जब बिग बॉस मेकर्स के सामने नोरा फतेही ने रखी बड़ी शर्त, शो में एंट्री के लिए पैसा नहीं, चाहिए थी ये खास चीज...डील ने कैसे बदल दी किस्मत?
नोरा फतेही ने बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने के लिए काफी संघर्ष किया. करियर के शुरुआती दौर में उन्हें ‘बिग बॉस 9’ का ऑफर मिला, लेकिन वह तुरंत शो करने के लिए तैयार नहीं थीं. नोरा ने मेकर्स के सामने एक खास शर्त रखी थी. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें ‘झलक दिखला जा’ में मौका मिलेगा, तभी वह ‘बिग बॉस’ का हिस्सा बनेंगी.
नोरा फतेही ने बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने के लिए काफी संघर्ष किया है. कई गानों में काम करने के बाद भी उस समय उन्हें पेमेंट से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. इसी दौरान उन्हें टीवी के पॉपुलर रियलिटी शो 'बिग बॉस 9' में शामिल होने का ऑफर मिला.
नोरा ने बताया कि शुरुआत में वह 'बिग बॉस' का हिस्सा नहीं बनना चाहती थीं. उन्हें लगता था कि रियलिटी टीवी उनके करियर और विजन के मुताबिक नहीं है. लेकिन जब उन्हें शो के लिए मिलने वाली फीस के बारे में बताया गया, तो उन्होंने अपना फैसला बदल लिया.
बिग बॉस को देखा पहचान बनाने के मौके के तौर पर
नोरा के मुताबिक, उन्होंने 'बिग बॉस' को सिर्फ एक रियलिटी शो के तौर पर नहीं देखा. वह इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने और अपनी पहचान बनाने के मौके के तौर पर इस्तेमाल करना चाहती थीं. चूंकि वह वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट थीं, इसलिए उन्हें पता था कि वह शो में लंबे समय तक नहीं रहेंगी.
नोरा ने रखी 'झलक दिखला जा' की शर्त
'बिग बॉस' करने से पहले नोरा ने मेकर्स के सामने एक खास शर्त रखी थी. वह डांस रियलिटी शो 'झलक दिखला जा' में हिस्सा लेना चाहती थीं. यह शो भी उसी चैनल पर प्रसारित होता था. नोरा ने कहा कि अगर उन्हें 'झलक दिखला जा' में मौका दिया जाता है, तभी वह 'बिग बॉस' करने के लिए तैयार होंगी.
शर्त पूरी हुई और मिला 'झलक' का मौका
नोरा की यह डील काम कर गई. उन्होंने 'बिग बॉस 9' में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री की. वह शो के 58वें दिन घर में पहुंचीं और 83वें दिन बाहर हो गईं.
इसके बाद उन्हें 'झलक दिखला जा' में भी काम करने का मौका मिला. नोरा के लिए 'बिग बॉस' का यह सफर सिर्फ रियलिटी शो में शामिल होने तक सीमित नहीं था, बल्कि वह इसे अपने करियर को आगे बढ़ाने के मौके के तौर पर देख रही थीं.




