एडल्ट साइट पर खुद को देखकर चौंक गई थी Janhvi Kapoor, आज भी परेशान करती हैं मॉर्फ्ड तस्वीरें
जान्हवी कपूर ने खुलासा किया कि 15 साल की उम्र में उनकी मॉर्फ्ड फोटो पोर्न साइट पर दिखाई गई थी. आज भी AI और Deepfake तस्वीरों के कारण उनकी छवि और करियर पर असर पड़ रहा है.
जान्हवी कपूर (Janhvi Kapoor) ने हाल ही में अपने बचपन के एक बहुत ही परेशान करने वाले अनुभव को याद किया और लोगों के साथ शेयर किया. जान्हवी कपूर ने बताया कि जब वे सिर्फ 15 साल की थीं, तब उन्होंने एक पोर्न वेबसाइट पर अपनी फोटो देखी, जो पूरी तरह से उनकी असली तस्वीर को बदलकर बनाई गई थी. उस समय वे स्कूल में पढ़ रही थीं. उन्होंने सोचा कि शायद यह इंटरनेट पर होने वाली आम परेशानियों में से एक है, इसलिए उन्होंने इसे अनदेखा करने की कोशिश की. लेकिन आज भी उनकी मर्फड रूप से बनाई गई फोटो इंटरनेट पर घूमती रहती हैं, जो उन्हें बहुत ज्यादा परेशान करती हैं.
राज शमानी के साथ एक बातचीत में जान्हवी कपूर ने इस पुरानी घटना को याद किया. उन्होंने कहा, 'मुझे ठीक से नहीं पता कि वह डीपफेक था या कुछ और, लेकिन वह कुछ वैसी ही चीज थी. मैंने एक पोर्न साइट पर अपनी फोटो देखी.' उन्होंने आगे बताया कि जब यह घटना हुई, उस समय उनकी आईटी की क्लास चल रही थी. स्कूल के लड़के मजाक में या मस्ती के लिए ऐसी वेबसाइट्स खोलते थे और वहां उनकी फोटो दिख रही थी. जान्हवी ने कहा, 'स्कूल में आईटी क्लास चल रही थी और मेरी तस्वीरें वहां दिख रही थीं. यह मेरे लिए बहुत अजीब और असहज करने वाला अनुभव था.'
खुद की समझाने की कोशिश
उस समय जान्हवी ने खुद को समझाने की कोशिश की थी. उन्होंने सोचा कि शायद सोशल मीडिया और फेम की यह कीमत चुकानी पड़ती है. उन्होंने कहा, 'एक समय मुझे लगा कि ऑनलाइन दुनिया में नैतिकता नाम की कोई चीज नहीं है, इसलिए यह सब सहना ही पड़ता है.' लेकिन अब उनकी सोच पूरी तरह बदल गई है. वे कहती हैं कि आज भी ये नकली तस्वीरें उन्हें बहुत प्रभावित करती हैं और परेशान करती हैं. जान्हवी कपूर ने अपनी एआई से बनी फोटोज के बारे में भी खुलकर बात की.
AI इमेज पर क्या बोली जान्हवी कपूर?
उन्होंने बताया कि आजकल इंटरनेट पर उनकी बहुत सी ऐसी तस्वीरें घूम रही हैं, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाई गई हैं. इनमें उन्हें ऐसे कपड़ों में या ऐसे पोज में दिखाया जाता है, जो उन्होंने कभी नहीं पहने और न ही कभी ऐसी फोटो खिंचवाई है. ये नकली तस्वीरें सिर्फ सामान्य वेबसाइट्स पर ही नहीं, बल्कि कुछ आधिकारिक न्यूज़ वेबसाइट्स पर भी शेयर की जाती हैं. जान्हवी ने कहा, 'मुझे इन तस्वीरों से बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता. मैंने कभी ऐसे कपड़े नहीं पहने न ही कभी इस तरह पोज दिया फिर भी ये तस्वीरें हर जगह फैल रही हैं.'
कितना पड़ता है असर?
इन नकली तस्वीरों का उनके काम पर भी बुरा असर पड़ता है. जान्हवी ने समझाया, 'ये तस्वीरें ऐसे फैलती हैं जैसे मैंने खुद इन्हें जारी किया हो. इससे लोगों के मन में मेरे बारे में गलत धारणा बन जाती है. अगर भविष्य में मैं किसी फिल्म के डायरेक्टर से कहूंगी कि मुझे कोई खास कपड़ा पहनने में असहजता हो रही है, तो वे उन पुरानी नकली तस्वीरों को दिखाकर कह सकते हैं, 'लेकिन आपने तो पहले भी ऐसा किया है.' भले ही वे सीधे न कहें लेकिन ये बात मन में आती जरूर है.'
आज भी नहीं बोल पाती है
जान्हवी कपूर ने यह भी माना कि वे इस मुद्दे पर खुलकर बोलने में हिचकिचाती हैं. उन्होंने कहा, 'यह बात मुझे बहुत परेशान करती है, लेकिन शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुट पाती.' वे सोचती हैं कि उनके पास इतनी ताकत नहीं है कि लोग उनकी बात सुनें. उन्होंने आगे कहा, 'एक सोच यह भी होती है कि तुम्हारे पास पहले से ही जीवन में बहुत कुछ है पैसा, फेम, सुविधाएं तो थोड़ी सी परेशानी के लिए शिकायत मत करो. इसलिए मुझे लगता है कि मेरी आवाज अभी इतनी मजबूत नहीं है. अगर मैं बोलूंगी तो लोग विरोध करेंगे और इस मुद्दे को और नुकसान पहुंचा सकते हैं.' हालांकि, जान्हवी ने यह भी बताया कि बॉलीवुड की कई अन्य एक्ट्रेस ने भी डीपफेक और नकली तस्वीरों के खिलाफ आवाज उठाई है.




