Begin typing your search...

'डोला रे डोला' की शूटिंग में प्रेग्नेंट नहीं थी Madhuri Dixit, एक्ट्रेस ने खुद बताया सच, बोली- हिसाब लगा लीजिए

देवदास के सुपरहिट गाने 'डोला रे डोला' की शूटिंग के दौरान माधुरी दीक्षित के प्रेग्नेंट होने का दावा हाल ही में चर्चा में था. अब अभिनेत्री ने खुद सामने आकर इस दावे को खारिज करते हुए पूरी सच्चाई बताई है.

डोला रे डोला की शूटिंग में प्रेग्नेंट नहीं थी Madhuri Dixit, एक्ट्रेस ने खुद बताया सच, बोली- हिसाब लगा लीजिए
X
( Image Source:  IMDB )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Published on: 31 May 2026 10:24 AM

कुछ हफ्ते पहले बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान की सहयोगी रुबीना खान ने एक बड़ा दावा किया था. उन्होंने कहा कि साल 2002 में आई सुपरहिट फिल्म 'देवदास' (Devdas) के प्रसिद्ध गाने 'डोला रे डोला' की शूटिंग के दौरान माधुरी दीक्षित (Madhuri Dixit) चार महीने की प्रेग्नेंट थी. इस बात ने काफी चर्चा बटोरी. लेकिन अब माधुरी दीक्षित ने खुद इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है. हाल ही में एक पत्रिका SCREEN को दिए इंटरव्यू में माधुरी ने हंसते हुए साफ़ कहा, 'अरिन का जन्म 2003 में हुआ था. आप खुद हिसाब लगा लीजिए.' उनके बड़े बेटे अरिन नेने का जन्म 17 मार्च 2003 को हुआ था.

वहीं फिल्म देवदास 12 जुलाई 2002 को रिलीज हुई थी. इससे पहले इसका प्रीमियर मई 2002 में कान्स फिल्म फेस्टिवल में हो चुका था यानी शूटिंग 2001-2002 के आसपास हुई होगी. गणित साफ़ है कि उस समय माधुरी गर्भवती नहीं थी. माधुरी ने अपनी तबीयत खराब होने की वजह भी बताई. उन्होंने कहा, 'उस समय मैं लगातार यात्रा कर रही थी. मुंबई और अमेरिका के बीच आना-जाना चलता रहता था. शूटिंग ज्यादातर रात में होती थी. इतनी भाग-दौड़ और थकान की वजह से मेरी तबीयत थोड़ी खराब रहती थी. लेकिन वह प्रेग्नेंसी नहीं थी, बस थकान और यात्रा का असर था.'

रुबीना खान का दावा

यूट्यूब चैनल बॉलीवुड ठिकाना के पॉडकास्ट में रुबीना खान ने बताया था कि 'एक सीन में माधुरी मैम को मुड़कर बैठना था. वह शॉट सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक चला क्योंकि वे चार महीने की प्रेग्नेंट थी. उन्हें चक्कर आ रहे थे और ठीक से मुड़ नहीं पा रही थी. उस समय उन्हें बुखार भी था. फिर भी उन्होंने बहुत मेहनत की और कभी कोई खास सुविधा नहीं मांगी. सरोज खान मैडम जो कहतीं, वही होता था.'

शादी के बाद जीवन और फिल्में

1999 में माधुरी दीक्षित ने हार्ट सर्जन डॉ. श्रीराम नेने से शादी की थी. शादी के बाद वे अमेरिका के डेनवर शहर में रहने लगी. फिर भी वे फिल्मों के लिए भारत आती-जाती रही. देवदास उनकी आखिरी बड़ी फिल्म थी, जिसकी शूटिंग उन्होंने दोनों बेटों (अरिन और रयान) के जन्म से पहले पूरी की थी. फिल्म देवदास शरतचंद्र चट्टोपाध्याय के प्रसिद्ध उपन्यास पर आधारित थी. इसमें माधुरी दीक्षित ने चंद्रमुखी का रोल किया, ऐश्वर्या राय ने पारो और शाहरुख खान ने देवदास का किरदार निभाया. मूल कहानी में चंद्रमुखी और पारो कभी मिलती ही नहीं हैं, लेकिन संजय लीला भंसाली ने फिल्म में उन्हें मिलाया और 'डोला रे डोला' गाने में दोनों के बीच यादगार डांस मुकाबला दिखाया. इस फैसले से कुछ पारंपरिक लेखकों को थोड़ी निराशा हुई, लेकिन दर्शकों को यह सीन बहुत पसंद आया. इस गाने का म्यूजिक इस्माइल दरबार ने दिया, बोल नुसरत बदर के थे और स्वर कविता कृष्णमूर्ति, श्रेया घोषाल तथा केके ने दिए थे.

माधुरी और सरोज खान का लंबा सफर

माधुरी दीक्षित और सरोज खान का जोड़ी का रिश्ता बहुत पुराना और सफल रहा है. 1988 की फिल्म तेजाब के 'एक दो तीन चार' गाने से लेकर 2018 की फिल्म कलंक के 'तबाह हो गए' तक दोनों ने कई यादगार डांस सांग्स दिए. सरोज खान का 3 जुलाई 2020 को निधन हो गया था. अब माधुरी दीक्षित का स्पष्ट बयान आने के बाद यह विवाद शांत हो गया लगता है.

bollywood
अगला लेख