Begin typing your search...

Big B की वजह से फिल्मों में आए Prasoon Joshi, KBC में बताया कैसे मिला पहला गाना, 'मां' और 'अर्जियां' गाने के बनने की कहानी भी सुनाई

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में इस बार सुनिधि चौहान और प्रसून जोशी खास मेहमान बनकर पहुंचे. शो के दौरान सुनिधि ने अमिताभ बच्चन को अपना पहला क्रश बताया, तो प्रसून जोशी ने खुलासा किया कि फिल्मों में लिखने का मौका उन्हें अमिताभ बच्चन की वजह से मिला था.

kaun Banega crorepati season 18  amitabh bachchan sunidhi chauhan prasoon joshi
X

Kaun Banega Crorepati : टीवी का लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ इन दिनों दर्शकों के बीच काफी चर्चा में है. शो में अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपने अंदाज में कंटेस्टेंट्स से सवाल पूछते नजर आ रहे हैं. इस बार शो में संगीत और सिनेमा की दुनिया से जुड़ी दो खास हस्तियां सुनिधि चौहान और प्रसून जोशी मेहमान बनकर पहुंचे. दोनों ने अमिताभ बच्चन के साथ अपने करियर और उनसे जुड़ी यादों को साझा किया.

शो के दौरान सुनिधि चौहान ने अमिताभ बच्चन को लेकर ऐसा खुलासा किया, जिसके बाद वह खुद भी शर्माती नजर आईं. सुनिधि ने कहा कि उन्होंने अमिताभ बच्चन को कई अलग-अलग किरदारों में देखा है और उनके लिए बिग बी किसी ‘सांता क्लॉज’ से कम नहीं हैं. उन्होंने कहा- आप मेंरे लिए मेरे पहले क्रश हैं.

सुनिधि की यह बात सुनकर अमिताभ बच्चन भी मजाकिया अंदाज में जवाब देने से खुद को रोक नहीं पाए. उन्होंने कहा, “आपको हमसे क्रश था, ये अब बात रही हैं आप. तब नहीं बताया.” अमिताभ के इस जवाब के बाद सुनीधि चौहान के चेहरे पर शर्माहट साफ नजर आई. शो का माहौल भी काफी हल्का-फुल्का और खुशनुमा हो गया.

इसके बाद प्रोमो में सुनिधि चौहान अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘डॉन’ से मशहूर गाना ‘ये मेरा दिल’ गाती नजर आती हैं. यह गाना मूल रूप से 1978 में आई फिल्म ‘डॉन’ में भी था, जिसमें अमिताभ बच्चन ने लीड किरदार निभाया था.

जब अमिताभ बच्चन से प्रसून जोशी बोले- फिल्मों में लिखने की शुरुआत आपकी वजह से हुई

शो में प्रसून जोशी ने अमिताभ बच्चन के साथ अपने पुराने रिश्ते और करियर की शुरुआत से जुड़ा एक बेहद खास किस्सा भी सुनाया. उन्होंने बताया कि फिल्मों के लिए लिखने की शुरुआत करने में अमिताभ बच्चन की अहम भूमिका रही. प्रसून जोशी ने अमिताभ बच्चन से कहा, “आपकी वजह से मैंने फिल्मों में लिखना शुरू किया. आपने एक पत्र लिखा मुझे. एक एलबम मैंने किया था, जिसमें एक गीत था- माटी. उस सॉन्ग की वजह से राजकुमार संतोषी जी ने मुझसे संपर्क किया... लज्जा फिल्म के लिए.. वो मेरा पहला गीत, जो मैंने लिखा, वो आपकी वजह से... क्योंकि आपने उन्हें बताया कि कोई व्यक्ति लिख रहा है दिल्ली में... उसको अप्रोच किया जाए.”

इस दौरान प्रसून जोशी ने ‘तारे जमीन पर’ से जुड़े अपने चर्चित गीत की पंक्तियां भी गाकर सुनाईं. उन्होंने कहा, “जब भी कभी पापा मुझे जोर-जोर से झूला झुलाते हैं न मां...” इसके बाद उन्होंने उस गीत के पीछे छिपी अपनी निजी भावना के बारे में भी विस्तार से बताया.

‘मां’ वाले गीत के पीछे थी प्रसून जोशी की अपनी याद

प्रसून जोशी ने बताया कि उनसे अक्सर पूछा जाता है कि उन्होंने मां पर इतना भावुक गीत किस अनुभव के आधार पर लिखा था. उनके मुताबिक, किसी भी रचना में वही भाव सबसे ज्यादा असर करता है, जिसे इंसान ने खुद महसूस किया हो. जोशी ने कहा, “मुझसे अक्सर कहा जाता है कि ये मां पर आपने लिखा था तो इसका कोई संग था क्या... जो सत्य आपने स्वयं अनुभव किया हो, सबसे सही वही लिखना होता है. मेरी मदर एक टीचर थीं. उन्हें एक टीचर प्रोग्राम में जाना था. मुझे पहली बार लगा कि मां नहीं होगी. मां जा रही है...”

