Rise And Fall Season 2 की कंटेंस्टेंट Niharika Tiwari कौन? Splitsvilla X6 में रह चुकी हैं फाइनलिस्ट, कभी Sorab Bedi के साथ था रिलेशनशिप
राइज एंड फॉल’ सीजन 2 में निहारिका तिवारी की एंट्री ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है. ‘स्प्लिट्सविला X6’ में अपने बेबाक अंदाज और अनोखे वॉइस-ओवर स्टाइल से पहचान बनाने वाली निहारिका अब नए रियलिटी शो में नजर आ रही हैं. उनकी पर्सनल लाइफ, करियर, पढ़ाई और सोराब बेदी से रिश्ता भी चर्चा में रहा है.
निहारिका तिवारी अब ‘राइज एंड फॉल’ सीजन 2 का हिस्सा हैं. इस रियलिटी शो को पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग होस्ट कर रहे हैं और इसमें कंटेस्टेंट्स को अलग-अलग सामाजिक और गेमिंग परिस्थितियों के बीच अपनी रणनीति बनाने का मौका मिलता है. निहारिका की पहचान पहले से ही रियलिटी टीवी और सोशल मीडिया की दुनिया में एक बेबाक कंटेस्टेंट के तौर पर रही है.
निहारिका की खासियत सिर्फ उनका बोल्ड अंदाज नहीं है, बल्कि उनका अनोखा वॉइस-ओवर और कमेंट्री स्टाइल भी है. ‘Splitsvilla X6’ के दौरान उनके वीडियोज और बोलने के अंदाज को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इसी बेबाक व्यक्तित्व की वजह से उन्हें ‘तीखी मिर्च’ जैसे नाम से भी पहचाना जाने लगा. उन्होंने शो में कई बार बिना घुमा-फिराकर अपनी बात रखी और इसी वजह से वह चर्चा में रहीं.
गीदम से शुरू हुआ सफर, पढ़ाई के बाद मनोरंजन की दुनिया में कदम
निहारिका तिवारी का संबंध छत्तीसगढ़ के गीदम से है. उनका बचपन वहीं बीता और उन्होंने दंतेवाड़ा से स्कूली पढ़ाई की. उन्होंने आगे भिलाई में बीबीए की पढ़ाई शुरू की, लेकिन बाद में इसे बीच में छोड़कर मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की. उन्होंने अमिटी यूनिवर्सिटी, रायपुर से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की.
मनोरंजन की दुनिया में आने से पहले निहारिका ने वीडियो एडिटिंग का काम भी किया. मुंबई आने के बाद उन्होंने बालाजी टेलीफिल्म्स में वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया था. इसके बाद मॉडलिंग, सोशल मीडिया कंटेंट और एक्टिंग की तरफ उनका सफर आगे बढ़ा.
निहारिका को डांस और घूमने-फिरने का शौक बताया जाता है. वह फिटनेस को लेकर भी काफी सक्रिय रही हैं और सोशल मीडिया पर अपने वर्कआउट और डांस से जुड़े पोस्ट शेयर करती रही हैं.उन्होंने कराटे भी सीखा है और ब्राउन बेल्ट हासिल की है.
कैसे बनीं रियलिटी टीवी की पहचान?
निहारिका ने 2019 में एमटीवी रोडीज के जरिए रियलिटी टीवी में कदम रखा था. इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया और म्यूजिक वीडियोज के जरिए अपनी पहचान मजबूत की. उनके नाम ‘माशूका’, ‘चॉकलेट’ और दूसरे म्यूजिक वीडियो प्रोजेक्ट्स भी दर्ज हैं.
इसके बाद 2026 में उनकी एंट्री स्पलिट्सविला X6 में हुई. शो में उनका अंदाज काफी अलग नजर आया. वह खुलकर अपनी बात रखने के लिए जानी गईं और कई मौकों पर दूसरे कंटेस्टेंट्स के साथ उनकी बहस भी हुई.
उनके फैंस ने उनके इसी बेबाक अंदाज को ‘तीखी मिर्च’ के नाम से जोड़ दिया. एक इंटरव्यू में निहारिका ने खुद बताया था कि यह नाम उनके आउटस्पोकन अंदाज की वजह से फैंस ने दिया.
इस शो में निहारिका और सोराब बेदी की जोड़ी ने भी खूब ध्यान खींचा. दोनों शो के फिनाले तक पहुंचे. निहारिका-सोराब उन जोड़ियों में शामिल थे जिन्होंने ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई.
सोराब बेदी के साथ रिश्ता, फिर क्यों हुआ ब्रेकअप?
Splitsvilla के दौरान निहारिका और सोराब बेदी के बीच की केमिस्ट्री दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी. निहारिका के तेज-तर्रार अंदाज की वजह से उन्हें ‘तीखी मिर्च’ कहा गया, जबकि सोराब के शांत और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण उन्हें ‘राजमा-चावल बॉय’ नाम मिला. दोनों की जोड़ी को सोशल मीडिया पर ‘सोरिका’ नाम से भी पसंद किया गया.
शो खत्म होने के बाद भी दोनों का रिश्ता जारी रहा. निहारिका ने एक इंटरव्यू में सोराब के साथ अपनी बॉन्डिंग और शो के बाहर एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जानने की बात कही थी. इसके बाद दोनों ने ‘शीशा’ के ऑफिशियल म्यूजिक वीडियो में भी साथ काम किया, जिसमें उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री फिर देखने को मिली.
हालांकि सितंबर 2026 में निहारिका ने सोशल मीडिया पर अपने और सोराब के अलग होने की पुष्टि कर दी. उन्होंने कहा कि दोनों अब साथ नहीं हैं और उनके रिश्ते में कुछ भी नकली नहीं था. निहारिका ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने फ्यूचर,व पर्औसनल ग्रोथ और मेंटल पीस को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया.
इस तरह निहारिका तिवारी का सफर छोटे शहर से निकलकर सोशल मीडिया, वीडियो एडिटिंग, मॉडलिंग और रियलिटी टीवी तक पहुंचा है. अब ‘राइज़ एंड फ़ॉल 2’ में उनकी नई पारी शुरू हो चुकी है, जहां दर्शकों की नजर उनके गेम के साथ-साथ उनके उसी बेबाक अंदाज पर भी रहेगी.
कौन हैं सोराब बेदी?
सोराब बेदी एक इंडियन एक्टर, मॉडल और रियलिटी टीवी पर्सनैलिटी हैं, जिन्हें ‘स्पलिट्सविला X6’ में हिस्सा लेने के बाद खास पहचान मिली. वह इससे पहले टीवी शो ‘चांद जलने लगा’ में काम कर चुके हैं और मॉडलिंग के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं. ‘
स्पलिट्सविला X6 में उनकी जोड़ी निहारिका तिवारी के साथ बनी, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया. शो के दौरान उनके शांत और मिलनसार अंदाज के कारण उन्हें ‘राजमा-चावल बॉय’ कहा गया. शो के बाद भी निहारिका और सोराब का रिश्ता जारी रहा, लेकिन सितंबर 2026 में निहारिका ने दोनों के अलग होने की पुष्टि की.




