती हैं. उन्होंने चमक-दमक वाली जिंदगी की जगह शांत और आरामदायक जीवन चुना है. उनके फैंस अब भी उन्हें याद करते हैं और उनकी हिट कॉमेडी फिल्मों को दोहराते हैं.