इसके बाद उन्होंने अपनी कविता की भावुक पंक्तियां सुनाईं, “मैं कभी बतलाता नहीं, पर अंधेरे से डरता हूं मैं मां... यूं तो मैं दिखलाता नहीं, तेरी परवाह करता हूं मैं मां, तुझे सब है पता, है न मां.” प्रसून जोशी की इस बात ने शो के माहौल को भावुक कर दिया. उन्होंने बताया कि मां से जुड़ी यह भावना उनके लिए किसी कल्पना से ज्यादा एक वास्तविक अनुभव थी.

‘अर्जियां’ लिखना भी आसान नहीं था

अमिताभ बच्चन ने जब प्रसून जोशी से पूछा कि उनके लिए सबसे कठिन गाना कौन-सा था, जिसके लिए शब्द लिखना चुनौती बन गए थे, तो उन्होंने ‘अर्जियां’ का नाम लिया. प्रसून जोशी ने बताया कि इस गीत के अंतिम हिस्से को लिखने में उन्हें काफी समय लगा. उन्होंने कहा, “एक गीत है- अर्जियां. मैंने अंत में लिखा. एक साल तक मुझे ये समझ नहीं आ रहा था कि भक्ति पर ऐसा क्या नया मिलाऊं...” इसके बाद जोशी ने बताया कि एक दिन अचानक उनके मन में एक तस्वीर आई. वह अपने बचपन के दिनों में रामपुर में रहते थे और स्कूल जाने के रास्ते में एक दरगाह पड़ती थी. वहां उन्हें अक्सर एक बेहद बुजुर्ग महिला दिखाई देती थीं.

जोशी ने कहा, “वहां एक बहुत ही बूढ़ी महिला मुझे हर बार दिखाई देती थी. उनके माथे पर ऐसा लगता था कि कुछ लकीरें थी.. मुझे ऐसा लगा कि वे लकीरें एक तरह से दरारे हैं, जिन्हें वह कह रही हों कि इनकी मरम्मत कर दो...” इसी कल्पना ने उन्हें ‘अर्जियां’ के अंत की पंक्तियां लिखने की प्रेरणा दी. उन्होंने एआर रहमान से कहा था, “अर्जियां सारी मैं चेहरे पर लिखकर लाया हूं. तुझसे क्या मांगू तुम खुद ही समझ लो मौला.” इस दौरान उन्होंने अमिताभ बच्चन को हिंदी का गौरव और हिंदी की गरिमा को प्रस्तुत करने के लिए बधाई भी दी.

अमिताभ बच्चन ने भी गाया ‘रंग बरसे’

शो में सिर्फ सुनिधि चौहान की आवाज ही नहीं गूंजी, बल्कि अमिताभ बच्चन भी अपने लोकप्रिय गीत ‘रंग बरसे भीगे चुनर वाली’ गाते नजर आए. सुनिधि ने उनसे यह मशहूर गीत गाने के लिए कहा. अमिताभ बच्चन के गाने के बाद सुनिधि चौहान ने भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा. इस दौरान सेट पर मौजूद लोग भी खुशी से झूमते नजर आए.

24 घंटे तक KBC के लिए काम कर रहे हैं अमिताभ बच्चन

अमिताभ बच्चन लंबे समय से ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की पहचान बन चुके हैं. अलग-अलग पीढ़ियों के दर्शक उन्हें इस शो के होस्ट के रूप में पसंद करते हैं. उम्र के इस पड़ाव पर भी वह शो के लिए लगातार काम कर रहे हैं. अपने हालिया ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने बताया कि उन्होंने KBC के लिए करीब 24 घंटे तक लगातार काम किया. उन्होंने लिखा, “... आहा... समय रहते काम पूरा कर लिया... आज सुबह 7 बजे काम खत्म किया... जो कल सुबह 7 बजे शुरू हुआ था... लेकिन इसे सही समय पर पेश करना और पूरा करना ज़रूरी था... इसलिए कर दिखाया... पर उससे भी ज़्यादा राहत इस बात की है कि ब्लॉग और Ef के साथ रोज़ाना का रूटीन फिर से जुड़ गया...”

अमिताभ ने आगे लिखा, “अब मैं आराम करने जा रहा हूं, कुछ खा-पी लूंगा और थोड़ी देर सो जाऊंगा, क्योंकि कल, यानी 6 अगस्त को मुझे सुबह जल्दी उठना है. KBC के पहले ब्रॉडकास्ट की तारीख़ का ऐलान हो गया है और अगर मैं उससे चूक गया, तो मेरी जगह किसी और को काम पर रख लिया जाएगा... इसलिए अब जो ज़रूरी है, वह करने जा रहा हूं.”

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का प्रसारण Sony Entertainment Television और Sony LIV पर हो रहा है. इस एपिसोड में सुनिधि चौहान और प्रसून जोशी के साथ अमिताभ बच्चन की बातचीत ने संगीत, फिल्मों और निजी यादों का खूबसूरत मेल देखने को मिला.

bollywood
अगला लेख