'मैं अपने भगवान को धोखा दे रही हूं', असीम रियाज और धर्म पर हिमांशी खुराना के बयान को लेकर मचा बवाल; अब सफाई में क्या बोलीं?
हिमांशी खुराना ने धर्म और असीम रियाज से जुड़े अपने पुराने रिश्ते पर पॉडकास्ट में दिए बयान को लेकर हो रही चर्चा पर सफाई दी है. उन्होंने कहा कि उन्होंने सिर्फ अपना निजी अनुभव साझा किया था और किसी के बारे में गलत नहीं कहा. बात को जरूरत से ज्यादा बड़ा बनाया जा रहा है.
Asim Riaz और Himanshi Khurana
पंजाबी अभिनेत्री और Bigg Boss 13 की कंटेस्टेंट हिमांशी खुराना एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनके पुराने रिश्ते और धर्म को लेकर हाल में दिए गए एक बयान पर सोशल मीडिया में हो रही बहस है.
हिमांशी ने अब इस पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि उनकी निजी जिंदगी के एक छोटे से अनुभव को मीडिया ने बहुत बड़ी बहस बना दिया है. अभिनेत्री ने इस पूरे मामले को 'Storm in a teacup' यानी छोटी सी बात का बड़ा मुद्दा बन जाना बताया.
इंस्टाग्राम स्टोरी पर दी सफाई
16 अगस्त को हिमांशी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट शेयर किया. इसमें उन्होंने अपने हालिया पॉडकास्ट इंटरव्यू को लेकर हो रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी. हिमांशी ने कहा कि पॉडकास्ट में उन्होंने अपनी जिंदगी के एक अनुभव के बारे में बात की थी. किसी के बारे में बुरा नहीं कहा था. इसके बावजूद उनके बयान को लेकर बड़ी सार्वजनिक बहस शुरू हो गई. उन्होंने इसे मामूली चर्चा बताते हुए कहा कि मीडिया ने इसे जरूरत से ज्यादा बड़ा बना दिया है.
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
दरअसल, विवाद की शुरुआत हिमांशी के Paras Chhabra के पॉडकास्ट में शामिल होने के बाद हुई. बातचीत के दौरान उनसे उनके और असीम रियाज के रिश्ते से जुड़े एक पुराने दावे के बारे में सवाल किया गया. हिमांशी से पूछा गया था कि क्या असीम के साथ रिश्ते के दौरान वह किसी दूसरे धर्म को अपनाने पर विचार कर रही थीं.
इस सवाल पर हिमांशी ने 'कन्वर्जन' शब्द इस्तेमाल करने से इनकार किया. उन्होंने बताया कि सामने वाला व्यक्ति उन्हें अपने धर्म की अच्छी बातें समझा रहा था और चाहता था कि वह उन बातों को समझें और स्वीकार करें. हालांकि, हिमांशी ने साफ किया कि वह इसके लिए तैयार नहीं थीं.
'मुझे मंजूर नहीं था'
हिमांशी के मुताबिक, उन्हें अपने धर्म से जुड़ी मान्यताओं और आस्था के साथ समझौता करने जैसा महसूस हो रहा था. उन्होंने बताया कि उस समय उनके मन में यह भावना भी आई कि कहीं वह अपने भगवान को धोखा तो नहीं दे रही हैं. अभिनेत्री ने उस दौर को याद करते हुए यह भी बताया कि उनके मन में चार धाम की यात्रा करने और मंदिरों के दर्शन पूरे करने का विचार आया था. उनके मुताबिक, उस समय की भावनाएं ऐसी थीं जैसे वह किसी चीज को अलविदा कहने की तैयारी कर रही हों.
हालांकि, हिमांशी ने बातचीत में असीम रियाज का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया. इसके बावजूद सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके बयान को दोनों के पुराने रिश्ते से जोड़ना शुरू कर दिया.
हिमांशी ने किसी तरह के दुर्व्यवहार से किया इनकार
हिमांशी की बातचीत में एक बात साफ थी कि उन्होंने इस मामले में किसी तरह के दुर्व्यवहार या खराब व्यवहार का आरोप नहीं लगाया. उनकी बात मुख्य रूप से उस व्यक्तिगत अनुभव और भावनात्मक स्थिति पर केंद्रित थी, जिससे वह उस समय गुजर रही थीं. इसके बावजूद बयान सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया और धर्म व उनके पुराने रिश्ते को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं.
असीम रियाज और हिमांशी की लव स्टोरी
हिमांशी और असीम रियाज का रिश्ता Bigg Boss 13 के दौरान सुर्खियों में आया था. हिमांशी शो में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल हुई थीं. शो में आने के समय वह अपने तत्कालीन बॉयफ्रेंड चाउ के साथ सगाई कर चुकी थीं. हालांकि, शो के दौरान असीम के साथ उनकी नजदीकियां बढ़ीं और बाद में दोनों ने अपने रिश्ते को आगे बढ़ाया. Bigg Boss से बाहर आने के बाद भी दोनों लंबे समय तक साथ रहे. दोनों का रिश्ता करीब चार साल चला.
2023 में हुआ था ब्रेकअप
साल 2023 में हिमांशी और असीम ने अपने रिश्ते को खत्म करने की घोषणा की थी. दोनों ने अलग होने की वजह अलग-अलग धार्मिक मान्यताओं को बताया था. इसके बाद से दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं, लेकिन हालिया पॉडकास्ट में हिमांशी की कही बातों ने एक बार फिर उनके पुराने रिश्ते को चर्चा में ला दिया.
अब हिमांशी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देकर यह स्पष्ट करने की कोशिश की है कि उन्होंने पॉडकास्ट में अपनी निजी जिंदगी के एक अनुभव के बारे में बात की थी और किसी व्यक्ति या समुदाय को निशाना बनाने का उनका इरादा नहीं था. उनकी 'Storm in a teacup' वाली टिप्पणी से साफ है कि वह इस पूरे विवाद को उतना बड़ा मुद्दा नहीं मानतीं, जितना सोशल मीडिया और मीडिया में इसे बनाया जा रहा है.




