क्यों शादी नहीं करना चाहती Nimrat Kaur? पीसीओ से मां को फोन कर रोती थी; ‘द लंचबॉक्स’ ने बदल दी किस्मत
'द लंचबॉक्स' से पहचान बनाने वाली निम्रत कौर का शुरुआती सफर बेहद संघर्ष भरा रहा. एक समय ऐसा भी था जब वे पीसीओ से मां को फोन कर रोती थीं और पैसों की कमी से जूझती थीं.आज 41 साल की उम्र में भी उन्होंने शादी नहीं करने का फैसला लिया है और अपने करियर पर फोकस कर रही हैं.
निम्रत कौर (Nimrat Kaur), जो बॉलीवुड फिल्म 'द लंचबॉक्स' और अमेरिकी टीवी शो 'होमलैंड' में अपनी शानदार एक्टिंग के लिए दुनिया भर में बहुत मशहूर हुई हैं, वह मानती है कि शोबिज इंडस्ट्री में उनका सफर अब तक किसी परी कथा जैसा रहा है. शुरुआत में निम्रत एड्स से जानी जाती थीं, फिर उन्होंने कुछ म्यूजिक वीडियो करके एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा. लेकिन असली पहचान उन्हें तब मिली जब उन्होंने इरफान खान के साथ फिल्म "द लंचबॉक्स" में काम किया.
इस फिल्म ने उन्हें लीड रोल तक पहुंचाया और बहुत नाम कमाया. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में निमरत ने कहा, 'शोबिज में मेरा सफर किसी परी कथा की तरह रहा है. यहां बहुत सारी अनिश्चितता होती है, लेकिन यही चीज इसे इतना रोचक बनाती है. शुरुआत में आप अपने करियर की कोई पक्की प्लानिंग नहीं कर सकते. जो भी मौके आपके सामने आते हैं, आपको बस यह फैसला करना होता है कि उन्हें लेना है या नहीं.'
निम्रत कौर ने बॉलीवुड में अपनी शुरुआत 2012 में फिल्म 'पेडलर्स' से की थी. पिंकविला को दिए गए एक पुराने इंटरव्यू में निम्रत ने अपनी उन कठिनाइयों को याद किया था. उन्होंने कहा, 'मुंबई में आने के बाद मेरी जिंदगी में बहुत उतार-चढ़ाव आए. मैं दिल्ली में नौकरी करके जो थोड़े-बहुत पैसे जोड़े थे, बस उसी से यहां आई थी. उन बचत के पैसे से ही पहले 6-7 महीने निकाल लिए. लेकिन समस्या ये थी कि मुझे फोटोग्राफ्स तो करवा लिए थे, पर ये बिल्कुल नहीं पता था कि अब आगे क्या करना है. कहां जाना है? शुरुआत कैसे करनी है?.
वे आगे बताती हैं कि उन्होंने इंटरनेट पर प्रोडक्शन हाउस और एजेंसियों के नाम ढूंढने शुरू किए. मैंने सोचा कि बस इनके पास जाकर फोटो दे दूं, फिर देखते हैं क्या होता है. मैंने सैकड़ों एजेंसियों और बैनर वालों को अपनी तस्वीरें दीं. खुद पैदल-ट्रेन-बस या ऑटो से उन जगहों पर पहुंचती थी. उस वक्त कैब बुक करने लायक पैसे भी नहीं थे. मुंबई में सब कुछ इतना महंगा लगता था कि बस गुजारा करना मुश्किल हो जाता था.'
सबसे इमोशन हिस्सा तब आता है जब निम्रत मां से बात करने की बात करती हैं. जब उस समय उनके लिए 'मोबाइल कॉल्स भी बहुत महंगी थी. इसलिए वह पीसीओ (पब्लिक कॉल ऑफिस) पर जाती थी. वहां से मां को फोन करती और घंटों रोती रहती. बहुत बुरा लगता था, डर लगता था. ये सब बहुत कठिन और डरावना था. निम्रत कई बार ब्रेकडाउन का शिकार हो जाती थीं, लेकिन फिर भी हार नहीं मानी.
क्यों शादी नहीं करना चाहती निम्रत?
अब बात करते हैं निम्रत की पर्सनल लाइफ की. निम्रत आज 41 साल की उम्र में भी अनमैरिड हैं, और यह फैसला उन्होंने खुद लिया है. लेकिन समाज में, खासकर लड़कियों के लिए, अनमैरिड रहना समझना मुश्किल होता है. निम्रत को भी पूरे करियर में शादी के लिए बहुत दबाव और ताने झेलने पड़े हैं. उन्होंने बीते साल न्यूज18 शोशा को दिए इंटरव्यू में निम्रत ने खुलकर बात की. उन्होंने कहा, 'मुझे शादी के सवालों का सामना करना पड़ा है. हर लड़की को यह झेलना पड़ता है. 'द लंचबॉक्स' आने से पहले मेरे शुभचिंतक और करीबी लोग मुझे गंभीरता से नहीं लेते थे. वे कहते थे कि अब शादी का समय हो गया है.
लेकिन 'द लंचबॉक्स' के बाद सब बदल गया. इरफान जैसे बड़े एक्टर के साथ काम करने से उन्हें यकीन हुआ कि मैं क्या कर सकती हूं. फिल्म ने ही मुझे सम्मान दिलाया.' वे आगे कहती हैं कि लोग पुरानी सोच के कारण ऐसा करते हैं, और उन्हें इसके लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता. लेकिन निमरत इस बात पर सवाल उठाती हैं कि क्या शादी ही एक महिला को सेटल होने का एकमात्र रास्ता है? उन्होंने कहा, 'जैसे ही करियर में थोड़ी भी दिक्कत आती है पैसे कम आ रहे हों, या आप उस मुकाम पर न हों जहां होना चाहिए तुरंत कहा जाता है कि शादी कर लो, सेटल हो जाओ. जैसे मैं शादी से पहले अनसेटल हूं.
लेकिन मैंने देखा है कि कई शादियां सिर्फ दिखावे की होती हैं, और उनमें लोग सबसे ज्यादा परेशान और बेचैन रहते हैं.' निम्रत का मानना है कि दिखावे की शादी में बंधने से बेहतर है कि अकेले खुश रहें. वे कहती हैं कि शादी तब होनी चाहिए जब सही इंसान मिले और सही समय आए. तब तक वे खुद पर और अपने करियर पर फोकस करना चाहती हैं. उनका यह नजरिया आज के समय में कई महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रहा है.




