जिन Reels को देखते-देखते पूरा दिन बीता देते हैं आप, उनसे कैसे और कौन कमा रहा लाखों-करोड़ों, Orry ने बताई अपनी चौंकाने वाली कमाई
सोशल मीडिया स्टार ओरी (Orhan Awatramani) ने पहली बार अपनी कमाई और बिजनेस मॉडल को लेकर बड़ा खुलासा किया है. ओरी ने उस रील के बारे में भी बताया जिससे उन्होंने 76 लाख रुपये कमाए थे.
सोशल मीडिया की दुनिया में ओरी यानी ओरहान अवत्रामणि एक ऐसा नाम बन चुके हैं, जो अक्सर बॉलीवुड सितारों के साथ नजर आता है. किसी सेलिब्रिटी पार्टी से लेकर विदेशी वेकेशन तक, ओरी की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रहती है. हालांकि लोगों के मन में लंबे समय से यह सवाल रहा है कि आखिर बिना किसी पारंपरिक नौकरी के ओरी की कमाई का जरिया क्या है. अब उन्होंने खुद इस सवाल का जवाब दिया है.
हाल ही में ओरी ने कव्या कर्नाटक के पॉडकास्ट "Learn by KK Create" में अपनी कमाई और बिजनेस मॉडल को लेकर खुलकर बात की. बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता ही आज उनकी सबसे बड़ी पूंजी बन चुकी है.
एक रील से कैसे कमाए 76 लाख रुपये?
इंटरव्यू के दौरान ओरी ने बताया कि ब्रांड प्रमोशन और सोशल मीडिया कोलैबोरेशन उनकी आय का बड़ा स्रोत हैं. उन्होंने दावा किया कि पिछले महीने उन्होंने सिर्फ एक डील से 76 लाख रुपये कमाए थे. ओरी का यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई. कई लोग इस बात से हैरान नजर आए कि एक रील के लिए इतनी बड़ी रकम मिल सकती है, जबकि कुछ लोगों ने इसे डिजिटल दौर में पर्सनल ब्रांडिंग की ताकत बताया.
इसके अलावा और कैसे कमाते हैं ओरी?
ओरी ने यह भी बताया कि उनकी कमाई सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है. लोग उन्हें निजी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित करते हैं, जिसके लिए वह फीस लेते हैं. उनके मुताबिक, किसी लंच, डिनर, जन्मदिन समारोह या शादी में शामिल होने के लिए 15 लाख से 25 लाख रुपये तक चार्ज किए जाते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में वह मेहमानों के साथ समय बिताते हैं, बातचीत करते हैं, तस्वीरें खिंचवाते हैं और कार्यक्रम का हिस्सा बनते हैं.
ओरी का बिजने मॉडल क्या है?
ओरी का कहना है कि आज के दौर में प्रसिद्धि और सोशल मीडिया पर मौजूदगी भी एक तरह की संपत्ति बन चुकी है. उन्होंने बताया कि उनका पूरा मॉडल उनकी पहचान, लोकप्रियता और सोशल मीडिया पहुंच पर आधारित है.
उनके अनुसार, लोग सिर्फ किसी व्यक्ति को नहीं बल्कि उससे जुड़े अनुभव और पहचान को भी महत्व देते हैं. यही वजह है कि उनकी सार्वजनिक छवि और सोशल मीडिया प्रभाव उनके लिए कमाई का माध्यम बन गया है.
अपने मशहूर पोज को लेकर क्या बोले?
बातचीत के दौरान ओरी ने अपने चर्चित सिग्नेचर पोज का भी जिक्र किया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि भारत में सिर्फ दो लोगों के पोज सबसे ज्यादा मशहूर हैं—एक शाहरुख खान और दूसरे ओरी. सोशल मीडिया पर उनका यह पोज काफी लोकप्रिय है और अक्सर उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने वाले लोग भी उसी अंदाज को दोहराते नजर आते हैं.
पैसों का कौन रखता है हिसाब?
इतनी बड़ी कमाई के बावजूद ओरी ने बताया कि उनके वित्तीय मामलों की जिम्मेदारी अब भी उनके माता-पिता संभालते हैं. जब उनसे पूछा गया कि उनकी कमाई और निवेश का प्रबंधन कौन करता है, तो उन्होंने जवाब दिया कि यह काम उनके माता-पिता देखते हैं. वहीं भविष्य में खुद वित्तीय जिम्मेदारी संभालने के सवाल पर उन्होंने हंसते हुए कहा कि शायद वह कभी इस व्यवस्था से बाहर नहीं निकलेंगे. ओरी के इस इंटरव्यू ने एक बार फिर यह दिखाया है कि डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में लोकप्रियता को भी एक सफल बिजनेस मॉडल में बदला जा सकता है.




